Betul News : पिछली बार बैतूल शहर ने निभाई थी निर्णायक भूमिका

Betul News: Last time Betul city played a decisive role

इसलिए दोनों दल का यही है फोकस, शहर के वार्डों में जगह-जगह घूम रहे प्रत्याशी

Betul News : (बैतूल)। हर बार की तरह बैतूल विधानसभा में इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच ही है। दोनों ही दलों ने इस बार भी अपने प्रत्याशी उन्हें ही बनाए हैं, जिन्हें पिछले चुनाव में मौका दिया गया था। लिहाजा, इस चुनाव में पिछले चुनाव की तरह इस बार भी बीजेपी से हेमंत खंडेलवाल और कांग्रेस से निलय डागा आमने-सामने हैं। इस बार दोनों ही प्रत्याशियों का पूरा फोकस बैतूल शहर पर है, क्योंकि पिछली बार चुनाव परिणाम में बैतूल शहर ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बैतूल विधानसभा सीट ने चौंकाने वाले नतीजे दिए थे। उस समय बीजेपी के तत्कालीन विधायक हेमंत खंडेलवाल को यहां से हार का मुंह देखना पड़ा था। उन्हें कुल 75072 वोट ही प्राप्त हो सके थे। वहीं विजयी प्रत्याशी निलय डागा ने 96717 वोट हासिल कर 21645 वोटों से भारी जीत हासिल करने में सफलता हासिल की थी।

इनके अलावा चुनाव मैदान में लता महस्की समेत दस अन्य उम्मीदवार भी थे, लेकिन यह सभी कुल मिलाकर 11225 मत ही हासिल कर पाए थे। कांग्रेस प्रत्याशी निलय डागा ने पिछले चुनाव में 21645 मतों की भारी बढ़त हासिल की थी। ग्रामीण क्षेत्रों से तो उन्हें बढ़त मिली ही थी, लेकिन पिछले चुनाव की खास बात यह थी कि बीजेपी का परंपरागत गढ़ माना जाने वाले शहरी क्षेत्र ने भी बीजेपी का साथ नहीं दिया था। शहर से भी कांग्रेस प्रत्याशी को अच्छी-खासी लीड मिली थी।

बताया जाता है कि पिछले चुनाव में बैतूल शहर में कुल 92 मतदान केंद्र थे। इनमें से 35 बूथों पर कांग्रेस प्रत्याशी निलय डागा को बीजेपी प्रत्याशी से ज्यादा मत मिले थे। यह अंतर इतना अधिक था कि बीजेपी प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल अधिक बूथों पर लीड लेने के बावजूद इस अंतर को नहीं पाट पाए थे। महावीर वार्ड बूथ नंबर 2 ऐसा था जहां दोनों ही प्रत्याशियों को बराबर-बराबर 210-210 मत मिले थे।

आजाद वार्ड बूथ-2 पर मिली थी लीड

कांग्रेस प्रत्याशी निलय को सबसे ज्यादा लीड आजाद वार्ड के बूथ नंबर 2 पर मिली थी। यहां उन्हें 605 मतों की लीड मिली थी। इस बूथ पर कुल 840 मत पड़े थे। जिनमें से निलय को 718 और हेमंत को 113 मत ही मिल सके थे। इसी वार्ड के एक अन्य बूथ पर भी निलय को 517 वोटों की लीड मिली थी। कांग्रेस प्रत्याशी को सबसे कम लीड अर्जुन वार्ड के 4 नंबर और जयप्रकाश वार्ड के 3 नंबर बूथ पर मात्र 1-1 वोट से मिली थी।

विवेकानंद वार्ड साबित हुआ था लक्की

दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल को सबसे ज्यादा लीड विवेकानंद वार्ड के बूथ नंबर 1 पर 379 मत की मिली थी। यहां कुल 856 वोट पड़े थे। जिनमें से निलय को 216 और हेमंत को 595 वोट मिले थे। वहीं सबसे कम लीड प्रताप वार्ड के 3 नंबर बूथ से मिली थी। यहां से उन्हें मात्र 7 वोटों की ही बढ़त मिल सकी थी। बहरहाल, बैतूल शहर के मतदाताओं ने पिछले चुनाव में साफ यह संदेश दे दिया था कि शहर का मिजाज भी बदल रहा है।

दूसरी ओर भाजपा यह मानकर चलती थी कि शहरी मतदाता भाजपा को ही सपोर्ट करते हैं। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस बार बैतूल शहर पर खासा ध्यान दे रहे हैं। दोनों ही प्रत्याशियों को बैतूल शहर के वार्डों की गलियों में रोजाना पसीना बहाते हुए देखा जा सकता है। भाजपा एक बार फिर शहर में अपनी पैठ बनाना चाह रही है वही कांग्रेस पिछले चुनाव की बढ़त को और बढ़ाना चाह रही है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button