Betul News Today : निर्माण कार्यों पर भेदभाव पर कांग्रेसी पार्षदों का नपा के सम्मेलन में हंगामा
Betul News Today: Congress councilors created ruckus in NAPA conference over discrimination in construction works.

पार्षदों का सवाल- आठ माह में टेंडर होने के बाद काम नहीं हो रहे, अधिकारियों का जवाब- नियम से हुए काम…
Betul News Today :(बैतूल)। लंबे समय बाद नगरपालिका का सम्मेलन सोमवार को बाल मंदिर सभागृह में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में वैसे 31 विषयों को ही शामिल किया गया था, लेकिन दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ सम्मेलन कांग्रेस पार्षदों के बैठक में लगातार अपने वार्डों की उपेक्षा के कारण हंगामे की भेंट चढ़ गया। हालांकि नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ ने पार्षदों की समस्या का निदान करने का आश्वासन दिया, लेकिन कांग्रेसी पार्षदों ने पहली बार एकजुटता दिखाते हुए अपने वार्ड में काम नहीं होने का ठीकरा अधिकारियों पर फोड़ दिया। आरोप-प्रत्यारोपों के बीच भाजपा पार्षदों के वार्ड में करोड़ों के काम करने के आरोप लगे तो सीएमओ ने स्पष्ट कह दिया कि सभी पार्षदों के वार्ड में बिना भेदभाव के काम किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने दोपहर 2.30 बजे तक सम्मेलन जारी था।
सोमवार को बाल मंदिर सभागृह में नगरपालिका सम्मेलन औपचारिक शुरुआत हुई। सम्मेलन में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया, सभी पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन के शुुरुआत में नगरपालिका अध्यक्ष ने एजेंडों पर चर्चा करना शुरू किया तो सभी पार्षदों ने धैर्य बनाकर रखा। जैसे ही विषयों की बात आगे बढ़ी तो सभी पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि इसके पहले नगरपालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर ने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्माण कार्य सहित अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए तो बैठक में सन्नाटा पसर गया। हालांकि सीएमओ श्री भदौरिया ने बात को संभालते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्षदों के कामों को प्राथमिकता दी जाए। उनके दो टूक के बाद अधिकारी बगले झांकने लगे। हालांकि बैठक में नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने कहा कि सभी पार्षदों के साथ लेकर नगर का विकास करना उनकी लक्ष्य है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। इसके बाद जैसे कांग्रेसी पार्षदों की नाराजगी एकदम सामने आ गई।
नेता प्रतिपक्ष के तीखे सवाल
सामान्य तौर पर शांत स्वभाव के कहे जाने वाले नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान लंबे समय बाद हो रहे सम्मेलन में जमकर भड़ास निकालते नजर आए। उन्होंने सवाल किया कि उनके शास्त्री वार्ड में 8 माह पहले से पाइप आकर रखे हैं। वार्ड में पानी की इतनी समस्या होने के बावजूद काम पूरा नहीं किया गया। पिछले आठ दिनों से मुझे आज-कल काम शुरू करने का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि दूसरे वार्ड में पाइप लाइन डाली जा चुकी है, फिर उनके वार्ड में भेदभाव क्यों किया जा रहा है। कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी उन्होंने जमकर भड़ास निकालते कहा कि कांग्रेसी पार्षद कोई काम के लिए नपा जाते हैं तो उन्हें सम्मान नहीं दिया जा रहा है। इस पर नपा अध्यक्ष ने सीएमओ से कहा कि कांग्रेसी पार्षदों के सम्मान का भी पूरा ख्याल रखा जाए।
महिला पार्षद बैठक में जमकर बिफरी

जाकिर हुसैन वार्ड की कांग्रेसी पार्षद नंदिनी तिवारी के तेवर काफी तीखी रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षद चुने हुए डेढ़ वर्ष का कार्यकाल बीत गया, लेकिन नपा में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। छोटे-छोटे कामों के लिए अधिकारियों के चक्कर काटना पड़ता है। उन्होंने तो अध्यक्ष पर ही सवाल खड़े करते हुए कहा कि वे किसी कांग्रेसी पार्षद का लेटर उठाकर नहीं देखती है। उन्होंने कहा कि वे अपने द्वारा बताए कामों की लिस्ट लेकर आई है। न तो वार्ड में रोड बन रही है और न ही नालियां, कोई काम गंभीरता से नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे भेदभाव में हमारा पार्षद रहने का क्या मतलब। उनके तीखे तेवर देखकर बैठक में सन्नाटा पसर गया। इसके अलावा वे कई अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी काफी मुखर दिखाई दी।
नफीस बोले- 50 लाइट हर वार्ड में लगना था, कौन खा गया?
