Betul Ki Khabar: बारिश के बावजूद नलों से गायब पानी, चार दिन से प्यासे कोठीबाजार के वार्ड
Betul Ki Khabar: Despite the rain, water is missing from the taps, the wards of Kothi Bazar are thirsty for four days

Betul Ki Khabar: बैतूल। शहकर के आसपास हो रही बारिश के चलते, एनीकेट और ताप्ती नदी पानी से लबालब हैं, फिर भी नगर पालिका नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रही है। कोठीबाजार क्षेत्र के आधा दर्जन वार्डों में पानी की सप्लाई पिछले चार दिनों से पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। सुबह शिद्दत के साथ लोग नलों के आने का इंतजार करते रहे लेकिन मायूसी ही हाथ लगी, पता चला कि रात्रि में ताप्ती बैराज इलाके में बिजली की सप्लाई बंद होने से एनीकेट तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। टँकीयों के खाली होने के चलते समस्या निर्मित हो गई। सुबह टँकीयों को भरना शुरू किया गया है। शाम तक सप्लाई का भरोसा दिया गया है।
बिना पानी के दैनिक कार्य प्रभावित
पूरे तीन दिन के अंतराल के बाद तिलक, देशबंधु, दुर्गा, मोती ,आजाद और आर्यपुरा वार्ड के लोगों को उम्मीद थी कि आज पानी की सप्लाई दे दी जाएगी। नलों के आने की उम्मीद में टंकियों और बाल्टियों के साथ लोग सुबह जल्दी उठकर सप्लाई का इंतजार करते रहे, लेकिन पानी नहीं आया। नाराज नागरिकों कावकहना था कि एनीकेट में जहां पानी व्यर्थ बह रहा है, वहीं घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं आ रही पानी सप्लाई को लेकर जब लोगों ने पम्प चालकों से जानकारी मांगी तो पम्प चालको का कहना पड़ा कि, मंगलवार रात ताप्ती बैराज में बिजली सप्लाई बाधित होने से फिल्टर प्लांट तक पानी नहीं पहुंच सका जिससे टंकियां भी नहीं भर पाई हैं।
टँकीयों को भरने का काम चल रहा है, संभावना है कि शाम तक प्रभावित वार्डों में पानी पहुंचेगा। मगर बीते चार दिनों से लगातार हो रही परेशानी ने लोगों को बेहद परेशान कर दिया है।लोगो को निस्तारी के पानी के लिए भी हेंडपम्पो और निजी नलकूपों पर निर्भर होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पानी के अभाव में बच्चों को भी बिना नहाए स्कूल भेजना पड़ रहा है।
अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि, बारिश के मौसम में एनीकेट से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जो बहकर व्यर्थ जा रहा है। यदि नपा प्रशासन योजना बनाकर इसका उपयोग करता, तो आम जनता को राहत मिल सकती थी। मगर जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी की वजह से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं। बारिश में भी पानी की आपूर्ति बाधित होने से नपा के प्रति आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।




