Betul Today News: भीमपुर के स्वास्थ्य विभाग में राशि का बड़ा हेरफेर उजागर

Betul Today News: Major manipulation of funds exposed in Bhimpur health department

शिकायत के आधार पर एक्शन हो तो नप जाएगी कई बड़े अधिकारियों की गर्दन

Betul Today News: (बैतूल)। स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्ट तंत्र की सरपरस्ती में भ्रष्टाचार पनप रहा है। विभाग में वित्तीय अनियमितताएं और घोटाला भीमपुर में पदस्थ प्रभारी अधिकारी के लिए बाएं हाथ का खेल हो गया है। हर हेल्थ स्कीम में भ्रष्टाचार करने के बाद जिम्मेदार ने लाखों के वारे न्यारे किए है। रोगी कल्याण समिति की धनराशि का दुरुपयोग हो रहा है। फर्जी बिल बाउचर बनाकर लगाए जा रहे हैं। हैरान कर देने वाली बात यह है कि पोल खुलने के बाद भी अफसर मामले की जांच न कर भ्रष्टाचारियों को बचा रहे हैं। ऐसे में उन पर उंगली उठना भी लाजिमी है।

अधीनस्थ अमले में कड़ी नाराजगी के बाद अधिकारी के भ्रष्टाचार की एक के बाद एक परतें खुल रही हैं।बीएमओ की जिला स्तर से लेकर भोपाल तक अधिकारियों से अच्छी खासी सेटिंग होने के कारण वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचारों की जांच नहीं हो पा रही है। शिकायत के आधार पर अगर एक्शन हो तो कई बड़े अधिकारियों की गर्दन नप जाएगी, लेकिन शासन तक इसकी गूंज होने के बावजूद मामला कागजी कार्यवाही तक ही सिमट रहा है। खुलासा यह भी हुआ है कि अधिकारी द्वारा सीएचसी पीएचसी केंद्रों से लेकर हर छोटे-बड़े स्वास्थ्य कार्यक्रम के सहारे मोटा पैसा कमाया जा रहा है। सरकार की योजनाओं को चूना लगाने के लिए स्वास्थ्य प्रोग्राम की प्रचार सामग्री छपवाने में भारी घालमेल किया गया है। यही नहीं, स्वास्थ्य केंद्रों पर किए गए सुधार कार्यों में भी धांधली पकड़ी है। नाम मात्र के कार्यों में व्यापक भुगतान किया गया है।

एक पोस्टर लगाकर खपा लिए 90 हजार

सूत्र बताते है कि भीमपुर ब्लॉक में वर्तमान में 45 जनारोग्य केंद्र है, 3 वर्ष से हेल्थ एवं प्रोग्राम एक्टिविटी की राशि के नाम पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल से भीमपुर बीएमओ को 7500 के हिसाब से 2 लाख 32 हजार 500 की राशि जारी की गई, जिसके सम्बन्ध में पत्र भी है। साथ ही वार्षिक अनटायर्ड फंड के रूप में 20 हजार की राशि जारी की गई। बीएमओ ने सीएचसी को मिलने वाली 2 लाख 32 हजार 500 की राशि रोगी कल्याण में रखकर उसका भी दुरूपयोग कर डाला। 45 कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को मुख्यमंत्री, प्रधान मंत्री के शहडोल के लाइव प्रसारण लिए 2 हजार प्रति सेंटर की राशि 90 हजार जारी की गई थी, जिसे भीमपुर बीएमओ ने एक पोस्टर लगाकर उड़ा दी। जिससे दूरांचल की ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजना की जानकारी से वंचित रहना पड़ा।

शासन वाकिफ, कार्यवाही सिफर

बीते साल से लेकर अब तक बीएमओ द्वारा की गई अनियमितताओं की निष्पक्ष तरीके से जांच हो तो बहुत अधिकारी इसकी लपेट में आ जाएंगे। भीमपुर में जो कुछ हो रहा है, उससे वरिष्ठ अधिकारी तक वाकिफ है, लेकिन एक्शन के नाम पर मामला सिफर ही है। घोटाले की खबरें बाहर आते ही अब स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारी मामले को दबाने की कोशिशों में लगे हैं। इस सम्बंध में बीएमओ ब्रजेश यादव से उनके नम्बर पर लगातार संपर्क कर राय जानने के लिए कॉल किया, लेकिन उन्होंने आज भी मोबाइल रिसीव नहीं किया।

इनका कहना…..

मुझे कुछ दिन पहले ही सीएमएचओ का चार्ज मिला है। आपके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

डॉ अशोक बारंगा, प्रभारी सीएमएचओ, बैतूल।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button