Betul News: अतिक्रमण के नाम आगे पाट पीछे सपाट की तर्ज पर काम कर रहा सिस्टम
Betul News: In the name of encroachment, the system is working on the lines of flattening the back.

80 की सड़क 40 फीट पर सिमटी, सैकड़ों दुकानदारों का सामान सड़क से पांच फीट तक आगे, कोई रोकने-टोकने वाला नहीं
Betul News: बैतूल। जिले में आमद के तुरन्त बाद कलेक्टर ने चुन चुन कर शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटवाकर आम आदमी को राहत देने का काम किया था, लेकिन चंद दिनों के भीतर हालात फिर जस के तस होने से लोग फिर मुसीबत में आ गए हैं। बडोरा, गंज और कोठीबाजार क्षेत्र में अतिक्रमण ने पुन: पैर पसार लिए हैं। इन क्षेत्रों संचालित दुकानें एक बार फिर सड़कों पर नजर आने लगी हैं। इसके पीछे पहले यह तर्क दिया जा रहा था कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए कुछ दिनों के लिए बाजार व्यस्त नजर आ रहा। दीपावली का त्योहार निपटने को 8 दिन बीत चुके हैं, अतिक्रमण आज भी जहां की तहां ही नजर आ रहा है और नपा के अधिकारी सहित यातायात पुलिस आंखें मूंदे बैठे हुए हैं।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बडोरा क्षेत्र में पैदल घूम घूम कर अव्यवस्थाएं अपनी आंखों से देखी थी। सामने खड़े रहकर सड़क पर पसरी दुकानों और साइन बोर्ड तक हटवा कर जेसीबी से रास्ता क्लियर करवाया था। लेकिन वर्तमान मे यहाँ के हालात पहले जैसे ही हो चुके हैं। दुकाने फिर से सड़क पर लगने लगी हैं तो मनमर्जी से वाहन खड़े करने से पल पल जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। जबकि यह सड़क सीधे हाइवे से जुड़ी होने की वजह से यहां दिन भर ट्रेफिक का दबाव ज्यादा होता है। वर्तमान में मंडी में मक्का की आवक भी जमकर हो रही है। किसानों के ट्रेक्टर सड़क के आजू बाजू खड़े रहने से भी यातायात प्रभावित हो रहा है। लेकिन समस्या की तरफ अधिकारीयो का ध्यान ना होने से आम जनता तकलीफें झेलने को मजबूर है।

बस स्टैंड से लल्ली चौक तक मनमानी का आलम
अतिक्रमण की सबसे ज्यादा मार कोठी बाजार के लल्ली चौक से बस स्टैंड तक ज्यादा नजर आ रही है। सड़क के दोनो तरफ कपड़े, जूते चप्पल और फलों की करीब 100 दुकाने लगी हुई हैं। यह उसी जगह पर लगाई जा रही हैं जिसे कुछ महीने पहले ही कलेक्टर ने ही खाली कराई थी।लेकिन यहां भी हालात फिर जस की तस बन चुके हैं। जिस जगह सड़क बनाई जानी है वहां तक दुकाने फैलाई जा चुकी हैं। बस स्टैंड करीब होने से दिन भर सड़क पर लोगों की आवा जाही बनी रहती है। इन दुकानों में आने वाले ग्राहक सड़क पर ही वाहन खड़े कर खरीददारी में व्यस्त हो जाते हैं और करीब 80 फिट की सड़क पर वाहनों का निकलना तक मुश्किल हो रहा है। लोगो को सबसे ज्यादा दिक्कत एमजी काम्प्लेक्स से लेकर पुराने जनपद कार्यालय तक उठानी पड़ रही है। यहां दुकानदारो की मनमानी का ही नतीजा है कि आम लोगों को इसका खामियाजा रोजाना ही भुगतना पड़ रहा है।
स्टेशन रोड के सामने भी सड़क पर वाहन
अतिक्रमण की मार से शहर का अतिव्यस्ततम मार्ग स्टेशन रोड भी अछूता नहीं है। स्टेशन के ठीक सामने सड़क संकरी होने से आम जनता सहित व्यापारियों को पल पल जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सड़क के दोनों तरफ करीब 50 अस्थाई दुकाने संचालित की जा रही हैं इनमे होटलें, पान ठेले और चाय की दुकाने शामिल हैं। ग्राहकों के वाहन सड़क पर पार्क होने की वजह से सड़क और ज्यादा संकरी हो जाती है । इससे वाहनों की क्रासिंग तक नहीं हो पाती है। अचानक जाम लगने से लोगों को परेशानी तो उठानी पड़ ही रही है समय अलग खराब हो रहा है, लेकिन ना यातायात पुलिस को इससे कोई लेना देना है और ना ही नगर पालिका के अधिकारियों को सिस्टम है कि आगे पाट और पीछे सपाट की तर्ज पर चल रहा है।
इनका कहना…..
अतिक्रमण को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बैठक ली है। ग्यारस के बाद मुहिम शुरू किए जाने का निर्णय ले लिया गया है। नगरपालिका क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना पहली प्राथमिकता पर रखा गया है
बृजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक नपा बैतूल




