Betul News : शहर वासियों को मिलेगी ट्रैफिक सिग्नल की सौगात
Betul News: City residents will get the gift of traffic signals.

पहले चरण में कॉलेज चौक और कारगिल चौक पर लगेंगे सिग्नल
Betul News : (बैतूल)। चौक-चौराहों पर बेतरतीबी से गुजरने वाले ट्रैफिक अब काफी हद तक कंट्रोल होने की संभावनाएं हैं। बैतूल विधानसभा की कमान विधायक हेमंत खंडेलवाल के हाथों में आने के बाद जनता की मूलभूत सुविधाओं सहित विकास कार्यों पर पहली प्राथमिकता के साथ फोकस किया जा रहा है। शहर की सड़कों के कायाकल्प के साथ साथ चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की प्रक्रियाा भी जल्द से जल्द अस्तित्व में लाये जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पहले चरण में कॉलेज चौक एवं कारगिल चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने कि तैयारी नगरपालिका ने शुरू कर दी है।
परिषद में प्रस्ताव पहले से पारित
नगरपालिका में लोकनिर्माण विभाग इंजीनियर नगेन्द्र वागद्रे के मुताबिक दोनों चौराहों पर ट्रेफिक सिग्नल सबसे पहले लगाए जाने हैं, क्योंकि इन दोनों चौराहों पर सिग्नल लगाए जाने के प्रस्ताव परिषद में पारित कर दिए गए थे। अब सिग्नल लगाए जाने के लिए एजेंसी द्वारा दोनो चौराहों का सर्वे कराया जाना है। लोकसभा चुनाव के पहले दोनो ही चौराहों पर सिग्नल लगवा दिए जाने की समय सीमा तय की गई है।
एक सिस्टम पर 40 से 50 लाख का खर्च
श्री वागद्रे ने बताया कि एक चौराहे पर सिग्नल सिस्टम लगाए जाने का खर्च लगभग 40 से 50 लाख रुपये तक आता है। इस तरह दोनो चौराहों पर सिग्नल लगाए जाने में लगभग 1 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। क्योंकि इसके चारों तरफ लाईट सिग्नल एक्टिवेट सिस्टम सुचारू रूप से चलाए जाने के सिस्टम पर ज्यादा खर्च आता है। इन दोनों चौराहों के बाद एस पी ऑफिस चौराहे पर भी ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की योजना है। जिसके बाद शहर में जहां जहां जैसी भी स्थिति बनेगी उसी के मुताबिक सिग्नल लगाए जाएंगे।




