Betul News : भैसदेही विधान सभा में महेंद्र को निपटाने की गोपनीय तैयारी?
Betul News: Secret preparation to dispose of Mahendra in Bhaisdehi Legislative Assembly?

भाजपा कार्यालय के उद्घाटन से असंतुष्टों ने बनाई दूरी, सी एम के सामने विरोध के लिए की गुप्त मीटिंग
Betul News : (बैतूल)। भले ही प्रदेश के विधान सभा चुनाव सम्पन्न होने में अभी दो महीने बाकी हैं। उम्मीदवारों के नाम की अभी सिर्फ घोषणा ही कि गयी है, लेकिन जिले की राजनीति में अभी से जबरदस्त उबाल देखने और सुनने को मिल रहा है। खास बात यह हैं कि अनुशासित भाजपा के कुछ असंतुष्ट नेता भाजपा के ही उम्मीदवारों की खिलाफत पर उतर आए हैं।
कुछ ही दिन पहले बैतूल विधानसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के फैसले को चुनौती देते हुए कुंबी समाज के सीधे साढ़े दिनेश महस्की को बलि का बकरा बना कर उनकी फजीहत करवा डाली, जबकि बैतूल में अभी भाजपा ने अपना उम्मीदवार भी घोषित नहीं किया है।अब जानकारी मिल रही है कि यही खेल भैंसदेही विधानसभा मे खेलकर भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के निर्णय पर सवाल खड़े करने के कुत्सित प्रयास किये जा रहे हैं।
यानी यहां भी भाजपा उम्मीदवार महेंद्र सिंह चौहान को निपटाने की पूरी रणनीति पर काम किया जा रहा है। इस बात को इस तथ्य से भी बल मिल रहा है कि 11 सितंबर को ही भाजपा उम्मीदवार ने भैंसदेही में भाजपा कार्यालय का भव्य शुभारम्भ किया गया।
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र से लगभग चार हजार लोग शामिल हुए, लेकिन भाजपा के असन्तुष्ट और वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब राजनीतिक जानकारों का यही मानना है कि भाजपा का असन्तुष्ट खेमा भैंसदेही विधानसभा में भी भाजपा उम्मीदवार को निपटाने की पूरी तैयारी में जी जान से लग चुका है।
चर्चा में रही वरिष्ठों की गैरमौजूदगी
भैसदेही विधानसभा के अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा पूर्व विधायक महेंद्र सिंह चौहान का नाम फाइनल होने के बाद श्री चौहान क्षेत्र में पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो चुके हैं। गांव – गांव पहुंचकर लोगों से मेल- मुलाकात रोजाना का शगल बन चुका है, लेकिन महेंद्र के नाम की घोषणा होते ही असंतुष्टों के पेट मे मरोड़ शुरू हो गई। गत 11 सितंबर को भैसदेही में भाजपा कार्यालय के भव्य शुभारम्भ पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, इसमें भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह ने स्थानीय भाजपा नेताओं सहित ग्रामीण जनों को ससम्मान आमंत्रित किया था।
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र से करीब साढ़े तीन से चार हजार लोग शामिल हुए थे, लेकिन भाजपा के असन्तुष्ट धड़े का एक भी नेता शुभारम्भ कार्यक्रम में नजर नहीं आया। जिसके बाद नगर में चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया। हद तो तब हो गयी जब इस कार्यक्रम से भाजपा के ही पूर्व नप अध्यक्ष और मौजूद मण्डल अध्यक्ष तक ने दूरी बना ली और कार्यक्रम से नदारद रहे। इसके बाद से ही यह तय माना जा रहा है कि असन्तुष्ट भाजपा नेताओं को बैतूल के भाजपा उम्मीदवार के साथ – साथ भैसदेही का उम्मीदवार भी पच नहीं पा रहा है।
रात में हुई गुप्त बैठक, मदद के बजाय निपटाने पर मंथन!
सूत्र बताते है कि 12 सितंबर की रात क्षेत्र के ही एक कद्दावर भाजपा नेता एवं नगर परिषद के पूर्व पदाधिकारी के निवास पर गुप्त बैठक आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि इस गुप्त बैठक में यह तय किया गया है कि जो भी है येन केन प्रकारेण महेंद्र सिंह चौहान की पूरी तरह खिलाफत किये जाने में चूक नहीं होनी चाहिए।
ऐसा इसलिए कि भाजपा का यह असन्तुष्ट धड़ा जिस तरह बैतूल से दिनेश महस्की को बलि का बकरा बनाने की कोशिश कर रहा था, ठीक उसी तरह भैसदेही में भी अपने खास नेता को टिकिट दिलाये जाने की ख्वाहिश पाले हुए है, ताकि आने वाले समय असंतुष्टों पर किंग मेकर का टैग लग सके। अपने मंसूबो में यह धड़ा कितना कामयाब होता है यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
- Also Read : Lokayukt Action : शाहपुर में प्राथमिक शिक्षक इंद्रमोहन तिवारी डेढ़ लाख की रिश्वत लेते पकड़ाया
सी एम के आगमन पर विरोध की तैयारी
सूत्र बताते हैं कि गुप्त बैठक में भाजपा के स्थानीय बड़े नेताओं के साथ कुछ मौजूदा भाजपा पदाधिकारी भी रात के अंधेरे में बचते-बचाते बैठक में शामिल हुए थे। जहां विचार मंथन के बाद यह तय किया गया है कि आगामी 19 सितंबर को सी एम शिवराज सिंह चौहान के संभावित प्रवास के दौरान महेंद्र की उम्मीदवारी का खुला विरोध किया जाएगा। जो भी है, लेकिन यह कहावत चरितार्थ होती नजर आ रही है कि खेत का सत्यानाश बागुड़ ही करती है। देखना बाकी है कि, असन्तुस्टों की कारगुजारी आखिर क्या गुल खिलाती है।




