Betul News: खोखरापूर्व बीट में 10 सागौन के ठूंठ मिले, वन विभाग ने दर्ज किया पीओआर

सांझवीर टाईम्स में खबर प्रकाशित होने के बाद एसडीओ ने दिए थे जांच के निर्देश, वनरक्षक पर कार्रवाई और नुकसान की वसूली की तैयारी
Betul News: बैतूल। शाहपुर वन परिक्षेत्र की खोखरापूर्व बीट में सागौन कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सांझवीर टाइम्स द्वारा जंगल में सागौन के पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाए जाने के बाद शाहपुर एसडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान टीम को जंगल में सागौन के 10 ठूंठ मिले, जिसके बाद वन विभाग ने मामले में पीओआर दर्ज कर दिया है। शाहपुर एसडीओ के अनुसार जांच दल द्वारा मौके का निरीक्षण करने पर 10 सागौन के ठूंठ पाए गए। इनकी जांच के बाद वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।
विभाग द्वारा काटे गए पेड़ों से हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। मामले में संबंधित वनरक्षक के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की तैयारी है। एसडीओ ने बताया कि वन क्षेत्र में हुए नुकसान की राशि का आकलन कर नुकसान की वसूली भी की जाएगी। कार्रवाई के बाद यह स्पष्ट होगा कि लापरवाही के लिए किस स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाती है।
मिट्टी में दबे ठूंठों की भी चर्चा
इधर मामले की जांच के बाद एक और गंभीर जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मामला सामने आने के बाद कुछ कथित मजदूरों की मदद से कुछ ठूंठों को मिट्टी के नीचे दबा दिया था। जांच दल मौके पर पहुंचा तो ये ठूंठ उसकी नजर में नहीं आ सके। यदि दबाए गए ठूंठ भी जांच में सामने आते हैं तो सागौन कटाई की संख्या बढ़ सकती है।
अब विभाग के सामने यह सवाल भी है कि जंगल में पेड़ों की कटाई कब हुई, इसकी जानकारी संबंधित अमले को क्यों नहीं हुई और जांच से पहले ठूंठों को मिट्टी में दबाने की बात कितनी सही है। विभागीय कार्रवाई और आगे की जांच में इन बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




