Betul Samachar: विधायक की परिकल्पना पर यूनीपोल लगाकर पानी फेर रही नपा
Betul Samachar: NPA is spoiling the hypothesis of MLA by imposing Unipol

चौराहों के विस्तार और सौंदर्यीकरण पर लगाया पलीता, कारगिल चौक आधार केंद्र
Betul Samachar: बैतूल। लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयास करने वाले बैतूल के विधायक(अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी) के प्रयासों को नगरपालिका ही पलीता लगाने से नहीं चूक रही है। उनके संज्ञान में लाए बिना नगरपालिका ने एक फर्म को यूनीपोल लगाने के लिए नियम विरूद्ध अनुमति दे डाली। इसका बेहतरीन उदाहरण कारगिल चौक है, यहां चौराहें का सौंदर्यीकरण का सबसे विशेष ध्यान रखा गया था। विधायक ने ही कारगिल चौक पर लगी मिसाइल को हटाकर बीच में लगाने के लिए सभी से सहमति की थी। इसी स्थान पर अब नपा एक डिवाइडर को हटाकर यूनीपोल लगाने के लिए चहेती फर्म को अनुमति देकर विधायक के आदेश की अनदेखी कर दी है।
सांझवीर टाईम्स यूनीपोल लगाने के मामले को अंकों में लगातार खबरें प्रकाशित कर रहा है। जनहित के इस मामले की खासियत यह है कि नपा ने बिना किसी राशि लिए फर्म को होर्डिंग के टेंडर में ही यूनीपोल लगाने की अनुमति देकर अपना तगड़ा नुकसान कर डाला। यह खबर नपा के हर जिम्मेदार को है, लेकिन सब आंखे बंद कर बैठे हैं। नपा में आखिर हो क्या रहा, यह बात भी उन्हें नहीं पता है। यही वजह है कि शहर में यूनीपोल लगाने के लिए फर्म अपने मन से नपा की अनुमति बताकर सुंदरता पर ग्रहण लगा रही है। इसका आम नागरिकों और पार्षदों ने भी खासा विरोध किया है। बताया जाता है कि पार्षदों की नाराजगी के परिणाम कुछ दिनों बाद देखने को मिल जाएंगे।
विधायक की परिकल्पना फिरा पानी
यहां चौकाने वाली बात यह है कि शहर के सात से अधिक चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए विधायक ने 5.50 करोड़ की राशि से काम करने के लिए नपा को सहमति दिलाई। इसमें सबसे प्रमुख चौराहा कारगिल चौक था। वाहनों की सबसे ज्यादा आवाजाही इसी चौक से होती है। यही पर नपा ने कारगिल चौक से पीपल चौक जाने वाले मार्ग का पहला डिवाइडर हटाकर ठेकेदार को नियम विरूद्ध यूनीपोल लगाने की अनुमति दे दी। जबकि विधायक हेमंत खंडेलवाल ने चौराहें के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए राशि स्वीकृत कराई।
कारगिल चौक पर लगी मिसाइल को हटाकर बीच में लगाने के लिए सभी से चर्चा कर सहमति बनाई। इसके बावजूद विधायक के परिकल्पनाओं को दरकिनार करते हुए नपा ने कारगिल चौक पर एक डिवाइडर को हटाकर यूनीपोल लगाने के लिए स्टैंड निर्माण करना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि यदि चौराहें के विस्तार करने में यूनीपोल का अडं़गा आया तो विधायक हेमंत की योजना पर पानी फिरना तय माना जा रहा है। इसके लिए प्रत्यक्ष रूप से नपा ही जिम्मेदार कही जाएगी।
स्थानों का भी ध्यान रखने मेें चूक , पार्षदों की नाराजगी
यूनीपोल लगाने के मामले में नपा खुद विवादों में घिर गई है। दरअसल पहले तो होर्डिंग के साथ यूनीपोल लगाना था तो परिषद और पीआईसी में प्रस्ताव लेना था, लेकिन नपा ऐसा न कर सबसे बड़ी चूक की। इसके बाद नियम विरूद्ध शहर के उन स्थानों पर होर्डिंग की जगह पांच यूनीपोल लगाने की तैयारी की जा रही है, जहां पहले ही होर्डिंग लगाकर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके बावजूद यूनीपोल लगाने के लिए स्थान तय कर लिए गए। इसी वजह पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। बिना पार्षदों के सहमति के इस तरह की अनुमति फर्म को देकर विवाद और बढ़ा दिया है। चूंकि यह मामला नपा की राजस्व हानि से जुड़ी है, इसलिए पार्षद भी खासे नाराज बताए जा रहे हैं।
इनका कहना…
मैंने राजस्व अमले को निर्देशित कर दिया है। कहीं पर भी नियम विरूद्ध यूनीपोल लगाए जाएंगे तो हम कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल
मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं हैं। यदि टेंडर में यूनीपोल शामिल नहीं थे तो परिषद और पीआईसी की बैठक में पारित कराना था। मैने आज ही इस संबंध में नपा द्वारा कई मामलों की जानकारी न देने पर सीएमओ के समक्ष आपत्ति भी जताई है।
महेश राठौर, उपाध्यक्ष नपा बैतूल
मुझे भी इस बारे में जानकारी नहीं है, इतना जरूर पता है कि होर्डिंग और यूनीपोल में अंतर है। यदि शर्तों का इसमें उल्लेख नहीं है तो पीआईसी और परिषद में चर्चा की जा सकती थी और अधिक जानकारी के लिए इस बारे में अधिकारियों से बात करूंगा।
कैलाश धोटे, सांसद प्रतिनिधि नपा बैतूल




