Betul News : जमीन बिकने से पहले ही जागरूक हुए कॉलोनी के बाशिंदे
Betul News: Residents of the colony became aware even before the land was sold.

बच्चों के लिए पार्क बनाने की मांग, कलेक्टर ने मौके पर भेज दिए अधिकारी
Betul News :(बैतूल)। आमजनता के आशियाना बनाने के सपनो को अपने पैरों तले रौंदने वाले कालोनाइजरों पर प्रशासन की नजर बहुत जल्द ही तिरछी होने वाली है। इसकी शुरुआत कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने रानीपुर रोड स्थित शारदा नगर कालोनी से कर दी है। यहां कॉलोनाइजर को नियम के मुताबिक जिस जमीन पर बच्चों के लिए पार्क और मंदिर बनाना था, वह जमीन कॉलोनाइजर पहले ही बेच चुका है। गुस्साए कालोनीवासियों ने जब इसकी शिकायत कलेक्टर से की तो कलेक्टर ने तत्काल नगरपालिका के सहायक यंत्री को भेजकर वस्तुस्थिति का अवलोकन करने के निर्देश दिए थे। सहायक यंत्री ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया है। अपनी शिकायत में कालोनी में रहने वालों ने बताया कि पार्क के लिए कॉलोनाइजर रविन्द्र अवस्थी ने टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग के नियमों के तहत दो प्लाट छोड़े थे, लेकिन इन प्लाटों को भी बेच दिया गया।
हालात यह हैं कि कॉलोनाइजर द्वारा वर्षो बीत जाने के बाद भी आज तक पार्क का निर्माण नहीं कराया जा सका है। कालोनी वासियों द्वारा खाली पड़ी जमीन पर एक छोटा मंदिर निर्माण कराया गया है। इसी मंदिर से लगी लगभग 4 हजार वर्गफीट की जमीन वर्तमान में खाली पड़ी हुई है। जिसे कभी भी कॉलोनाइजर द्वारा बेचा जा सकता है। प्रशासन से मांग है की इस जमीन पर पार्क और मंदिर का निर्माण कराया जाए, ताकि कालोनी मे रहने वाले लोग और बच्चे जमीन का खेलने और धार्मिक आयोजनों के लिए उपयोग कर सकें।
मौके पर बनाया पंचनामा
कालोनी के लोगों की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए क्लेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने तत्काल नगरपालिका को मौक़े का निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए थे। शनिवार नगर पालिका के सहायक यंत्री जब मौके पर पहुंचे तो कॉलोनाइजर की करतूत सामने आ गई। मौके पर बनाए गए पंचनामे में साफ उल्लेखित है कि रिकार्ड के मुताबिक जिन प्लाटों पर पार्क का निर्माण किया जाना था उन प्लाटों पर भवन बने हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ मंदिर से लगी भूमि अभी खाली पड़ी हुई है। जिस तरह से मौके पर पंचनामे की कार्यवाही की गई है, उससे कालोनी वासियों में उम्मीद की किरण देखी गई है। संवेदनशील कलेक्टर के इस सार्थक प्रयास के बाद कालोनी वासियों को जल्द ही पार्क और भव्य मंदिर की सौगात मिल जाएगी।




