Betul Accident VIDEO : बस ट्रक टक्कर में घायल हुए यात्रियों को हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे प्रभारी मंत्री

Betul Accident VIDEO : मुलताई। नगर में आयोजित अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पवित्र नगरी पहुंचे प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को बस दुर्घटना की जानकारी मिली तो वह सरकारी अस्पताल पहुंचे। घायल यात्रियों से मुलाकात कर डॉक्टर को बेहतर उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा घायलों को अच्छे से अच्छा उपचार मिले यह पहले जरूरी है। अस्पताल के स्टाफ ने घायलों को तत्काल संतोष जनक उपचार प्रदान किया है। यदि घायल गंभीर है तो उसे जिला अस्पताल भेज कर उपचार करेंगे। जरूरत पड़ी तो एयर लिफ्ट कर भोपाल के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के सवाल पर कहा पूर्ववर्ती सरकारों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि जनसंख्या की तुलना में मेडिकल कॉलेज खोले जाए ताकि अधिक से अधिक डॉक्टर मिले। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिले स्तर पर अनिवार्य रूप से मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने की जो योजना क्रियान्वित की है उसके चलते प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। आने वाली भविष्य में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी तो डॉक्टरों की कमी की समस्या से निजात मिलेगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमने अस्पतालों में सेवा देने के लिए डॉक्टर को मुंह मांगा पैकेज देने की योजना भी बनाई है। जिसके चलते डॉक्टरों की पद स्थापना अस्पतालों में की जा रही है। आने वाले समय में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में जो जरूरी व्यवस्था की कमी है उसे सुधारने और सरकारी अस्पताल में रिक्त पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया।
प्रभारी मंत्री ने ताप्ती मंदिर पहुंचकर मां ताप्ती के दर्शन किए उसके उपरांत अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। प्रभारी मंत्री के निरीक्षण के दौरान विधायक चंद्रशेखर देशमुख,जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार,भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, नपा अध्यक्ष वर्षा गडेकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज हरमाडे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर गजेंद्र मीणा,डॉक्टरों की टीम के साथ उपस्थित थे




