Betul Congress News : नेताओं की दूरी: दूसरे दौर में भी बिखरा कांग्रेस का चुनाव प्रचार

Betul Congress News: Distance between leaders: Congress' election campaign scattered in the second round also

मुख्यालय से 4 किमी दूर कोसमी में संचालित हो रहा चुनाव कार्यालय, कार्यकर्ताओं का भी जबरदस्त टोटा

Betul Congress News :(बैतूल)। भले ही बैतूल-हरदा-हरसूद संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने पहली सूची में रामू टेकाम को उम्मीदवार बनाकर अन्य जगह की अपेक्षा बाजी मार ली, लेकिन इसका फायदा कांग्रेस प्रत्याशी के दूसरे दौर में भी नहीं उठा पा रहे हैं। हालात यह है कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। समन्वय की कमी का ही नतीजा है कि बैतूल जिला मुख्यालय छोड़कर यहां से चार किमी दूर कोसमी में मुख्य चुनाव कार्यालय खोला गया। दूर होने के कारण शहर के कार्यकर्ता ही यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। इक्का दुक्का कार्यकर्ताओं के भरोसे ही कार्यालय संचालित होने से पूरा चुनाव प्रचार बेतरतीब दिखाई दे रहा है।

यहां बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण 26 अप्रैल को होने वाला चुनाव आयोग ने स्थगित कर करीब दस दिन आगे बढ़ाते हुए 7 मई को मतदान की तिथि नियत की है। दस दिन अधिक मिलने के बाद कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों को जनसंपर्क और मतदाताओं तक पहुंचने में आसानी होगी, लेकिन कांग्रेस का चुनाव प्रचार दूसरे दौर के बाद भी बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। कहने को तो देश की सबसे पुरानी पार्टी के कुछ दिन पहले तक दो जिला कांग्रेस अध्यक्ष थे, लेकिन एक के भाजपा में जाने के बाद पूरी कमान कुनबी समाज के प्रमुख चेहरे और ऊर्जावान नेता हेमंत वागद्रे को सौंपी गई है। कहा जा रहा है कि रामू के पक्ष में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के बाद केवल वागद्रे ही सबसे ज्यादा सक्रिय देखे जा रहे हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज होने के बावजूद अन्य क्षेत्र में प्रचार अभियान को उतनी गति नहीं मिल पा रही है, जितनी लोकसभा चुनाव के हिसाब से चाहिए।

कोसमी का कार्यालय किसी को नहीं भा रहा (Betul Congress News)

कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा ने शहर में ही दो से तीन कार्यालय लोकसभा चुनाव के लिए खोल कर रखे हैं। इसके अलावा हर विधानसभा मुख्यालय पर भी बड़े कार्यालय संचालित किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा के कई कार्यालय खुले हैं, लेकिन कांग्रेस का मुख्य कार्यालय संसदीय क्षेत्र के मुख्यालय से नदारद है। मुख्य चुनाव कार्यालय बैतूल से 4 किमी दूर कोसमी से खोला जाना भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नहीं भा रहा है। यदि शहर में कार्यालय खुलता तो घूमते- फिरते हुए भी कार्यकर्ता यहां पर पहुंच जाते तो खासा हूजुम दिखाई पड़ता, लेकिन कोसमी के कार्यालय में इक्का-दुक्का और कांग्रेस के कुछ सिपाह सलाहर के अलावा लोकसभा प्रत्याशी रामू टेकाम की टीम ही नजर आ रही है।

कमलनाथ की सभा का भी फायदा नहीं उठा सके कांग्रेसी

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 20 अप्रैल को बैतूल जिले के आमला और हरदा जिले के एक क्षेत्र में सभा की। यदि दोनों का आंकलन करें तो स्थिति स्पष्ट है कि हरदा जिले में कांग्रेस को मजबूत बताया जा रहा है, फिर कमलनाथ की सभा का बैतूल में फायदा क्यों नहीं उठाया गया? इसका जवाब कोई नहीं दे पा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री की सभा में मंच से कांग्रेसियों ने एकजुटता दिखाई, लेकिन मनभेद खत्म होते नहीं दिखाई दे रहे हैं। कई कांग्रेसी केवल कमलनाथ की सभा तक ही सीमित है, उन्हें अभी भी घर बैठे देखा जा सकता है। इसके पीछे बीते विधानसभा चुनाव के मुनमुटाव को कारण बताया जा रहा है।

रामू प्रचार के बाद खुद संभाल रहे सोशल मीडिया की कमान

कांग्रेस में हजारों कार्यकर्ता रहने के बावजूद लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रामू टेकाम अच्छे से जानते हैं कि उनका मैनेजमेंट संभालने वाले ही शत प्रतिशत खरे नहीं उतर पा रहे हैं। देर रात प्रचार से लौटने के बाद टेकाम को खुद सोशल मीडिया की कमान संभालना पड़ रहा है। इसकी बानगी फेसबुक और वाट्सएप की विभिन्न ग्रुपों पर देखने को मिल रही है। जब देर रात टेकाम सोशल मीडिया पर अपने प्रचार के वीडियो खुद डाल रहे हैं, जबकि कांग्रेस के पास सोशल मीडिया के अलावा प्रवक्ता की बड़ी फौज है, लेकिन सभी केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। यही वजह है कि कांग्रेस प्रत्याशी रामू को प्रचार के बाद सोशल मीडिया पर मैनेजमेंट खुद संभालना पड़ रहा है। वरिष्ठ नेताओं की दूरी के कारण उन्हें मार्गदर्शन तक नहीं मिल पा रहा है। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि दूसरे दौर में ही कांग्रेस का मैनेजमेंट पूरी तरह से बिखरा हुआ है।

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button