Betul News : पोस्टल बैलेट की गणना से मिलने शुरू हो जाएंगे चुनाव परिणाम
Betul News: Election results will start coming after counting of postal ballots.

घोड़ाडोंगरी में सर्वाधिक 17.38 राउंड, आमला में सबसे कम 13.14 राउंड होंगे
Betul News : (बैतूल)। आगामी 3 दिसम्बर को होने वाली मतगणना के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी है। जेएच कॉलेज में मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने निर्वाचन आयोग को टेबल बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा था। बुधवार इसके लिए अनुमति मिल गई है। चुनाव आयोग से अनुमति मिलने के बाद तस्वीर सामने आ रही है कि बैतूल में 18 टेबल पर मतगणना होगी, वहीं शेष चार विधानसभा मुलताई, घोड़ाडोंगरी, भैंसदेही और आमला में 21-21 टेबलों पर मतगणना की जाएगी।
आमला में सबसे कम मतदान केन्द्र होने के कारण दोपहर के पहले ही यहां के परिणाम आ जाएंगे, लेकिन घोड़ाडोंगरी के मतदान में विलंब हो सकता, क्योंकि यह विधानसभा सबसे बड़ा है। हालांकि पोस्टल बैलेट की मतगणना के बाद पांचों विधानसभाओं से रूझान मिलना शुरू हो जाएगा। जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए राउंड भी तय कर लिए है। पिछले चुनाव में केवल 14 टेबलों पर मतगणना हुई थी। इस वजह वोटों की गिनती में समय लगा और परिणाम भी विलंब से आए।
इसके बाद जिला प्रशासन ने चुनाव आयोग से टेबलों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा था, इसे मंजूरी मिल गई। उप निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद खान ने बताया कि चुनाव आयोग से अनुमति मिलने के बाद बैतूल में 18 टेबलों पर मतगणना की जाएगी। दूसरी ओर शेष चार विधानसभाओं में 21-21 टेबलों में मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी अमनबीरसिंह बैंस द्वारा मतगणना टेबल बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसी अनुसार मतगणना का काम किया जाएगा। टेबल बढ़ने से चुनाव परिणामों में भी इस बार देरी नहीं होगी।
मतगणना के लिए 500 कर्मचारियों की ड्यूटी
श्री खान ने बताया कि मतगणना के लिए लगभग 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए सारे कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। 38 से अधिक मास्टर ट्रेनरों ने कुल 500 कर्मचारियों को उत्कृष्ट स्कूल में प्रशिक्षण दिया है। कर्मचारियों को मतगणना के लिए वीवीपैट और ईव्हीएम में गिनती के तरीके भी बताए गए है। पोस्टल बैलेट की गिनती के लगभग 30 से 40 मिनट के बाद कर्मचारियों द्वारा ईव्हीएम की गणना शुरू की जाएगी।
ऐसे होगी राउंडवार मतगणना
उप निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद खान ने बताया कि चुनाव आयोग से अनुमति के बाद राउंडवार मतगणना भी तय कर ली गई है। मतगणना के लिए सबसे अधिक घोड़ाडोंगरी विधानसभा में 17.38 राउंड में मतगणना का काम पूरा होगा। भैंसदेही में 16.52 राउंड और बैतूल में 16.50 राउंड में मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि मुलताई में 14.09 और सबसे कम आमला 13.14 राउंड में मतगणना का काम पूरा हो जाएगा।




