Betul Politics: मैदान में भाजपा, कोमा में कांग्रेस, भाजपा के आधा दर्जन चुनावी कार्यालय शुरू तो कांग्रेस बैठक के भरोसे
Betul Politics: BJP in the field, Congress in coma, half a dozen election offices of BJP started but Congress is dependent on meeting.

Betul Politics: (बैतूल)। देश ही नहीं बल्कि प्रदेश और जिलों मे भी अब कांग्रेस की दुर्गति का माहौल देखने को मिल रहा है। लोकसभा चुनाव को लेकर खुद कांग्रेसियों में ही उत्साह की कमी साफ नजर आ रही है। एक तरफ बैतूल-हरदा-हरसूद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने पुन: सांसद दुर्गादास उइके को रिपीट किया है। वहीं कांग्रेस ने पिछला चुनाव लगभग 3 लाख 60 हजार वोटों से पराजित वाले रामू टेकाम को टिकट देकर मैदान में उतारा है। कल चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों का एलान भी कर दिया जाएगा।
आंकलन करे तो दोनों ही पार्टियों कि चुनावी तैयारियों में कांग्रेस अभी भी कोमा की स्थिति से बाहर निकलती दिखाई नहीं दे रही हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बुधवार जैसे ही कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में रामू टेकाम के नाम की घोषणा की गई तमाम मीडियाकर्मी उनके निवास पर पहुंच गए, लेकिन कांग्रेस के नाम पर ना ही कोई पदाधिकारी मौजूद था और ना ही कार्यकर्ता। यह स्थिति देखकर कहा जा सकता है कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कतई गम्भीर नहीं है। एक तरफ भाजपा ने पूरे लोकसभा क्षेत्र में चुनाव कार्यालय खोलकर प्रचार शुरू कर दिया है, लेकिन कांग्रेस संगठन आने वाले दो तीन दिनों मे बैठक लेकर चुनावी तैयारियों पर चर्चा करने की बात कर रहा है।
भाजपा कर चुकी 4 कार्यालयों का शुभारंभ
लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता, संगठन और स्वंय प्रत्याशी मैदान में नजर आ रहे हैं। गांव-गांव प्रचार के साथ-साथ चुनाव की तारीख आने तक प्रतिदिन के कार्यक्रम प्लान किए गए हैं। भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनावों को देखते हुए लोकसभा के आधा दर्जन ब्लाकों में चुनाव कार्यालयों के शुभारंभ हो चुके हैं। इनमें बैतूल, हरद, हरसूद, भैंसदेही और मुलताई शामिल हैं। इन ब्लाकों में भाजपाइयों ने जनता के बीच जाना शुरू भी कर दिया है। आगामी 17 और 18 मार्च को आमला और घोड़ाडोंगरी विधानसभा में भी कार्यालय का शुभारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही पूरी लोकसभा में भाजपा का प्रचार प्रसार शुरू कर दिए जाने की तैयारी है।
कल आएंगे उपमुख्यंत्री राजेन्द्र शुक्ल
लोकसभा चुनाव को लेकर जहां भाजपा का जमीनी कार्यकर्ता तक मैदान में दिख रहा है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व की भी हर गतिविधि पर पैनी नजर बनी हुई है। वरिष्ठ नेता प्रत्येक लोकसभा में दौरे कर चुनावी केम्पेन का बारिकी से जायजा ले रहे हैं। भाजपा कार्यालय से जानकारी मिली है कि कल दिन शनिवार को दोपहर 2.30 बजे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल बैतूल पहुंचेंगे। श्री शुक्ल संगठन के पदाधिकारियों से चुनावी केम्पेन का फीडबैक लेने के साथ कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उन्हें जीत का मंत्र देंगे।
मैदान से बाहर नजर आ रही कांग्रेस
लोकसभा चुनावों में मौजूदा हालातों में कांग्रेस कहीं से कहीं तक भाजपा के आजू-बाजू भी नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस ने रामू टेकाम को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है, लेकिन अभी तक जिला स्तर पर ना कोई तैयारी दिख रही है और ना ही कांग्रेस कोई वरिष्ठ नेता यहां तक जिला कांग्रेस प्रभारी की आमद तक नहीं हो पाई है। जिला संगठन से से जुड़े पदाधिकारी अपने काम मे व्यस्त हैं। प्रत्याशी रामू टेकाम अपने गृह क्षेत्र तक सीमित नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर महत्वपूर्ण लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कहीं से कहीं तक नजर नहीं आ रही है। हालांकि यह जरूर कहा जा रहा है कि आने वाले दो चार दिनों में चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेसियों की बैठक होने वाली है, जबकी भाजपा इससे कहीं दूर निकल चुकी है। ऐसे में आने वाले चुनाव परिणाम क्या होंगे, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
इनका कहना…..
चुनाव को लेकर पार्टी से मिल रहे निर्देशों का पालन किया जा रहा है। लोकसभा क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक कार्यालय खोले जाकर प्रचार शुरू कर दिया है।
आदित्य बबला शुक्ला, जिला भाजपा अध्यक्ष बैतूल
अगले 2-4 दिनों में कार्यकर्ताओं की बैठक ली जा रही है। बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।
हेमन्त वागद्रे, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष बैतूल




