Betul News : फायर के लिए दबाया ट्रिगर खुद के पैर में लगा

Betul News: Trigger pressed for fire hit own leg

निजी अस्पताल में निकाली गोली, पुलिस को भनक तक नहीं

Betul News : (बैतूल)। शहर में बातों-बातों में माउजर और कट्टा निकलना आम बात हो गई है। जश्न के मौके पर भी हवाई फायर करना अब महानगरों की तरह बैतूल में भी आम बात हो गई है। पिछले दस दिनों में शहर में तीन बार ऐसे मौके आए जब जन्मदिन और अन्य विशेष मौकों पर खुलेआम कारों में कट्टे और माउजर लहराएं गए। कुछ जगह फायर भी हुए, लेकिन पुलिस इन बिगड़े युवाओं तक नहीं पहुंच पाई। ताजा मामला शुक्रवार शाम का सामने आया है।

इसमें एक युवक ने कट्टे से हवाई फायर करने के लिए जैसे ही ट्रिगर दबाया, गोली चलकर उसके पैर में लग गई। चौकाने वाली बात है कि युवक को परिजन एक निजी अस्पताल में लेकर गए और इलाज भी होने के बाद घर लेकर चले गए। सूत्र बताते हैं कि यह जानकारी पुलिस कर्मियों को मिल गई, लेकिन अधिकारियों को भनक तक नहीं लगने दी। पूरा मामला रफदफा करने की चर्चा है। सांझवीर की पड़ताल पर जब मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई, तब जांच शुरू हुई है।

सूत्र बताते हैं कि शहर में तमंचे चलने की घटना बढ़ने के बावजूद पुलिस सक्रिय नहीं हो पाई है। पूर्व में भी सांझवीर टाईम्स ने इस मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर शहर में कट्टे, माउजर की खेप आने को लेकर खबरें प्रकाशित की थी। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने का नतीजा है कि हर मौके पर बातों बातों में कट्टों से फायर होना आम बात हो गई है। सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार को भी शहर के लिंक रोड पर एक युवक द्वारा कट्टा हाथ में लेकर हवाई फायर करने का प्रयास किया जा रहा था। जैसे ही उसने फायर करने के लिए कट्टे का ट्रिगर दबाया तो गोली उसके पैर में जा लगी। गोली की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।

इस दौरान लहूलुहान युवक को उसके दोस्तों और परिजनों द्वारा एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। सूत्र बताते हैं कि निजी अस्पताल में पैर से गोली भी निकाल दी गई और पुलिस को सूचना देना तक मुनासिब नहीं समझा। खबर तो यह भी है कि बाद में कुछ पुलिसकर्मी यहां पर पहुंच गए और पूरा मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। सूत्र बताते हैं कि इसी युवक ने पिछले दस दिन पहले शहर में अपनी कार में घूमकर खुलेआम कट्टा लहराया था। जब पुलिस ने युवक को दबोचा तो पूरा मामला सेटलमेंट तक पहु़ंच गया। उच्चाधिकारियों को मामले में खबर तक नहीं दी गई।

सांझवीर की जानकारी से हरकत में आई पुलिस

सांझवीर टाईम्स को युवक द्वारा फायर करने के लिए निकाले कट्टे की गोली पैर में लगने और एक निजी अस्पताल द्वारा गोली निकाले जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस से जानकारी चाही तो कोतवाल आशीष सिंह पवार को पता ही नहीं था। जब मामले में एसपी सिद्धार्थ चौधरी और एएसपी नीरज सोनी के संज्ञान में लाया तो उनके निर्देश पर टीआई पूरे मामले की जांच में जुट गए। रविवार दोपहर तक एसपी के सख्त निर्देश के बाद पुलिस मामले की तह तक पहुंच गई है। सूत्र बताते है कि पुलिस ने कल रात से शुरू की जांच के बाद गोली लगने और फायर करने वालों को तलाश करना शुरू कर दिया। पूर्व में भी फायर करने के मामले में सख्ती से पड़ताल कर रही है।

इनका कहना..

आपके माध्यम से जानकारी मिली थी। हमने कोतवाली टीआई को कड़े निर्देश जारी करते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए थे। शहर में अमन चैन बना रहे, इसके लिए फायर करने और ऐसी वारदातों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। इसका निष्कर्ष भी शीघ्र दिखाई देगा।

सिद्धार्थ चौधरी, एसपी, बैतूल

एसपी और एएसपी साहब के निर्देश पर हम गोली चलने के अलावा अस्पताल में गोली निकालने और फायर की घटना की जांच जारी है। शीघ्र ही मामले में खुलासा कर दिया जाएगा।

आशीष सिंह पवार, टीआई, कोतवाली, बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button