Betul Samachar : बच्चों की फीस बाकी तो संचालक ने लिया कोरा चैक
Betul Samachar: When the children's fees were left, the operator took a blank cheque.

सूदखोरी की तर्ज पर स्कूल संचालन
Betul Samachar : (बैतूल)। निजी स्कूलों की मनमानी का ताजा उदाहरण सामने आया है। चिचोली के एक निजी स्कूल संचालक को जब बच्चों की बाकी बची हुई फीस वसूलने में विलम्ब हुआ तो संचालक ने पालकों से कोरा चैक लेकर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में इसी चैक पर मनमानी राशि भरकर चैक बाउंस भी करवा लिया। अब पालकों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करवाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित पालक को पुलिस कर्मियों से फोन करवाकर डराया जा रहा है। पीड़ि़त ने इसकी शिकायत कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी से करते हुए संचालक पर कार्यवाही की मांग की है।
47 हजार बाकी चैक पर भर लिए 98 हजार
पीड़ित पालक महेंद्र पिता छोटे लाल राठौर निवासी सुभाष चन्द्र वार्ड नम्बर 15 चिचोली ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र युग एवं छोटा पुत्र वैदिक चिचोली में संचालित महर्षि दयानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययनरत हैं, जिसका संचालन अमित पिता कमल किशोर आर्य द्वारा किया जा रहा है। दोनों बच्चों की सालाना फीस लगभग 36 हजार रुपए है, इसमें से 25 हजार रुपये किश्तों में जमा किए गए थे, इसकी रसीद भी दी गई थी। वहीं स्कूल प्रबंधन को पिछले साल की बकाया फीस 10 हजार रुपए देना बाकी था।
पीड़ित का कहना है कि संचालक ने उनकी पत्नी रीमा को स्कूल बुलवाकर एचडीएफसी बैंक बैतूल का कोरा चैक ले लिया इसके बाद उनके हस्ताक्षर भी हैं। मौके पर चैक की पावती भी दी गई थी। कुछ दिनों बाद संचालक ने कोरे चैक पर 98 हजार की रकम भरकर चैक बाउंस करवा लिया। इसकी जानकारी मुझे 28 मार्च को बैंक द्वारा भेजे गए मोबाइल मेसेज से प्राप्त हुई।अब मुझे और परिवार जनों को पैसो की वसूली के लिए जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। जिसकी रिकार्डिंग भी हमारे पास है।
कोरा चैक लेना अपराध की श्रेणी में
इस पूरे मामले की शिकायत पीढ़ित महेंद्र राठौर ने 3 अप्रेल को कलेक्टर, एसपी और जिला शिक्षा अधिकारी से की थी लेकिन 9 दिन बीत जाने के बावजूद कोई कार्यवाही नही की जा सकी। प्रकरण को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि कोई भी निजी स्कूल फीस वसूली के लिए कोरा चैक पालकों से नहीं ले सकता है। अगर चैक लिया गया है और बाउंस कराया गया है तो यह अपराध की श्रेणी में आता है। शिकायत पर जांच के बाद संचालक पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हो सकता है। फिलहाल शिकायत लेकर पीढ़ित ने पुन: जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की है देखना है कि संचालक के खिलाफ क्या कार्यवाही की जाती है।
इनका कहना…
शिकायत मुझे प्राप्त हुई है। संचालक ने यदि पालक से कोरा चैक लेकर ज्यादा रकम भरकर चैक बाउंस कराया है तो इसकी जांच करेंगे। यदि शिकायत सही पाई गई तो आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।
अनिल कुशवाह, जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल।





