Betul College Chauk : कालेज चौक से आभाश्री तक हटेगा स्थाई अतिक्रमण
Betul College Chauk: Permanent encroachment will be removed from College Chowk to Abhashree.

कलेक्टर ने निरीक्षण कर नपा को निर्देशित किया, दो दिनों में अतिक्रमण हटाने की हिदायत
Betul College Chauk : बैतूल। जेएच कालेज से होटल आभाश्री तक बने टूलेन के आसपास वर्षों से जमे अतिक्रमणकारियों के लिए बुरी खबर है। सड़क मार्ग में बाधा बनने और अन्य समस्याओं से निजात दिलाने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर नगरपालिका दोनों ओर लगाए गए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी कर चुकी है। आधा सैकड़ा से अधिक अतिक्रमणकारियों को दो दिन की मोहलत दी गई है।
समय पर अतिक्रमण न हटाने पर सोमवार को पूरी दुकानें सख्ती से हटाई जाएगी। नगरपालिका भविष्य में अतिक्रमणकारियों से बचने के लिए दोनों ओर फुटपाथ का भी निर्माण करेंगी। यह भी निर्णय आचार संहिता के बाद लिए जाने की संभावना है।
नपा ने कालेज चौक से प्राइमरी स्कूल तक टूलेन सड़क बनाने का निर्णय लिया था। हालांकि होटल आभाश्री से प्राइमरी स्कूल तक टूलेन सड़क नहीं बनी है, इसके लिए काम जारी है। हालांकि कालेज चौक से आभाश्री के पहले तक डिवाइडर युक्त सड़क बनने से लोग इस मार्ग से यातायात सुलभ हुआ है।
इतना जरूर है कि डिवाइडर का स्पेज छोड़ने से कुछ दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सड़क तक बाजार लगने और दुकानें होने के कारण यातायात बाधित होने की समस्या आम बात हो गई है। एक करोड़ की लागत से सड़क बनाने के बाद भी नपा के पास दोनों ओर 15-15 फीट की जमीन बची है। इसी जगह अतिक्रमकारियों ने कहीं स्थाई तो कहीं अस्थाई अतिक्रमण कर टूलेन की सुंदरता पर ग्रहण लगा दिया है।
कलेक्टर निरीक्षण करने आए तो लगाई फटकार
शुक्रवार परशुराम जयंती का अवकाश होने के बावजूद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कालेज चौक पर चल रहे कुछ निर्माण कार्य के अलावा जेएच कालेज में मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि इस दौरान उन्हें वनिता समाज का रास्ता अतिक्रमणकारियों की वजह से बंद होने की शिकायत की गई। इसके अलावा कलेक्टर ने भी जेएच कालेज के सामने बेजा अतिक्रमण देखकर नपा के राजस्व अमले को फटकार लगाई।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नपा के राजस्व अमले को स्पष्ट हिदायत दी कि कालेज चौक से दोनों ओर के अतिक्रमण दो दिन में हटाए जाए। कलेक्टर के निर्देश मिलते ही नपा का राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और सारे दुकानदारों को अल्टीमेटम दिया है कि रविवार शाम तक अपने अतिक्रमण हटा ले, अन्यथा सोमवार नपा अस्थाई अतिक्रमण जब्त कर लेगी।
भविष्य में फुटपाथ बनने से मिलेगा फायदा
नपा ने टूलेन बनाने के पहले 16-16 मीटर की सड़क दोनों ओर बना ली,लेकिन शेष बची जगह का उपयोग करने का प्लान नहीं बनाया। इसी वजह सड़क किनारे दोनों ओर इस मार्ग पर अतिक्रमण कर आधा सैकड़ा से अधिक दुकानें लग गई है। कलेक्टर के निर्देश के बाद नपा भविष्य में स्थाई अतिक्रमण न होने के लिए फुटपाथ बनाएगी, ताकि हाथठेले पर सुबह दुकानें लगाकर शाम को घर जाने वाले छोटे दुकानदारों को रोजगार का भी मौका मिले, लेकिन पक्का अतिक्रमण करने वालों को अब कलेक्टर के निर्देश पर अब नपा मोहलत देने के मूड में नहीं है। संभावना है कि अगले माह आचार संहिता खत्म होने के बाद कालेज से आभाश्री तक स्थाई अतिक्रमण को हटाने के लिए नपा दोनों ओर फुटपाथ बनाने का निर्णय ले सकती है।
इनका कहना..
सुबह कलेक्टर साहब कालेज चौक और मतगणना स्थल का निरीक्षण करने आए थे। उन्होंने अतिक्रमण देखने के बाद नाराजगी जताई है। हमने राजस्व अमले से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा है।
नगेंद्र वागद्रे, उपयंत्री नपा बैतूल।
कलेक्टर साहब के निर्देश पर कालेज चौक से पीएनबी के आगे तक लगाए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दे दिया है। सोमवार तक अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक नपा बैतूल





