Betul Politics : जिले में राष्ट्रीय- प्रादेशिक नेताओं का लगेगा जमावड़ा
Betul Politics: There will be a gathering of national and regional leaders in the district.

भाजपा-कांग्रेस ने प्रचार के लिए भेजे दिग्गजों के नाम, नामी चेहरे मांगेंगे प्रत्याशियों के लिए वोट
Betul Politics : (बैतूल)। विधानसभा चुनाव में इस मर्तबा जिले के लोगों को राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर के नेताओं को करीब से देखने को मौका मिलेगा। दरअसल भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पार्टी के दिग्गज स्टार प्रचारकों की जिले में सभा कराने के लिए प्रदेश नेतृत्व को प्रस्ताव भेजे हैं। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण राष्ट्रीय- प्रादेशिक नेताओं की बैतूल जिले में नजर गढ़ी हुई है। कहा जा रहा है कि यहां की सीट से जीत हासिल करने के बाद सरकार बनाने की राह भी आसान हो जाएगी। यही वजह है कि आने वाले सप्ताह से दिग्गज नेताओं की आमसभाओं का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
जिले की पांच विधानसभाओं में भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। इसकी वजह भी साफ है कि पड़ोसी जिले छिंदवाड़ा से सटा होने के कारण बैतूल चर्चित जिलों में शामिल है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रतिष्ठा उनके जिले के अलावा बैतूल से भी जुड़ी है, इसलिए यहां सभी की नजरें टिकी हुई है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी हेमंत खंडेलवाल बैतूल, चंद्रशेखर देशमुख मुलताई, डॉ. योगेश पंडाग्रे आमला और महेंद्र सिंह चौहान भैंसदेही से चुनाव मैदान में उतरे हैं। वैसे घोड़ाडोंगरी प्रत्याशी गंगा बाई उइके भी मुख्यमंत्री की गुड बुक में शामिल हैं। इसलिए सभी नेताओं को जीत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री खुद भोपाल से मानीटरिंग कर रहे हैं।
- Also Read : Betul Politics : मौसम हुआ ठंडा सियासत गर्म, भाजपा कांग्रेस में मोबाइल नंबर जुटाने की लगी होड़
भाजपा से भेजे दिग्गजों के नाम (Betul Politics)
सूत्र बताते हैं कि जिला भाजपा संगठन ने जिले के पांचों विधानसभा सीटों पर प्रचार के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं की डिमांड की है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के नामों की डिमांड भेजी है।
खबर है कि इनमें से कुछ केंद्रीय मंत्री की आने वाले सप्ताह में जिले में आमद हो सकती है। केंद्रीय नेताओं का कार्यक्रम 1 नवंबर के बाद बनने वाला है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि बैतूल या भैंसदेही में केंंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आने की संभावना है, जबकि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी आमला में सभा की संभावना दिखाई दे रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 1 नवंबर के बाद भैंसदेही या गुदगांव और आठनेर में आमसभा ले सकते हैं।
कांग्रेस में भी लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा
कांग्रेस सूत्रों की माने तो जिले की पांचों विधानसभाओं में कांग्रेस भी प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के घोड़ाडोंगरी आगमन के बाद कांग्रेसियों का उत्साह चरम पर है। अब खबर आ रही है कि कमलनाथ भैंसदेही और आमला में दिवाली के पहले बड़ी आमसभा ले सकते हैं। प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सूरजेवाला के भी जिले के आगमन की जानकारी सामने आ रही है। इनके अलावा कांग्रेस की ओर से छिंदवाड़ा केे सांसद नकुलनाथ और कई पूर्व केंद्रीय मंत्री की सभाएं प्रस्तावित की गई है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी जिले में सभा ले सकते हैं।
कल नकुलनाथ की मौजूदगी में भरेंगे नामांकन
मुलताई में कल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के पुत्र और छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ की सभा तय की गई है। वे कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव पांसे के समर्थन में मंगलवारी बाजार में एक सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पांसे पूरे विधानसभा क्षेत्र में लाव- लश्कर के साथ अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके नामांकन में सुबह 11 बजे शामिल होकर इसके बाद दोपहर एक बजे छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ की सभा में भी शामिल होने का कार्यक्रम तय किया गया है। नकुलनाथ के आगमन को लेकर मुलताई के कांग्रेसी तैयारियों में लगे हैं।



