Betul Samachar: निर्माणाधीन डैम से हर दिन सैकड़ों ट्राली बेशकीमती खनिज संपदा का दोहन

Betul News: Hundreds of trolleys of precious mineral wealth are extracted every day from the dam under construction

हमलापुर में 13 ट्रैक्टर ट्रालियों, 3 जेसीबी मशीन से खुलेआम खनन, ईट भट्टे पर पहुंचने का क्रम जारी, प्रशासन मौन

Betul Samachar: बैतूल। शहर के हमलापुर क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा निर्माणाधीन डेम अब अवैध खनन का केंद्र बनता जा रहा है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों ट्राली मिट्टी, बेस व अन्य बहुमूल्य खनिज सामग्री अवैध रूप से निकाली जा रही है। ये खनिज संपदा चोरी-छिपे ईंट भट्टों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। इस पूरे मामले में खनिज विभाग, कलेक्टर और एसडीएम को गुप्त रूप से की गई शिकायत ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

शिकायत के मुताबिक हमलापुर निवासी शिवनारायण प्रजापति द्वारा डेम से अवैध रूप से मिट्टी निकाली जा रही है। इस कार्य में 13 ट्रैक्टर-ट्रालियों और 3 जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब तक अनुमानित 600 से 700 ट्राली मिट्टी निकाली जा चुकी है, जिसे शहर के पहाड़ी रोड स्थित एस.एन.पी. ईंट उद्योग में जमा किया गया है। इस ईंट भट्टे पर फिलहाल लगभग 20 से 25 लाख रुपये की ईंटों का अवैध स्टॉक मौजूद होने की बात कही गई है।

जिम्मेदारों की मिलीभगत से फल-फूल रहा कारोबार

शिकायत में स्पष्ट रूप से आरोप लगाए गए हैं कि इस अवैध गतिविधि को कुछ स्थानीय ट्रैक्टर और जेसीबी मालिकों के साथ-साथ प्रभावशाली व्यक्तियों के गठजोड़ से अंजाम दिया जा रहा है। जेसीबी मालिकों में राकेश प्रजापति और कृष्णा यादव के नाम सामने आए हैं, वहीं मिट्टी ढोने में प्रयुक्त ट्रालियों के संचालकों में राजेश यादव, नीलेश पंवार, कन्हैया पंवार, अजय प्रजापति, योगेश प्रजापति, संतोष प्रजापति, राकेश प्रजापति, रितेश मालवी, मोहित मालवी और श्याम प्रजापति जैसे नाम प्रमुखता से शामिल हैं।

डेम निर्माण की आड़ में खनिज संपदा की लूट

शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि डेम निर्माण की आड़ में कीमती खनिजों की लूट जारी है। न तो इस मिट्टी के उत्खनन का कोई वैध अनुमति पत्र उपलब्ध है, और न ही खनिज विभाग ने अब तक कोई निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की है। यही कारण है कि लाखों की खनिज संपदा का हिसाब-किताब कहीं दर्ज नहीं है, और यह सारा माल दिनदहाड़े क्षेत्र के ईंट भट्टों तक पहुंचाया जा रहा है।

जनता की मांग: हो उच्च स्तरीय जांच, भट्टा सील कर दोषियों पर हो कार्रवाई

स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बिना अनुमति के डेम से खनिज सामग्री निकालना न केवल गैरकानूनी है बल्कि यह सरकारी संपत्ति की खुली लूट भी है। नागरिकों की मांग है कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर निरीक्षण करें, ईंट भट्टे को तत्काल सील किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इतने बड़े पैमाने पर खनिज चोरी के बावजूद अभी तक किसी अधिकारी द्वारा मौके का निरीक्षण तक न किया जाना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो न केवल राजस्व का नुकसान होगा, बल्कि यह अवैध खनन का मॉडल अन्य क्षेत्रों में भी फैल सकता है।

इनका कहना…

मुझे इस बार में आपके माध्यम से जानकारी मिली है। यदि हमलापुर में अवैध मुरम खनन हो रहा है तो हम शीघ्र ही जांच करेंगे। दो दिन पहले ही हमने यहां पर कार्रवाई की थी।

मनीष पालेवार, उपसंचालक, खनिज विभाग बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button