Betul Exit Poll : बैतूल में फिर भाजपा की वापसी के आसार
Betul Exit Poll: BJP likely to return again in Betul

शहरों में भाजपा का दबदबा कायम रहेगा, ग्रामीण क्षेत्रों में बराबरी की टक्कर
Betul Exit Poll : (बैतूल)। गत 17 नवंबर को मिलेगी पांचों विधानसभा सीटों मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सभी की निगाहें 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी है, लेकिन सांझवीर टाईम्स चुनावों में अपनी प्रयोगधर्मी पत्रकारिता के प्रयासों को जारी रखते हुए इस बार भी सटीक एग्जिट पोल करने के बाद आम लोगों के सामने कुछ नया करने का प्रयास कर रहा है।
उम्मीद है पाठकों और जिले के लोगों को हमारा यह प्रयास पसंद आएगा। एग्जिट पोल की शुरुआत जिला मुख्यालय बैतूल की सबसे चर्चित और हॉट सीट से कर रहे हैं। सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल में इस बार भाजपा वापसी करते दिखाई दे रही है। यहां भाजपा से हेमंत खंडेलवाल और कांग्रेस से निलय डागा मैदान में है। एग्जिट पोल के मुताबिक निर्दलीय प्रत्याशी यहां अपनी छाप छोडऩे में कामयाब होते दिखाई नहीं दे रहे हैं।
बैतूल सीट पर ऊंट किस करवट बैठेगा यह बात कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा कोई भी दांवे से नहीं कह पा रहा है। कार्यकर्ता होने के कारण दोनों ही पार्टी के लोग अपनी जीत को लेकर तमाम दांव कर रहे हैं, लेकिन दो में से किसी एक की हार तय है। चौक-चौराहों पर जिस तरह बैतूल विधानसभा में जीत के लिए जिस तरह शर्ते लगी है,इससे पूरा माहौल गरमाया हुआ है। कहा तो यह भी जा रहा है कि बैतूल सीट पर अब तक का सबसे महंगा चुनाव हुआ है, इसलिए यहां की हार-जीत अन्य सीटों पर भी असर करेंगी। सांझवीर टाईम्स ने एग्जिट पोल की परंपरा को कायम रखते हुए बैतूल विधानसभा के शहरी और ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर करीबी आंकलन करने का प्रयास किया है।
- Also Read : Betul Congress News : कांग्रेस की सरकार देगी बेटी विवाह योजना में 1 लाख 1 हजार रुपए : सुभाष पांडे
बैतूल शहर में फिर भाजपा का दबदबा
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल में बैतूल शहर पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजर टिकी हुई है। बैतूल शहर में कुल 92 हजार 190 मतदाता है। इनमें से करीब 70 हजार 698 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट के लिहाज से बैतूल शहर में लगभग 77.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। सांझवीर टाईम्स के बैतूल शहर में सटीक एग्जिट पोल के आंकलन में जो तस्वीर उभर कर आई है। वह भाजपा के लिए फायदेंमंद दिखाई दे रही है। अनुमान के मुताबिक शहर में भाजपा को लगभग 55.5 प्रतिशत तो कांग्रेस को 44.6 प्रतिशत वोट मिलने के अनुमान है। यदि शहर में हार-जीत की बात करें तो भाजपा यहां से लगभग 6 से 7 हजार वोटों से आगे रह सकती है।
कई वार्डों में दिखेगा उलट फेर
सांझवीर टाईम्स के सटीक एग्जिट पोल में बैतूल शहर के कई वार्डों में चौकाने वाले परिणाम आ सकते हैं। भाजपा के परंपरागत माने जाने वाले कई वार्डों में कांग्रेस सेंधमारी करते हुए दिखाई दे रही है। इनमें कई दिग्गजों के वार्ड भी शामिल हैं। भले ही इन वार्डों में भाजपा को लीड मिल रही है, लेकिन गत निकाय चुनाव की अपेक्षा वोट का अंतर कम हो सकता है। हालांकि कांग्रेस के लिए खुशी मनाने का अवसर इसलिए नहीं मिल सकता है कि 2008 के विधानसभा चुनाव की अपेक्षा कांग्रेस अपना जनाधार खोते हुए दिखाई दे रही है तो भाजपा बीते निकाय चुनाव में मिली लीड को कायम नहीं रख पा रहे हैं। लिहाजा वार्डों में उलटफेर से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। भाजपा भी कांग्रेस के कुछ परंपरागत वार्डों में सेंधमारी कर सकती है।