पूरी बैठक में तिलक वार्ड के कांग्रेसी पार्षद अब्दुल नफीस के तेवर देखने लायक थे, वे जोरशोर से बैठक में भेदभाव के आरोप लगाते रहे। उन्होंने आरोप लगाए कि कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों में भाजपा शासित भेदभाव कर रही है। हमारे वार्डों के लिए एक लाख तक का बजट नहीं दिया जा रहा है। उनके द्वारा इस संबंध में जानकारी मांगी गई थी कि कितने वार्डों में, कितना बजट निर्माण कार्य के लिए दिया है, जो जानकारी मिली है उसके आधार पर कह सकता हूं कि केवल कुछ भाजपा पार्षदों के वार्ड में करोड़ों के बजट दिए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाए कि हर वार्ड के लिए 50-50 लाइट दिए जाने की बात कही थी, लेकिन आज तक एक भी लाइट नहीं दिए। आखिर लाइट कौन खा गया? इस पर सीएमओ ने विद्युत शाखा के सब इंजीनियर से सवाल किया तो वे गलत जानकारी देने लगे। इस पर पार्षद फिर बिफर गए। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वास्थ्य शाखा में कौन-कौन सी दवाइयां खरीदी गई है और कितनी, इसकी जानकारी दी जाए, इस पर स्वास्थ्य निरीक्षक जवाब देते रहे, लेकिन पार्षद आरोप लगाते रहे कि झूठ बोल रहे हैं।
गंज प्राथमिक शाला- अभिनंदन सरोवर में लगेंगे बाजार
बैठक में कुल 31 विषयों पर की गई है। इनमें गंज बाजार प्राथमिक शाला के भवन वाले और कोठीबाजार अभिनंदन सरोवर के पास लगेगा। परिषद के सम्मेलन में अभिनंदन सरोवर पर यू सेफ काप्लेक्स निर्माण करने, शास्त्री स्टेडियम का विस्तारीकरण एवं स्पोर्टस हब, अंडर ग्राउंड पार्किंग नपा परिषद करने, कोठीबाजार में कृषि विभाग की भूमि स्थापित करने, जेल की भूमि निकाय को हस्तांरित करने, सुभाष स्कूल की जमीन पर विकास की प्लानिंग करने, नेहरू पार्क चौपाटी का सौंदर्यीकरण करने, विभिन्न वार्डों में सड़क, प्रकाश व्यवस्था हेतू 8 मीटर ऊंचे ट्यूबलर पोल लगाने, जेसीबी वाहन क्रय करने, बड़ी स्काय लिफ्ट वाहन क्रय करने, गौशाला कढ़ाई भूमि का सीमांकन, बाउंड्रीवाल निर्माण करने, अग्निसुरक्षा के लिए एक फायर वाहन क्रय करने, कचरा संग्रहण के लिए दो 407 हाईड्रोलिक वाहन क्रय करने, वार्डों में सेफ्टी टैंक, सेक्शन मशीन क्रय करने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
इनका कहना…
कांग्रेसी पार्षद भेदभाव के आरोप लगा रहे थे, यह गलत है। सभी वार्डों ेमें बिना भेदभाव के काम कर रहे हैं। हमारी वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए परिषद में नए निर्माण के प्रस्ताव नहीं रखे गए, केवल पुराने प्रस्तावों को ही शामिल किया गया।
ओमपाल सिंह भदौरिया, नपा सीएमओ बैतूल।





