Betul Samachar: तीन टुकड़ों में बंट गया शिवधाम भोपाली का पहाड़
Betul Samachar: The mountain of Shivdham Bhopali got divided into three pieces.

सुरक्षा को लेकर निरीक्षण के लिए पहुंची अधिकारियों की टीम, शिवरात्रि मेले पर संशय…
Betul Samachar:(बैतूल)। महा शिवरात्रि का पर्व करीब है। ऐसे में जिला मुख्यालय के करीब स्थित शिवधाम भोपाली में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का यहां जुटना भी तय माना जा बारिश और पहाड़ से बहने वाले पानी की वजह से पहाड़ यहां तीन टुकड़ों में बंट चुका है। ऐसे में एक बड़े हादसे के होने से इनकार नहीं किया जा सकता। खतरे को दृष्टिगत रखते शुक्रवार कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर दर्जन भर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचाई गई है। इनमें एसडीएम, खनिज अधिकारी, खनिज निरीक्षक , तहसीलदार सहित तमाम अधिकारी शामिल है जो मौके का निरीक्षण कर यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि तीन टुकड़ों में बंट चुके पहाड़ की दरारें कहीं खतरे का सबब ना बन जाए। इधर जानकार बताते हैं कि यदि प्रशासन की रिपोर्ट निगेटिव गई तो 8 मार्च को महाशिवरात्रि पर लगने वाले मेले पर भी संकट के बादल मंडरा सकते हैं।
हो सकता है गम्भीर हादसा
दरअसल रानीपुर से महज 4 किलो मीटर दूर पहाड़ की गुफा में विराजे भगवान भोले नाथ का यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। प्रति वर्ष शिवरात्रि पर जिले के सैकड़ों ग्रामो और बाहरी जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में कोई गम्भीर हादसा ना हो जाये इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पांव फुले हुए हैं। भगवान भोले नाथ का मंदिर पहाड़ की एक गुफा में स्थित है। जिसके ठीक ऊपर पानी के तेज बहाव के चलते पहाड़ तीन अलग अलग टुकड़ों में बंट गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रत्येक टुकड़े के बीच करीब 10 से 15 फिट का गेप हो चुका है। यहां स्थिति ये है कि भीड़ बढ़ने से पहाड़ के धंसकने की पूरी सम्भवना महसूस की जा रही है। ऐसे में बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। लिहाजा अब अधिकारियों और टेक्नीशियनों की टीम मौके पर भेजी गई है। जो पहाड़ी दरारों का बारीकी से अध्ययन कर यह तय करेगी कि श्रद्धालुओं का आना जाना यहां किस तरह के खतरे को जन्म दे सकता है या नहीं। निरीक्षण के बाद अधिकारी अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंगे । इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जा सकेगा।





