Betul Samachar : Video – भाजपा नेता का भंडाफोड़, पुलिस कार्रवाई में पकड़ाए 900 बकरें-बकरी
Betul Samachar : Video: BJP leader busted, 900 goats caught in police action

सांझवीर की खबर के बाद पुलिस ने हैदराबाद जा रहे 6 वाहनों को पकड़ा
Betul Samachar बैतूल। बैतूल से प्रकाशित सांध्य हिंदी दैनिक सांझवीर टाईम्स गंभीर मुद्दों पर प्रशासन और पुलिस का ध्यान दिलाकर चौथे स्तंभ की सशक्त भूमिका निभा रहा है। अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारी इसे कितनी गंभीरता से लेते हैं, इसकी बानगी बीती रात झल्लार थाना क्षेत्र में भी देखने को मिली। एसपी निश्चल एस झारिया ने बकरे-बकरी परिवहन की खबर को गंभीरता से लेते हुए एएसपी के नेतृत्व में जांच टीम बनाई तो 6 ट्रकों से हैदराबाद जा रहे बकरा-बकरियों को बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के बाद तय हो गया है कि यह ट्रक भैंसदेही क्षेत्र के तथाकथित भाजपा नेता की पर्ची और झल्लार थाने की संदिग्ध भूमिका के बाद आगे बढ़ रहे थे।
उत्तरप्रदेश के झांसी से हैदराबाद तक पिछले कई दिनों से पशुओं की तस्करी की जा रही है। सूत्र बताते हैं कि इस तस्करी में कई थानों की भूमिका संदिग्ध है, लेकिन झल्लार थाना क्षेत्र में एक विधायक के खास माने जाने वाले मनोज टेपो नामक कांग्रेस से भाजपा में आए छुटभैया नेता की देखरेख में यह काम चल रहा था।
सांझवीर टाईम्स ने दो दिन पहले ही जैसे ही पर्ची सिस्टम से बकरा-बकरियों की दलाली करने की खबर प्रकाशित की, छुटभैया नेता मनोज केरपानी से रफू चक्कर होकर बैतूल आ गया। हालांकि उसके कर्मचारी केरपानी मंदिर के आसपास ढाबों से बकरें-बकरियों से भरे ट्रकों को एक हजार की रसीद थमा रहे थे। यह जानकारी भी बीती रात इस प्रतिनिधि ने निश्चल एस झारिया को दी थी। उन्होंने दो दिन पहले ही एएसपी कमला जोशी को जांच अधिकारी बनाकर मामले में जांच के निर्देश दिए थे।
एसपी की फटकार मिली तो पकड़ाए 6 ट्रक
झल्लार पुलिस अब तक अपने थाने के सामने से बकरे-बकरियों से भरे ट्रकों को कितने आसानी से जाने दे रही थी, इसका उदाहरण बीती रात देखने को मिल गया था। भाजपा नेता द्वारा चालू किए गए पर्ची सिस्टम में झल्लार पुलिस के एक आरक्षक की भी जांच चल रही है। इस बीच बुधवार की दरम्यानी रात 12.30 बजे तक कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश के झांसी से हैदराबाद जाने वाले 6 ट्रकों को बकरा-बकरियों समेत धरदबोचा।
इन ट्रकों के चालक मोनू पिता सियाराम यादव, जिला शिवपुरी, साहिल पिता रसीद खान, अमोला जिला शिवपुरी, राजेंद्र पिता रोशन लाल लोधी कन्हैया ढाना शिवपुरी, प्रताप सिंह पिता रामेश्वर दौलतपुर, जिला कानपुर, संजू पिता श्रवन लाल परिहार करौंदी जिला शिवपुरी और पवन पिता धरम सिंह गोस्वामी जोशी मोहल्ला शिवपुरी को हिरासत में लिया गया। सभी पर पशु क्रुरता की अधिनियम की धारा 66/192 ए के तहत कार्रवाई की गई है। पशुओं को गौशाला भेजने की तैयारी की जा रही है। जब्त किए गए ट्रकों के क्रमांक up- ct -6843, up-93-ct-6331, mp – 09- hh-3908, up-92-AT-2308, RJ-11-GC-4563, MP-09-HH-4922 है।
ट्रक चालकों ने बताई पर्ची सिस्टम की हकीकत
भले ही पुलिस ने सांझवीर की खबर के बाद ट्रक चालकों ने बकरा-बकरियों से भरे 6 ट्रकों को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली, लेकिन हकीकत यह है कि यह पूरा अवैध काम झल्लार पुलिस की जानकारी के बिना संभव नहीं था। सूत्र बताते हैं कि दलाल और तथाकथित भाजपा नेता मनोज टेपो के संरक्षण में चल रहा था। सांझवीर टाईम्स के स्टिंग ने भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की पोल एक ड्राइवर ने केरपानी के पास भाजपा नेता मनोज टेपो के कर्मचारियों द्वारा एक हजार रुपए लेकर पर्ची थमाए जाने की बात सामने आई है।
इसके अलावा ट्रक चालक से एक हजार लेकर पर्ची देने का भी एक वीडियो सांझवीर टाईम्स के पास साक्ष्य के रूप में मौजूद है। इस आधार पर पुलिस के अलावा भाजपा भी दलाल पर कार्रवाई कर सकती है।
इनका कहना…
एसपी साहब के निर्देश पर झल्लार पुलिस ने बकरा-बकरियों से भरे ट्रक जब्त किए। सभी आरोपियों पर पशु क्रुरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कमला जोशी, एएसपी बैतूल।





