Betul News: Video: शिक्षा के मंदिर में देशभक्ति ताक पर, शिक्षकों ने किया फूहड़ता का प्रदर्शन
Betul News: Video: Patriotism at stake in the temple of education, teachers displayed vulgarity

मेरे कालेज की एक लड़की है गीत पर जमकर लगाए ठुमके
Betul News: बैतूल। गणतंत्र दिवस पर पूरा माहौल देशभक्ति में डूबा हुआ था जगह-जगह देशभक्ति से ओत-प्रोत तराने भी गूंज रहे थे, लेकिन पट्टन ब्लाक के ग्राम हिवरखेड़ के सरकारी स्कूल में शिक्षकों ने शर्म हया दोनों ताक पर रखकर फूहड़ता का ऐसा प्रदर्शन किया कि हर कोई उनकी निंदा करने लगा। मंच पर मेरे कालेज की एक लड़की है…. गीत पर एक छात्रा से ठुमके तो लगवाए ही, बल्कि गांव के सरपंच विश्वनाथ धोटे सहित अन्य शिक्षक भी छात्रा के साथ ठुमके लगाने से पीछे नहीं रहे।
बेशर्मी की हद तो तब हो गई,जब डांस कर रहे शिक्षक एक दूसरे का हाथ पकड़ कर उन्हें भी नृत्य के लिए प्रेरित करते नजर आए। गणतंत्र दिवस पर इस फूहड़ता के प्रदर्शन का वीडियो वायरल होते ही ग्राम सरपंच सहित शिक्षकों की करतूत सार्वजनिक हो गई। हालांकि यह वीडियो शाला में 25 जनवरी को होने वाले आनंद उत्सव का बताया जा रहा है। इसके बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
दरअसल गणतंत्र दिवस पर शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल हिवरखेड़ में हुए कार्यक्रम में सरपंच विश्वनाथ धोटे और शिक्षक अपनी मर्यादा भूलकर बच्चों के सामने अशोभनीय व्यवहार करते नजर आए। 26 जनवरी के इस कार्यक्रम में स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक श्री काले और अन्य शिक्षक विद्यार्थियों के सामने एक शिक्षिका के साथ फूहड़ गानों पर डांस करते दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे शिक्षक जो बच्चों को शिक्षा और अनुशासन का पाठ पढ़ाने के लिए जिम्मेदार हैं, वे खुद अनुशासनहीनता का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह शर्मनाक है, बच्चों पर इसका गलत प्रभाव भी पड़ सकता है। ग्रामीणों ने इस घटना पर शिक्षा विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक खुद मर्यादा का पालन नहीं कर सकते, वे बच्चों को क्या अनुशासन सिखाएंगे। घटना विकासखंड प्रभातपट्टन के अंतर्गत शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल हिवरखेड़ की है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि संबंधित शिक्षकों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
इनका कहना….
मेरे पास भी यह शिकायत आई है, बीईओ को जांच के निर्देश दिए जा रहे हैं, जांच के बाद यदि गलती सामने आती है तो कार्यवाही की जाएगी।
अनिल कुशवाह, जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल




