Betul News : भोपाल की बैठक में लिखी जा चुकी थी गुड्डू की पटकथा

Betul News: The script of Guddu was written in the meeting in Bhopal.

फ्लैक्स में कमलनाथ और दिग्गी की फोटो न होने पर आपत्ति जताना पीसीसी चीफ को रास नहीं आया, तब से थे निशाने पर

Betul News : (बैतूल)। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष रहे सुनील (गुड्डू) शर्मा की रवानगी पहले ही तय हो चुकी थी, लेकिन बैतूल में जिस तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाषण सूची से उनका नाम काटकर टारगेट किया, यह केवल बहाना था। भले ही इसे गुड्डू ने अपना अपमान समझा और पार्टी से इस्तीफा दे दिया, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आहूत बैठक में गुड्डू ने जिस तरह पीसीसी में लगे फ्लैक्स में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की फोटो न लगाने का मामला उठाकर सनसनी फैला दी थी, उसी समय वे नए प्रदेश अध्यक्ष की नजरों में आ चुके थे। बस मौके की तलाश में बैठे पीसीसी चीफ ने बैतूल में आयोजित सभा में यह कसर निकाल दी।

कांग्रेस से जुड़े सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जीतू पटवारी ने भोपाल में पूरे प्रदेश के जिला कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलवाई थी। कहा जा रहा है कि इस बैठक में बड़ी संख्या में पूरे प्रदेश से कांग्रेस नेता पहुंचे थे। स्वागत परिचय के बाद बैठक शुरू तो हो गई, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के उद्बोधन के बाद जिला कांग्रेस बैतूल शहर के अध्यक्ष सुनील शर्मा लगातार अपनी बात रखने के लिए बार-बार उठ रहे थे। सूत्र बताते हैं कि कई बार वरिष्ठ नेताओं ने टोका भी, लेकिन जब वे नहीं माने तो प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह भंवर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से शर्मा को बोलने की अनुमति देने का कहा। प्रदेश प्रभारी के निर्देश पर उनका नाम उद्बबोधन की सूची में जोड़ दिया गया।

मौका मिला तो निकाल दी भड़ास

जानकार सूत्र बताते हैं कि चूंकि प्रदेश कांग्रेस की बैठक में दो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की फोटो न होना गंभीर मामला था। गुड्डू ने कार्यक्रम में अपनी बात रखने का मौका मिला तो दोनों वरिष्ठ नेताओं की फोटो न लगाने पर खुलकर अपनी नाराजगी जता दी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वरिष्ठ नेताओं की फोटो फ्लैक्स में न लगाने से बैठक में गुटबाजी दूर करने की बात कैसे पूरी होगी। बैठक में मौजूद दिग्विजय सिंह भी गुड्डू की इस बात पर मुस्कुरा दिए, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत अन्य वरिष्ठ नेता गुड्डू की बात पर तमतमा गए। चूंकि बैठक में ही उन्होंने गुटबाजी का मुद्दा उठाया था, इसलिए नए प्रदेश अध्यक्ष का नाराज होना लाजिमी था।

बैठक के बाद गुड्डू को जमकर फटकारा

जानकार सूत्रों ने बताया कि जैसे ही बैठक खत्म हुई नए पीसीसी चीफ जीतू ने बैतूल जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू को अपने चेंबर में बुलाकर जमकर क्लास ले ली। संदेश भेजकर उन्हें अपने चेंबर में बुलाकर जमकर फटकार लगाई, लेकिन गुड्डू ने भी वरिष्ठ नेताओं की फोटो न लगाने की बात दोहराई तो नाराज पीसीसी चीफ ने उन्हें 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित करने की चेतावनी दे डाली। सूत्र बताते हैं कि इस पर गुड्डू भी आवेश में आ गए और पीसीसी चीफ को कह बैठे कि यदि सच बोलना अनुशासनहिनता की श्रेणी में आता है तो उन्हें पार्टी से बाहर कर दें। इतना कहने के बाद बिना कुछ बोले गुड्डू पीसीसी चीफ के चेंबर से बाहर आ गए। बस यही से नए पीसीसी चीफ बैतूल शहर कांग्रेस अध्यक्ष रहे गुड्डू से नाराज हो गए। सूत्रों ने बताया कि यह बात गुड्डू ने उसी दिन कमलनाथ को भी मोबाइल पर बताई थी। कहा तो यह भी जा रहा है कि नाथ ने भी दिल्ली में इस बारे में वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत की थी। हालांकि इस मामले में क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

पीसीसी चीफ के चौके पर गुड्डू का छक्का

यह घटनाक्रम भले ही भोपाल में खत्म हो गया, लेकिन बैतूल से लोकसभा प्रत्याशी रामू टेकाम की नामांकन रैली में शामिल होने आए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। मंच संचालन कर रहे समीर खान से पीसीसी चीफ ने जैसे ही भाषण लिस्ट मांगी उसमें से गुड्डू का नाम कटवा दिया गया। पुराने घटनाक्रम से नाराज पीसीसी चीफ ने मौके को भूनाया तो गुड्डू की नाराजगी सामने आई। मामला सेटल करते हुए उनका नाम आभार के लिए रखा, लेकिन उसके पहले ही वे मंच से नीचे उतर गए। इसके बाद कमलनाथ को इस्तीफा भेजकर अगले ही दिन सीएम के आगमन पर वे भाजपा के हो गए।

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button