Cm Mohan Yadav in Sarni : सीएम का चिचोली दौरा रद्द होने पर अब सारणी के कार्यक्रम की तैयारी शुरु
एसपी-कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सभा औऱ हेलीपैड अलग- अलग बनाए जाने पर बनी सहमति

Cm Mohan Yadav in Sarni : सारनी (कालीदास चौरासे)। माह के आखिरी सप्ताह में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का दौरा औद्योगिक नगरी में प्रस्तावित है। इसकी पुष्टि कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झरिया द्वारा रविवार को हेलीपैड और सभा के लिए गए निरीक्षण से हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला एवं बाल विकास परियोजना या स्व सहायता समूह से संबंधित कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे की चर्चा है।

रविवार दोपहर बाद कलेक्टर न सूर्यवंशी, एसपी झरिया, शाहपुर एसडीएम अभिजीत सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने हवाई पट्टी बगडोना, शासकीय महाविद्यालय बगडोना, विजय स्टेडियम पाथाखेड़ा, हाई स्कूल ग्राउंड सारणी और छतरपुर रोड किनारे खाली भूमि का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि हेलीपैड को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के पास नई गाइडलाइन आई है। इसी के मुताबिक हेलीपैड बनाना है। जिसको गंभीरता से लेकर एसपी, कलेक्टर द्वारा हेलीपैड के लिए सुरक्षित ग्राउंड को चिन्हित किया जा रहा है।
रविवार को प्रशासन द्वारा पार्किंग, हेलीपैड, सभा के लिए छतरपुर रोड, बगडोना, रिटायरमेंट कालोनी, हवाई पट्टी, विजय स्टेडियम, हाई स्कूल ग्राउंड का निरीक्षण किया है। जिसमें यह बात सामने आ रही है कि हवाई पट्टी पर स्वसहायता समूह का कार्यक्रम और सभा होगी। जबकि विजय स्टेडियम या छतरपुर रोड एमजीएम के पास खाली भूमि पर हेलीपेड बनाया जा सकता है। वहीं रिटायरमेंट कालोनी, चौपाटी पर पार्किंग की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान लगभग सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सूत्र बताते है कि सीएम बनने के बाद डॉ यादव जिले के हर विधानसभा पहुंच चुके है, लेकिन आमला- सारणी में उनकी विजिट नहीं हुई, इसलिए इस बार सारणी में उनके प्रवास को अंतिम रूप दिया जा रहा हैं।




