Election News : वोटों की आहूति के लिए कतारें लगी, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंपर मतदान
Election News: Queues formed to cast votes, bumper turnout even in rural areas

जिले में मतदान का प्रतिशत 70 के पार करने की उम्मीद, प्रत्याशियों का भाग्य ईव्हीएम में कैद
Election News : (बैतूल)। जिले की पांच विधानसभाओं में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की प्रक्रिया जारी है। दोपहर 3 बजे तक जिले में 60 प्रतिशत मतदान हो चुका था। उम्मीद है कि पांचों विधानसभा में मतदान का प्रतिशत 75 के पार हो सकता है। चूंकि शाम 6 बजे तक मतदान होना है, इसलिए प्रतिशत में बढ़ोत्तरी से इंकार नहीं किया जा सकता है। जिले की पांच विधानसभा के भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता ईव्हीएम में कैद कर रहे हैं। छूटमूट घटनाओं को छोड़ अब तक मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है।
लोकतंत्र की आहूति देने के लिए जिले के लोगों ने इस बार काफी जागरूकता दिखाई है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होते ही लोग सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो का नारा बुलंद करते हुए मतदान केंद्र पहुंच गए। यही वजह है कि जिले में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक मतदान का प्रतिशत 18 के पार हो चुका था। इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग अपने मतदान के लिए कितने जागरूक थे।
ग्रामीण अंचलों में बंपर मतदान
हमारे संवादाताओं की माने तो सुबह 7 बजे से जिले की पांचों विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में खेतों में जाने वाले किसान परिवारों ने सबसे पहले वोट रूपी आहूति दी। इसी वजह ग्रामीण अंचलों से 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत जबरदस्त देखा गया। हालात यह थे कि कई मतदान केंद्रों पर 50 मीटर से अधिक तक लंबी कतार लगी थी। लोगों ने काफी देर तक कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बुर्जुग से लेकर युवा मतदाताओं में भी ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी भीड़ देखी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बंपर मतदान के बाद ही हार जीत का अंतर में बड़ा फासला आने से इंकार नहीं किया जा रहा है।
कई जगह ईव्हीएम खराब, रूका रहा मतदान (Election News)
जिले के कई मतदान केंद्रों पर ईव्हीएम खराब होने की शिकायत मिली है। इन शिकायतों के बाद निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने तत्काल दूसरी ईव्हीएम की व्यवस्था करवाई, तब तक मतदान रूका रहा। इससे मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। शहर के विनोबा वार्ड के मतदान केंद्र पर सुबह ईव्हीएम खराब होने की शिकायत मिली तो राजेंद्र वार्ड के मतदान केंद्र पर कम रोशनी की शिकायत की गई।
आठनेर ब्लॉक के जसोंदी में सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के तत्काल बाद ही ईव्हीएम खराब हो गई। दूसरी ईव्हीएम आने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इससे मतदान प्रभावित होने की खबर है। जिले के अन्य स्थानों पर भी ईव्हीएम खराब होने की शिकायतें मिली हैं।
पिपरी मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान की शिकायत

घोड़ाडोंगरी। विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक107 पिपरी में फर्जी मतदान का मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग मतदाता मतदान करने मतदान केंद्र पहुंचा तो उसे पता चला कि उसका वोट तो पहले ही कोई डाल चुका है। बुजुर्ग ने जनप्रतिनिधियों से इसकी शिकायत की, जिसके बाद मामला कलेक्टर तक पहुंचा। मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान होने की सूचना मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मतदाता पतल उइके ने बताया कि पिपरी का मतदाता है और वह शासकीय प्राथमिक शाला मतदान केंद्र क्रमांक 107 में मतदान करने पहुंचा था। उसकी पर्ची देखने के बाद मतदान करा रहे अधिकारियों ने उसे यह कहकर वापस लौटा दिया कि उसका वोट डल चुका है। इधर कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि पिपरी गांव से फर्जी मतदान की शिकायत मिली है, लेकिन शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है। टीम भिजवाकर पुष्टि की जा रही है। यदि बुजुर्ग का वोट किसी ने डाल दिया है तो बुजुर्ग का टेंडर वोट दिलाया जाएगा।
सुरक्षा के तगड़े इंतजाम, विवाद भी
शुक्रवार को जिले के 1581 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। 444 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यहां पर स्थानीय पुलिस के अलावा सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। इसके बावजूद कई जगह पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित होते रही। दरअसल सुरक्षा की दृष्टि से 100 मीटर की सीमा तक कार्यकर्ताओं की पाबंदी लगाई गई थी, लेकिन कई कार्यकर्ता वाहनों से मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाने का प्रयास करते रहे, इससे विवाद की स्थिति निर्मित हुई। बैतूल के जाकिर हुसैन वार्ड और पटेल वार्ड में भी इस तरह की शिकायतेें मिली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से खुद एसपी सिद्धार्थ चौधरी के अलावा कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस भी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे।
भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने किया मताधिकार का प्रयोग
चुनावी जद्दोजहद के बीच पूरे प्रदेश में चर्चित हो चुकी बैतूल सीट के कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल ने जहां मोती वार्ड स्थित न्यू बैतूल स्कूल के मतदान केंद्र पर पत्नी ऋतु खंडेलवाल के साथ जाकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुन भाजपा की सरकार बन रही है। जनता के समर्थन और आशीर्वाद से वे चुनाव जीत रहे हैं। विधायक बनकर क्षेत्र की चहुमुखी विकास के लिए काम करेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी निलय डागा ने आजाद वार्ड स्थित मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी दीपाली डागा के साथ पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वे फिर जीत हासिल करेंगे।




