Betul Hospital : प्रथम तल पर शिशु वार्ड, पानी लेने ग्राउंड फ्लोर पर आने की फजीहत
Betul Hospital: Infant ward on first floor, inconvenience of coming to ground floor to collect water

अस्पताल प्रबंधन छोटी समस्याओं पर नहीं दे रहा कोई ध्यान
Betul Hospital : (बैतूल)। करोड़ों की लागत से बने जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में मरीज इन दिनों पीने के लिए पानी के लिए तरस रहे है। पानी नहीं मिलने के कारण मरीज और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई लोग खरीदकर पानी पीने को मजबूर हो गए है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल के प्रथम तल पर बच्चा वार्ड संचालित हो रहा है। इस वार्ड में मरीज और उनके परिजनों के लिए पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के लिए वॉटर आरो लगाया गया है, लेकिन इस वॉटर आरो में दो दिनों से पानी नहीं आ पा रहा है। पीने का पानी नहीं मिलने से मरीजों और परिजनों को परेशानी हो रही है। मरीज के परिजन पानी के लिए ग्राउंड फ्लोर पर आना पड़ता है। कई लोग नगरपालिका के वाटर आरो से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हो गए है। अस्पताल के बच्चा वार्ड में लगाया गया वॉटर कूलर अभी शोपीस बना हुआ है। वार्ड में भर्ती लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से वॉटर कूलर खराब है। पानी नहीं आ रहा है। जिससे परेशानी बढ़ गई है।
यहां देखें वीडियो…
ग्राउंड फ्लोर से भरकर ले जाते पानी
प्रथम तल पर संचालित बच्चा वार्ड में पीने का पानी नहीं होने के कारण मरीजों के परिजनों को ग्राउंड फ्लोर ओपीडी के पास स्थित वॉटर कूलर से बॉटल में पानी भरकर ले जाना पड़ता है। बताया गया कि वार्ड में भर्ती मरीजों के कुछ परिजनों द्वारा पानी नहीं होने की शिकायत वहां मौजूद अस्पताल के कर्मचारियों से की गई, लेकिन वॉटर कूलर चालू नहीं हो पाया है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा अस्पताल में मरीज और उनके परिजनों को सुविधाओं के लिए लाखों रूपए खर्च किए जाते है। इसके बावजूद भी मरीज और परिजनों को अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती है। कई सुविधाओं की बात तो दूर, लेकिन पीने का पानी तक नसीब नहीं हो पाता है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। इस संबंध में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे को उनके मोबाईल नंबर पर संपर्क किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं पाया।





