Betul Mahashivratri News: महाशिवरात्रि कल,हर-हर महादेव से गूंजेेंगे शिवालय श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारों की शुरुआत भोपाली शिव गुफा में जाने पर प्रतिबंध, लगाई एलईडी
Betul Mahashivratri News: Mahashivratri tomorrow, Shivalaya will echo with Har-Har Mahadev.

श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारों की शुरुआत भोपाली शिव गुफा में जाने पर प्रतिबंध, लगाई एलईडी…
Betul Mahashivratri News:(बैतूल)। जिले भर में भगवान भोलेनाथ की आराधना का महापर्व महाशिवरात्रि 8 मार्च शुक्रवार को मनाया जाएगा। यह दिन भगवान शिव का आशीर्वाद पाने के लिए सबसे खास माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। महाशिवरात्रि का पर्व जिले में हमेशा ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन जिले के शिवालयों में एवं प्राकृतिक स्वयंभू शिव स्थलों पर मेलों का भी आयोजन होता है। इस बार जिला मुख्यालय पर एक शिव बारात निकाली जाएगी। जिसको लेकर व्यापक तैयारियों का दौर चल रहा है। भोलेनाथ के विवाह के लिए सगाई, टीका, मंडप, हल्दी, मेंहदी, संगीत की रस्में निभाई जा रही है। इसके अलावा भोपाली, पचमढ़ी, मठारदेव जाने श्रद्धालुओं का कारवां निकलने लगा है। महाशिवरात्रि फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन सर्वर्थसिद्धि योग सुबह 06. 38 से 10.41 बजे तक रहेगा।महाशिवरात्रि की पूजा निशिता काल में की जाती है।
इस बार महाशिवरात्रि पर शनि प्रदोष व्रत भी पड़ रहा है। प्रदोष व्रत में भी भगवाव शिव और मां पार्वती की पूजा की जाती है, जो बेहद शुभ फलदायी साबित होता है। भोपाली शिव गुफा में प्रवेश पर प्रतिबंध महाशिवरात्रि के दिन भोपाली छोटा महादेव में विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार भी मेला लगेगा, लेकिन इस बार शिव गुफा के भीतर जाने पर प्रतिबंध लगाया है। शिव गुफा के ऊपरी हिस्से पहाड़ी में दरार आने के कारण पहाड़ी दरकने का खतरा बना हुआ है। इसलिए इस बार जिला प्रशासन ने शिव गुफा के भीतर जाने पर प्रतिबंध लगाया है। शिव गुफा के दर्शन के लिए तीन बड़ी एलईडी टीवी लगाई गई है। इस एलईडी टीवी के माध्यम से भगवान शिव के दर्शन किए जाएंगे। पहाड़ी के भीतर कोई भी प्रवेश न कर सके इसलिए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए है।
भोपाली मेले में गुरूवार से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। पहाड़ी में दरार आने को लेकर प्रशासनिक महकमा अलर्ट है। शिवालयों में विशेष अनुष्ठान की तैयारी शिवरात्रि के अवसर पर जिले भर में शिवालयों में विशेष अनुष्ठान की तैयारी की जा रही है। हवन पूजन के बाद भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर शिवम सेवा समिति कोठीबाजार बैतूल द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भोलेनाथ की भक्ति के महापर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर तीन दिवसीय भंडारा आज दोपहर से प्रारंभ कर दिया है। महाआरती के बाद भोपाली महादेव जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कमानी गेट के भंडारा प्रारंभ किया गया।
इधर शहर के अखाड़ा चौक मंदिर, थाना चौक, सोनाघाटी, बालाजीपुरम, पुरातन शिव मंदिर भैंसदेही, हनुमान डोल, नीलकंठ महादेव सदर, शिव शक्ति मंदिर विनोबावार्ड, माता मंदिर, बीजासनी मंदिर, सालबर्डी, भोपाली, बारालिंग सहित अन्य शिव मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। कुछ स्थानों पर मेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। मेलों में तैनात लगभग 600 पुलिसकर्मी महाशिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले मेलों को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए है। आरआई दिनेश मर्सकोले ने बताया कि मेलों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए है। मेलों में लगभग 600 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 200 से अधिक होमगार्ड सैनिकों की भी तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए वनकर्मियों को लगाया गया है। इस बार लगभग 40 से 50 पुलिसकर्मियों का बल जिले के बाहर से बुलाया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अलग-अलग मेला क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा।





