Betul Samachar: शहर को सुंदर बनाने की आड़ में नेहरू पार्क पर करोड़ों खर्च

Betul News: Crores spent on Nehru Park in the guise of beautifying the city

अभी भी हालात ऐसे कि बर्बादी देखकर लोग सहम रहे, जनता की गाढ़ी कमाई का बेजा दुरुपयोग

Betul Samachar: बैतूल। शहर की सुंदरता और नागरिकों के मनोरंजन के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर तैयार किया गया नेहरू पार्क आज खंडहर और उजाड़ में तब्दील हो चुका है। नपा अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही ने इस पार्क को बर्बादी के कगार पर पहुँचा दिया है। जनता की गाढ़ी कमाई से बने इस पार्क की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि धन का उपयोग विकास के बजाय बर्बादी में हुआ है। करीब सात-आठ साल पूर्व पार्क को ठेके पर देकर इसे आकर्षक बनाने की कार्यवाही शुरू की गई थी।

इस दौरान लाखों रुपए मासिक खर्च कर पेड़-पौधे, फव्वारे, झूले और जंगली जानवरों के पुतले लगाए गए थे। पार्क में बच्चों के खेलने और लोगों को सुकून भरा वातावरण देने की पूरी योजना बनाई गई थी। शुरुआती दिनों में पार्क ने शहरवासियों को आकर्षित भी किया, लेकिन समय के साथ उपेक्षा ने इसे बर्बाद कर दिया।

आज की स्थिति यह है कि पार्क के झूले टूटकर जंग खा रहे हैं। जानवरों के पुतले क्षतिग्रस्त पड़े हैं। फव्वारे लंबे समय से बंद हैं और उनके टैंकों में कचरा भरा है। जगह-जगह उगी झाड़ियां और लंबी घास न केवल बदसूरती फैला रही हैं, बल्कि जहरीले कीड़े-मकोड़ों का डर भी बना हुआ है। रात होते ही यह पार्क असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है। नशा करते युवक आसानी से देखे जा सकते हैं, जिससे आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

जनता का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी यदि पार्क ऐसी दुर्दशा में है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी नपा प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों पर आती है। जरूरत है कि इस उजड़े पार्क को फिर से संवारने और सुरक्षित बनाने की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि यह वास्तव में नागरिकों के मनोरंजन और सुकून का केंद्र बन सके।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button