Betul Samachar : क्या जयस के साथ होगा कांग्रेस का गठबंधन?
Betul Samachar : Will there be an alliance of Congress with Jayas?, hints found in Pachauri's press conference, press conference on Jan Aakrosh Yatra

पचौरी की पत्रकारवार्ता में मिले संकेत, जन आक्रोश यात्रा पर की पत्रकारवार्ता

Betul Samachar : (बैतूल)। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को देखकर अब कांग्रेस भी जनाक्रोश यात्रा का आयोजन कर रही है। यात्रा को लेकर बुधवार निजी होटल में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारवार्ता में पूर्व केबिनेट मंत्री एवं यात्रा प्रभारी सुरेश पचौरी,पूर्व केबिनेट मंत्री प्रदीप जैन, मुलताई विधायक सुखदेव पांसे, कांग्रेस के जिला प्रभारी चन्द्र प्रकाश द्विवेदी सहित कांग्रेस पदाधिकारी उपस्तिथ थे। पत्रकारवार्ता को संबोधित करते श्री पचौरी ने आने वाले चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए इस बात के संकेत दिए हैं कि बैतूल जिले कि विधानसभाओं में जयस संगठन से समझौता किया जा सकता है ।
हालांकि ऐसा होगा या नहीं यह तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन यह बात सही है कि इस चुनाव में जिले की पांचों विधानसभाओं में जयस अपने उम्मीदवार मैदान में उतारने की पूरी तैयारी कर रही है। श्री पचौरी से जब इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों को देखते जयस के साथ समझौते पर विचार किया जा सकता है। इस संबंध में आगे चर्चा करेंगे। यह तो तय है कि कहीं ना कहीं इस चुनाव में जयस की मौजूदगी से कांग्रेस में घबराहट का माहौल बन रहा है।
जयस ने शीर्ष नेतृत्व पर धकेला मामला
विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे सरगर्मी भी बढ़ती जा रही है, गठजोड़ की रणनीति पर भी जोर आजमाइश शुरू हो चुकी है। कांग्रेस के पूर्व केबिनेट मंत्री सुरेश पचौरी के इस दावे में कितना दम है, यह भी साफ होता जा रहा है। जयस के जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने सीधे तौर पर तो इससे इत्तफाक नहीं रखा पर उनका यह कहना है कि समझौता करना या ना करना हमारे हाथ में नहीं है। यदि जयस के शीर्ष नेतृत्व से इस संबंध में कांग्रेस की चर्चा होती है तो कुछ कहा जा सकता है। शीर्ष नेतृत्व से जो भी निर्देश मिलेंगे, उसी के मुताबिक आगे की रणनीति तय की जाएगी। पत्रकार वार्ता में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम , प्रदेश महासचिव समीर खान, प्रदेश सचिव तिरुपति एरुलू, संभागीय प्रवक्ता हेमन्त पगारिया, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हेमंत वागद्रे , जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा , जिला सेवादल अध्यक्ष अनुराग मिश्रा , राजेन्द्र जायसवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रजनीश मंगू सोनी सलमान भाई समेत कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
- Also Read: Betul Collector News : सीएम के संज्ञान में लाया जाएगा कलेक्टर के ट्विटर हैंडल का चर्चित मामला
केंद्र एवं राज्य सरकारों की नाकामियां गिनाई
पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व केबिनेट मंत्री प्रदीप जैन एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी ने सिलसिलेवार भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकारों की नाकामियां गिनाते हुए बताया कि पिछले कुछ सालों के दौरान देश और प्रदेश में कई ऐसे घोटाले हुए है जो जनता के बीच नहीं पहुंच पाए। जन आक्रोश रैली के जरिए कांग्रेस हरदा, बैतूल, होशंगाबाद और छिंदवाड़ा जिलों की लगभग 22 विधानसभाओं में पहुंचकर इन घोटालों और शासकीय योजनाओं की धरातल पर न उतरने की जानकारी जनता तक पहुंचाएगी। वहीं उन्होंने बैतूल जिले की पांचों विधानसभाओं में भी कई मुद्दें ऐसे गिनाएं, जिन्हें पूरा करने का वादा तो किया गया था, लेकिन आज भी यह मुद्दें, मुद्दें ही बने हुए हैं।