बैतूल बाजार में भाजपा का दबदबा कायम
बैतूलबाजार वैसे तो भाजपा का गढ़ कहा जाता है, लेकिन इस मर्तबा यहां से निकली चर्चा जिला मुख्यालय पहुंची है। इन चर्चाओं पर यकीन करें तो कहा जा रहा है कि कांग्रेस भाजपा के किले में सेंधमारी कर रही है, लेकिन सांझवीर के एग्जिट पोल में भाजपा काफी आगे रह सकती है। भाजपा को यहां करीब 55.2 प्रतिशत तो कांग्रेस को 45 प्रतिशत वोट मिलने के आसार है। गत निकाय चुनाव में बैतूल बाजार में भाजपा ने 15 में से 12 वार्डों पर फतह हासिल की थी। हालांकि एग्जिट पोल में निकाय चुनाव की बढ़त भाजपा बरकरार नहीं रख पा रही है। वैसे कांग्रेस ने यहां भाजपा के किले में सेंधमारी के अच्छे प्रयास किए हैं।
आठनेर में करीबी मुकाबले में भाजपा आगे
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल पर नजर दौड़ाए तो आठनेर नगर परिषद के पंद्रह वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच काफी करीबी मुकाबला है। कोई दांवे से यह नहीं कह सकता है कि आठनेर में ऊंट किस करवट बैठेगा, लेकिन मामूली मतों से यहां भी भाजपा के आगे रहने के आसार है। नगर परिषद के 15 वार्डों में इस समय 9 पार्षद भाजपा और 6 कांग्रेस के मौजूद है। नगर परिषद के बीते चुनाव में यहां भाजपा ने बाजी मारी थी, लेकिन कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में मुकाबला बराबरी पर ला दिया है। एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा आठनेर से करीब 200 से 400 मतों तक आगे रह सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में करीबी मुकाबला
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के बीच काफी करीबी मुकाबला है, लेकिन विधानसभा के सभी गांवों में पहुंची सांझवीर टाईम्स की टीम के आंकलन पर यकीन करें तो इन क्षेत्रों से भी भाजपा आगे रह सकती है। कांग्रेस कुछ अंचलों में आगे है, लेकिन कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां भाजपा ने कांग्रेस के वोट बैंक पर सेंधमारी कर बढ़त हासिल करी है। भाजपा जिन क्षेत्रों में आगे रह सकती है, इनमें बैतूल से खेड़ीसांवलीगढ़ के आगे तक, बैतूल से खंडारा मार्ग, बैतूल से कोसमी होते हुए गढ़ा, कुम्हली, जीन, बैतूल से सोनाघाटी, कढ़ाई और आसपास के गांव, बैतूल से मलकापुर किला खंडारा, बुंडाला के आसपास, आठनेर क्षेत्र के मूसाखेड़ी, निरगुड़, पुसली, मांडवी, बैतूल से बडोरा होते बारव्हीं शामिल हैं। जबकि कांग्रेस भवानी तेड़ा से कोलगांव मार्ग पर, बैतूल से सीवनपाठ, सातनेर, हीवरा, सावंगी क्षेत्र, बैतूल से सांईखंडारा, जैतापुर से लेकर नाहिया तक मजबूत रहने के आसार है।
कर्मचारियों पर कांग्रेस पर भरोसा बरकरार
सांझवीर के एग्जिट पोल में चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बैतूल विधानसभा में लगभग 2600 कर्मचारियों ने बैलेट पेपर से मतदान किया है। हमने कर्मचारियों से भी गुप्त रूप से अपनी राय लेकर एग्जिट पोल में शामिल कराया। बैतूल विधानसभा से लगभग 60 प्रतिशत कर्मचारियों ने कांग्रेस को वोट देकर भरोसा जताया है। यदि भाजपा की बात करें तो महज 34 प्रतिशत कर्मचारियों ने वोट दिया है। जबकि 4.1 प्रतिशत वोट निर्दलीय और 1.8 प्रतिशत वोट जयस के प्रत्याशी को मिल सकते हैं। यानी इस बार भी कांग्रेस पर कर्मचारियों ने अधिक भरोसा जताया है।




