Betul Samachar Today : प्रभारी वनवृत बैतूल कलेक्टर के आदेश को भी नहीं मान रहे एकलव्य के प्राचार्य निर्देश के बावजूद अब तक नहीं हटाया अथिति अधीक्षकों को
Betul Samachar Today: Betul forest in-charge is not even following the orders of the collector. Eklavya's principal has not removed the guest

Betul Samachar Today : (बैतूल)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर में लाखों रुपए का फर्जीवाड़ा करने वाले प्राचार्य एसके डोनीवाल ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के आदेशों को भी मानने से इंकार कर दिया है। इससे प्रतीत हो रहा है कि प्राचार्य अपने आप को कलेक्टर से भी ज्यादा पावरफुल मानकर चल रहे हैं। शिकायतकर्ता मुन्नालाल वाडि़वा का कहना है कि 15 फरवरी 2024 को पत्र क्रमांक 817 में कलेक्टर ने प्राचार्य को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एकलव्य आवासीय विद्यालय शाहपुर में पदस्थ अतिथि छात्रावास अधीक्षक आशीष यादव एवं अतिथि अधीक्षिका स्वेता बिसेन तत्काल पद से पृथक किया जाए, परंतु इस आदेश को प्राचार्य ने मानने से इनकार कर दिया है।
7 मार्च तक कोई कार्रवाई नहीं की गई एवं अतिथि छात्रावास अधीक्षकों को पूरे माह का भुगतान करने के साथ साथ इनकी सेवाएं भी ली जा रही हैं। जबकि इस पूरे घटना क्रम में दोनों अथिति अधीक्षक भी उतने ही दोषी हैं, जितने की प्राचार्य, व्याख्यता और पीजीटी हैं। क्या कहते हैं कलेक्टर के निर्देश एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर में हुए फर्जीवाड़ा को लेकर जांच के बाद मामला पानी की तरह साफ हो गया था। इसके बाद कलेक्टर ने जारी आदेश में उल्लेखित किया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में क्रय की गई सामग्रियों में भ्रष्टाचार होने संबंधी शिकायत की जांच तीन सदस्यीय दल गठित कर कराई गई। जांच उपरान्त पाया गया कि सामग्री क्रय उपरान्त विद्यालय में स्थानीय स्तर पर सत्यापन के लिये गठित की गई समिति में अतिथि अधीक्षक आशीष यादव एवं अतिथि अधीक्षिका श्वेता बिसेन को भी सदस्य बनाया गया था।
समिति के सदस्यों के द्वारा सामग्री के सत्यापन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई है। सामग्रियां क्रय आदेश, अनुबंध एवं देयक में अंकित स्पेशिफिकेशन के अनुसार सामग्री प्राप्त नहीं होने के उपरान्त भी गुणवत्ताहीन प्राप्त सामग्री का सत्यापन कर भुगतान की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा माह जुलाई एवं अगस्त 2023 में मेस संचालक ठेकेदार को मेस व्यय के भुगतान से संबंधित देयक का परीक्षण किए जाने पर यह पाया गया है कि माह जुलाई, अगस्त 2023 में देयक के साथ अधीक्षकों के द्वारा उपस्थिति के आधार पर व्यय का जो आंकलन किया गया है, उसमें विद्यार्थियों की उपस्थिति को बढ़ाकर राशि रुपए 2 लाख 43 हजार का अधिक भुगतान कराया जाकर शासन को हानि पहुंचाई गई है। इस प्रकार कार्यरत अतिथि अधीक्षक, अधीक्षिका के द्वारा अपने कर्तव्य का निर्वहन निष्ठापूर्वक नहीं किया है।
अत: उपरोक्त अनियमितताओं के फलस्वरूप आशीष यादव, अतिथि अधीक्षक एवं श्वेता बिसेन, अतिथि अधीक्षिका, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर को अतिथि अधीक्षक के पद से पृथक किए जाने की कार्यवाही तत्काल की जाना सुनिश्चित करें । इस संबंध में सहायक आयुक्त शिल्पा जैन को उनके मोबाइल पर काल किया, लेकिन नंबर ब्लाक होने के कारण सांझवीर टाईम्स प्रतिनिधि की चर्चा नहीं हो सकी।





