Betul News : केबल जलने से दूसरे दिन भी ठप रही अस्पताल की बिजली सप्लाई
कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मरीज परेशान

Betul News : बैतूल। जिला चिकित्सालय में केबल जलने के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित है दूसरे दिन भी बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी। कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से मरीज परेशान है। जिला चिकित्सालय के इलेक्ट्रिशियन बिजली सप्लाई सुचारू करने में लगे है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल में शनिवार को केबल जलने से मुख्य अस्पताल की बिजली सप्लाई ठप हो गई। दूसरे दिन भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। अंडर ग्राउंड बिजली केबल जलने के कारण बिजली सप्लाई शुरू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली सप्लाई बंद होने से लिफ्ट भी बंद है। डायलिसिस का काम प्रभावित है।
शनिवार से मरीजों की डायलिसिस नहीं हो पा रही है। डायलिसिस मशीन के लिए बिजली की आवश्यकता होती है, लेकिन बिजली सप्लाई बंद होने से कामकाज प्रभावित हुआ। इमरजेंसी डायलिसिस करने वाले मरीजों को निजी अस्पताल में डायलिसिस करने जाना पड़ा। कई वार्डों में अंधेरा होने से मरीजों और डॉक्टरों को भी परेशान होना पड़ा।
ड्राइंग नहीं होने से सुधार कार्य में हो रही दिक्कत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अस्पताल निर्माण के समय बिजली फिटिंग के लिए बनाई गई ड्राइंग उपलब्ध नहीं होने के कारण बिजली कर्मियों को सुधार कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में कांक्रीट को तोड़कर केबल का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। ड्राइंग नहीं होने के कारण बिजली को सुचारू करने के लिए और कई घंटों का समय लग सकता है। मरीजों को बिजली सुचारू होने में और इंतजार करना पड़ता है। अस्पताल के इलेक्ट्रिशियन का कहना है कि जल्द ही बिजली सप्लाई को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
गर्मी से परेशान हो रहे मरीज
अस्पताल की बिजली सप्लाई ठप होने के कारण गर्मी के कारण मरीजों को भीषण गर्मी से जुझना पड़ रहा है, क्योंकि अस्पताल में पंखे बंद पड़े है। मरीज कपड़े से हवा लेकर राहत पा रहे है। इन दिनों तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा है। बिना कूलर पंखे के रहना मुश्किल हो गया है। करोड़ों की लागत से बने तीन मंजिला अस्पताल भवन के सभी वार्डों में बिजली सप्लाई बंद है। केवल ऑपरेशन थ्रेटर में बिजली सप्लाई सुचारू रही। अस्पताल के प्रथम तल, द्वितीय तल और तृतीय तल में संचालित वार्डों में भर्ती मरीज सबसे ज्यादा परेशान है।
इनका कहना…..
बिजली सप्लाई बंद होने से डायलिसिस कार्य और लिफ्ट बंद है। जल्द ही बिजली सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है।
डॉ. जगदीश घोरे, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बैतूल




