Betul News: घरों के सामने गड्ढे, वाहनों का पानी अंदर तक, अब धरने की तैयारी

डेढ़ साल से बंद पड़ा सड़क निर्माण, पुराना टेंडर निरस्त होने के बाद नया टेंडर भी नहीं; दो दर्जन परिवार परेशान, एसटीडी चौक और ठेकेदार के घर के सामने धरने की चेतावनी
Betul News: बैतूल। शंकर वार्ड और विवेकानंद वार्ड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर प्रकाशित खबर के बाद भी हालात नहीं बदले हैं। सड़क निर्माण का पुराना टेंडर निरस्त हुए करीब डेढ़ साल बीत चुका है, लेकिन अब तक नया टेंडर नहीं हो सका। नतीजा यह है कि बारिश में सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। घरों के सामने जमा पानी और कीचड़ वाहनों के गुजरने पर घरों के अंदर तक पहुंच रहा है।
करीब दो दर्जन परिवार इससे बेहद परेशान हैं। रहवासियों ने अब नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जल्द ही एसटीडी चौक और पुराने ठेकेदार के आवास के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की शिकायत विधायक हेमंत खंडेलवाल से करने की बात कही गई है।
टेंडर हुआ, काम नहीं; फिर निरस्त कर दिया गया
यह सड़क लंबे समय से निर्माण की बाट जोह रही है। पूर्व में सड़क निर्माण का टेंडर ठेकेदार पवन साहू को मिला था, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद सड़क निर्माण को लेकर विवाद और अतिक्रमण के साथ बिजली के पोल शिफ्टिंग का मामला सामने आया। इसी बीच टेंडर निरस्त कर दिया गया। अब स्थिति यह है कि पुराना टेंडर खत्म हो चुका है, लेकिन नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से सड़क का स्थायी निर्माण अटका हुआ है।
रहवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर नगर पालिका की ओर से गिट्टी और डस्ट तो डलवाई गई, लेकिन बारिश आते ही सड़क फिर गड्ढों में तब्दील हो गई। कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भरने से सड़क और घरों के बीच अंतर करना मुश्किल हो रहा है।
पार्षदों-ठेकेदारों के गठजोड़ के आरोप, पूर्व नपाध्यक्ष की भूमिका पर सवाल
सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में पार्षदों और ठेकेदारों के कथित गठजोड़ को लेकर भी नाराजगी है। आरोप लगाया जा रहा है कि सड़क का काम जिस तरह लंबे समय से अटका हुआ है, उससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर सवाल खड़े होते हैं।
मामले में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और वर्तमान विकास वार्ड के पार्षद आनंद प्रजापति की भूमिका को लेकर भी रहवासी सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क का ठेका दूसरे ठेकेदार से लेने के बाद भी काम आगे नहीं बढ़ सका। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।
पीआईसी में प्रस्ताव तक नहीं पहुंचा मामला
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के दो वार्डों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद इसके स्थायी निर्माण का प्रस्ताव अब तक पीआईसी की बैठक तक क्यों नहीं पहुंचा। पूर्व में प्रकाशित खबर में भी यह सामने आया था कि पीआईसी की बैठक में शंकर और विवेकानंद वार्ड की इस सड़क को लेकर कोई प्रस्ताव शामिल नहीं किया गया।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह सड़क रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद सड़क निर्माण को प्राथमिकता नहीं मिलना जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
गड्ढों में भरा पानी, घरों में पहुंच रहा कीचड़
बारिश के बाद सड़क की हालत और खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। चारपहिया वाहनों के गुजरने पर पानी और कीचड़ उछलकर आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रहा है।
रहवासियों का कहना है कि सड़क की यह स्थिति सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ा रही है। उनका सवाल है कि जब नगर पालिका को सड़क की बदहाली की जानकारी है तो अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी निर्माण के लिए नया टेंडर क्यों नहीं किया जा रहा।
- Also Read: Betul ki Khabar: बैतूल में आदिवासी जमीन की रजिस्ट्री पर सवाल, अधिसूचित क्षेत्र को गैर-अधिसूचित बताया
अब सड़क के लिए आर-पार की तैयारी
लगातार उपेक्षा से नाराज रहवासियों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी कर काम शुरू नहीं कराया गया तो एसटीडी चौक और पुराने ठेकेदार के आवास के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
रहवासियों ने कहा कि सड़क की समस्या अब नगर पालिका के कागजी प्रस्तावों से आगे निकल चुकी है। बारिश में लोगों के घरों तक पहुंच रहे कीचड़ और गड्ढों से परेशान परिवार अब जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगेंगे। इसके लिए विधायक हेमंत खंडेलवाल को भी पूरे मामले की जानकारी देकर सड़क निर्माण के लिए हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




