Betul News: Video: जिला कांग्रेस अध्यक्ष की धार्मिक यात्रा में स्कूली छात्राओं से करवाया स्वागत
Betul News: School girls welcomed the District Congress President during his religious visit

सरकारी स्कूलों में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़, उठ रहे सवाल
Betul News: बैतूल। जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की लापरवाही का एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग छात्र-छात्राओं को स्कूल टाइम के दौरान धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में शामिल कर उनका इस्तेमाल कराना सवाल खड़ा कर रहा है। जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निलय डागा और उनकी धर्मपत्नी द्वारा बुधवार को किसान और सर्वहारा वर्ग की खुशहाली के लिए किसान शक्ति संकल्प यात्रा निकाली थी। यह यात्रा बैतूल से निकलकर धारूल अंबा माइ जा रही थी।
यात्रा का वैसे बैतूल से धारूल तक कई जगह स्वागत हुआ, लेकिन कोलगांव में जैसे ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा और उनकी धर्मपत्नी पहुंची। यहां शासकीय हाईस्कूल की छात्राएं शिक्षकों के साथ स्वागत करने के लिए पहुंच गई। वायरल हो रहे वीडियो में शिक्षकों और छात्राओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा निकाली गई धािर्मक यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान फोटो भी खींचवाई गई। चौकाने वाली बात यह है कि जिस समय शिक्षक और छात्र-छात्राएं स्वागत कर रहे थे, उस समय स्कूल का समय था। इस पर कई लोगों ने आपत्ति जताई है।
सोशल मीडिया पर भी लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने धार्मिक यात्रा में स्कूली समय पर स्वागत करने पर आपत्ति जताई है। भीमसेना के पंकज अतुलकर ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा है कि शर्म आनी चाहिए शासकीय स्कूल के शिक्षकों को जिन्होंने स्कूली समय में बच्चों से जिला कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी पत्नी का स्वागत किया। स्कूल समय में इस तरह का स्वागत कितना उचित है?
उन्होंने शिक्षकों की लापरवाही पर उनके निलंबन की भी मांग की, जबकि युवा पत्रकार जंकी शाह ने भी अपनी पोस्ट में राजनीतिक पार्टी के आयोजनों में शिक्षकों द्वारा बच्चों से स्वागत कराने पर सवाल संबंधितों को निलंबित करने की मांग की है। इस संबंध में स्कूल के प्रभारी प्राचार्य कमलेश लोहारे को उनके मोबाइल 942453585 पर काल किया, लेकिन उन्होंने मोबाइल रीसिव नहंी किया, इसलिए उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।
इनका कहना…
इस बारे में मुझे जानकारी मिली है। जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई तय करेंगे।
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल
मुझे प्रारंभिक जानकारी में स्कूली विद्यार्थी और शिक्षक डागा फाउंडेशन के होने के बारे में पता चला है। अभी मैं रास्ते में हूं। कोलगांव जाकर मामले की जांच करूंगा। इसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
अनिल सिंह कुशवाह, जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल




