Betul Municipality News : निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक को लेकर एक दूसरे पर टालमटोली

Betul Municipality News: Avoidance of each other regarding review meeting of construction works

सीएमओ के निर्देश पर ईई ने नहीं ली बैठक, बोले- पहले जनता से जुड़े काम भी जरूरी

Betul Municipality News : (बैतूल)। बैतूल नगरपालिका के अधिकारी कितने गजब है, इसका उदाहरण सोमवार को एक बार फिर देखने को मिल गया। दरअसल शहर में सब इंजीनियरों द्वारा कागजों पर काम शुरू होने की भ्रामक जानकारी पर अवकाश पर लौटे सीएमओ ने ईई को बैठक लेकर समीक्षा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ईई अपने काम में ऐसे उलझे की सोमवार बैठक नहीं ली। अब मंगलवार को वे कह रहे हैं कि जनता के काम के लिए भोपाल जाना है, इसलिए बैठक आज नहीं होगी। उनकी बातों से मतलब साफ है कि निर्माण कार्य से जुड़े मामले महत्वपूर्ण नहीं है। कुल मिलाकर एक-दूसरे पर टालकर अधिकारी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।

बैतूल नगरपालिका में अफसरशाही किस कदर हावी है। यह बात किसी से नहीं छिपी है। सब भी अपने आप को राजनेताओं का करीबी बताकर सीधे आम लोगों से ही धोखा करने से नहीं चूक रहे हैं। चौकाने वाली बात तो यही है कि इन्हीं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता वाले कामों को अधिकारी बड़े आसानी से ठेंगा दिखा दे रहे हैं। जनप्रतिनिधि व्यस्तता के कारण ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। इसका सीधा फायदा बैतूल नगरपालिका के ईई से लेकर एई और सब इंजीनियर उठा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से जिस तरह से शहर के लोगों की नाराजगी सामने आई है, इसके बाद नगरपालिका के जिम्मेदार अधूरे काम को पूरा बताकर खुद कटघरे में आ खड़े हुए हैं।

सांझवीर ने उठाया मुद्दा तो होने था बैठक

जानकारी सामने आई है कि बीते दिनों सांझवीर टाईम्स ने शहर के 33 वार्डों में पिछले कुछ माह पहले स्वीकृत हुए निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का मामला उठाया था। मामलों की पड़ताल की थी तो वास्तविकता सामने आई थी कि नगरपालिका के ईई के पास सब इंजीनियरों ने 145 में से 131 काम शुरू होने की जानकारी दे दी थी। चारों सब इंजीनियरों यह जानकारी देकर न सिर्फ स्थानीय सांसद, विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष बल्कि सीएओ को भी गुमराह करने का प्रयास किया। दरअसल जिन 131 कामों के शुरू होने की बात कहीं जा रही थी, इनमें से अधिकांश काम शुरू ही नहीं हो सके। इसी बात को लेकर सांझवीर टाईम्स ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया तब नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने निर्माण कार्यों की प्रगतिवार रिपोर्ट तलब की थी।

व्यस्तता के कारण नहीं हुई बैठक

सूत्रों के अनुसार अवकाश से लौटने के बाद सीएमओ ने ईई को निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आहूत करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए सोमवार शाम 5 बजे का समय निर्धारित कर दिया गया। कहा जा रहा है कि अधिकांश सब इंजीनियर और कर्मचारी बैठक के लिए पहुंच भी गए, लेकिन लंबे समय बाद अवकाश से लौटे ईई ने आदत के अनुसार अचानक समीक्षा बैठक रद्द कर दी। बैठक रद्द करने के पीछे अलग-अलग राग अलापा जा रहा है। कहा जा रहा है कि कोई महत्वपूर्ण काम से भोपाल जाने के कारण बैठक नहीं हो पाई, जबकि दूसरा तर्क दिया जा रहा है कि किसी साइड पर जरूरी काम आने से समीक्षा बैठक सोमवार को रद्द करना पड़ा।

मटेरियल डला, मतलब काम शुरू

इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद नौकरी के दौरान इंजीनियरों को मीन-मेख के साथ कमी निकालना पड़ता है, लेकिन बैतूल नगरपालिका के सब इंजीनियरों से नया पाठ पढ़ने को मिला है कि निर्माण कार्य के लिए यदि मटेरियल डल गया है तो काम शुरू हो गया है। यानी मटेरियल डलने के चार माह बाद संबंधित काम शुरू होता है तो उसे भी इस अवधि में शुरू माना जाएगा। ऐसे में संबंधित काम 6 माह से 1 साल में शुरू हो तो किसकी गलती मानी जाएगी, यह कोई बताने को तैयार नहीं है, लेकिन समीक्षा बैठक के पहले इस तरह की चौकाने वाला तर्क सभी के कान खड़े कर रहा है।

इनका कहना…
ईई साहब से चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि कल किसी साइड पर परेशानी आने के कारण समीक्षा बैठक नहीं हो पाई। यह बैठक अब बुधवार को होगी।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नपा बैतूल।
जरूरी काम में व्यस्त होने और मंगलवार को आम लोगों के हित के कामों के लिए भोपाल जाना पड़ रहा है, इसलिए बैठक नहीं हो पाई।
महेशचंद्र अग्रवाल, ईई नपा बैतूल।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button