Betul Politics : मोदी और योगी की बैतूल में सभा तय!
Betul Politics: Modi and Yogi's meeting fixed in Betul!

दो दिन में तय हो जाएंगे कार्यक्रम, भाजपा तैयारी में जुटी
Betul Politics : (बैतूल)। विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनैतिक दलों ने अपने-अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। अगले 10 दिनों तक जिले में लगातार वीआईपी मूवमेंट भी देखने को मिलेगा। जानकारी मिली है कि बैतूल विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के फायर ब्रांड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बैतूल आने की संभावना है।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि जिले से भेजी गई डिमांड के अनुसार भाजपा भोपाल हाईकमान वरिष्ठ नेताओं की सभाएं तय कर रहे हैं। नर्मदापुरम संभाग में दिवाली के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा पार्टी ने तय कर ली है। भाजपा सूत्रों की माने तो यह सभा नर्मदापुरम या बैतूल में होना तय किया गया है। हालांकि पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा मोदी की सभा बैतूल में करवाकर पड़ोसी जिले छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, हरदा और खंडवा जिले की विधानसभाओं में भी लाभ लेने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा बैतूल में करवाकर न सिर्फ जिले की बल्कि आसपास जिलों की एक दर्जन सीटों पर भाजपा की नजर है। खबर है कि प्रधानमंत्री की सभा के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। भोपाल से हरीझंडी मिलते ही स्थल चयन कर दिया जाएगा। यदि प्रधानमंत्री का बैतूल आना तय हुआ तो ऐसा दूसरी मर्तबा होगा जब श्री मोदी बैतूल की जनता से रूबरू होंगे। इसके पहले वे लोकसभा चुनाव में ज्योति धुर्वे के लिए पुलिस ग्राउंड में सभा करने आ चुके हैं। इधर खबर है कि मोदी की बैतूल में प्रस्तावित सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश दिखाई दे रहा है।
- Also Read : Bjp News : भाजपा के हुए समाजसेवी अक्षय तातेड़
योगी का भी कार्यक्रम तय (Betul Politics)
इधर जानकारी मिली है कि भाजपा फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बैतूल विधानसभा के आठनेर या बैतूल में पार्टी प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल के पक्ष में सभा लेने आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि यदि प्रधानमंत्री की सभा बैतूल में हुई तो योगी का कार्यक्रम आठनेर में तय है। अगले एक या दो दिनों में तारीख भी लगभग तय हो जाएगी। इधर जिले में वीआईपी मूवमेंट को लेकर आयोग के निर्देशानुसार प्रशासनिक तैयारियां भी लगभग पूर्ण कर ली गई हैं।
जिले की पांचों विधानसभाओं में वीआईपी के हेलीकॉप्टर उतरने के लिए जगह चिन्हित करने के साथ-साथ हेलीपेड भी तैयार कर लिए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट में किसी प्रकार की कोई कमी ना हो इसके लिए स्थानीय पुलिस बल के साथ साथ बाहरी जिलों से भी पुलिस बल बैतूल बुलवा लिया गया है।




