Betul Samachar: टीएल बैठक में वन अफसरों की एंट्री अनिवार्य, विकास कार्यों की राह होगी आसान

वनभूमि वाले विकास कार्यों पर अब सीधे फैसला, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
Betul Samachar: बैतूल। जिले में विकास कार्यों से जुड़े प्रकरणों के त्वरित निराकरण और प्रशासन तथा वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय के लिए अब समय सीमा की बैठक में वन अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है।
प्रदेश शासन की ओर से सभी वन मंडल अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के पालन में अब वन विभाग के अधिकारी स्वयं टीएल बैठक में उपस्थित होकर विभाग से संबंधित मामलों के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
शासन के निर्देशों के अनुसार कलेक्ट्रेट में प्रशासन द्वारा आयोजित टाइम लिमिट की बैठक में वन अधिकारी स्वयं उपस्थित होने के निर्देश दिये गए थे। उनके स्थान पर प्रतिनिधि भेजने की व्यवस्था को प्रतिबंधित किया गया है।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्यों, विशेषकर वनभूमि प्रभावित होने वाले प्रकरणों की समीक्षा के दौरान वन अधिकारी संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय स्थापित कर मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
विकास कार्यों में समन्वय पर सरकार का जोर
निर्देशों में वन विभाग से संबंधित ऐसे बिंदुओं के भी आपसी समन्वय से निराकरण पर जोर दिया गया है, जिनका संबंध जिला प्रशासन अथवा अन्य विभागों से है। इसका उद्देश्य विभागीय स्तर पर लंबित मामलों को समय पर सुलझाना और विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब को कम करना है।
निर्देशों के बाद वन अधिकारियों की टीएल बैठक में प्रत्यक्ष मौजूदगी दिखाई देने लगी है। अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेकर बैठक में पहुंच रहे हैं और संबंधित विभागों के साथ चर्चा कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
प्रतिनिधियों की व्यवस्था हो गई खत्म
गौरतलब है कि पूर्व में कई बार वन अधिकारियों की जगह प्रतिनिधि बैठक में शामिल होते थे। ऐसे में कुछ मामलों में तत्काल निर्णय और विभागीय समन्वय में अपेक्षित गति नहीं मिल पाती थी। अब वरिष्ठ अधिकारियों की सीधे मौजूदगी से प्रकरणों के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। यह व्यवस्था प्रशासन और वन विभाग के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इनका कहना….
निर्देशो का पूरा पालन किया जा रहा है, विभाग के सभी सम्बन्धित वन मंडल अधिकारी टाइम लिमिट की बैठक के साथ साथ टॉस्क फोर्स बैठक में भी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासन के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
अरिहंत कोचर, डीएफओ दक्षिण वन मंडल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




