Betul Today News: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जिम्मेदारों के लिए बना कुबेर का खजाना
Betul Today News: Eklavya Model Residential School becomes Kuber's treasure for those in charge

करोड़ों के बजट को ठिकाने लगाने नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां, कलेक्टर से शिकायत के बाद भी नतीजा सिफर…
Betul Today News:(बैतूल)। शासकीय राजस्व को ठिकाने कैसे लगाया जाता है। इसका उदाहरण तब देखने को मिला जब एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर में छात्रावास संचालन के लिए दिए गए करोड़ों रुपयों की बन्दर बांट की शिकायत कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से की गई। मय सबूत की गई शिकायत में आवासीय विद्यालय के प्राचार्य एसके डोनीवाल पर आरोप लगाया गया है कि आवासीय विद्यालय के संचालन के लिए शासन द्वारा दिए जाने वाले लगभग 6 करोड़ के बजट को ठिकाने लगाने के लिए नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
कई फर्म ऐसी है जिनसे लाखों रुपए की सामग्री की खरीदी कर ली गई, लेकिन यह सामग्री आवासीय विद्यालय पहुंची या नहीं इसका प्रमाण सिर्फ संबन्धित फर्म द्वारा दिया गया बिल ही है। सामग्री आवासीय विद्यालय परिसर तक सप्लाई हुई भी है या नहीं इस सवाल का जवाब तब ही मिल पायेगा जब कलेक्टर इस फर्जीवाड़े की जांच करवाएंगे। जानकारों का भी मानना है कि आवासीय विद्यालय के इस मामले की जांच यदि सूक्ष्मता से कराई जाती है तो इस विभाग से जुड़े कई अधिकारियों की पर्दे के पीछे खेला जाने वाला काला खेल उजागर हो जाएगा।
एक ही फर्म से कई बार कर डाली खरीदी
शिकायतकर्ता आरटीआई कार्यकर्ता वामन पोटे ने आवासीय विद्यालय के सम्पूर्ण स्टाफ पर आरोप लगाते हुए शिकायत में बताया कि विद्यालय संचालन के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली करोड़ों रुपए की राशि मे भारी फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। नियम ये है कि एक फर्म से साल में 5 बार खरीदी किये जाने का प्रावधान है, लेकिन प्राचार्य और प्रबन्धन ने मिलकर इस नियम को दरकिनार करते हुए कई बार खरीदी कर डाली ओर लाखों रुपयों का भुगतान भी किया गया है। बैतूल के कई फर्मों से ही करीब 6 से 7 बार लाखों रुपयों की खरीदी की गई है। इस प्रकार कई ऐसी भी फर्मों के प्रमाण मौजूद हैं जिनसे कई दफे खरीदी की गई है। सम्बन्धित सामग्री किस प्रयोजन से खरीदी गई है। सामग्री का उपयोग विधालय परिसर में किया गया है या नहीं । या फिर केवल बिल लेकर राशि का भुगतान कर दिया गया यह सब जांच का विषय है।
एक बच्चे पर खर्च करने हैं 1 लाख 5 हजार रुपए
शिकायत कर्ता के मुताबिक जानकारी में यह पाया है कि आवासीय विद्यालय परिसर के संचालन को लेकर शासकीय धन का स्वहित साधने में भी उपयोग किया जा रहा है। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त किए गए दस्तावेज खुद बता रहे हैं कि प्रबन्धन द्वारा लाखों रुपयों की कई खरीदी ऐसी की गई हैं जिनका कोई औचित्य नहीं है। इस आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगभग 600 है। इनमें 300 लड़कियां और 300 लड़के अध्ययनरत हैं। शासन द्वारा इन विद्यार्थियों के रहने खाने पीने, पुस्तक कॉपी पेन से लेकर कई उपयोगी सामग्री की खरीदी के लिए सालाना लगभग 6करोड़ रुपये का बजट दिया जाता है। एक बच्चे पर कुल 1 लाख 5 हजार रुपये खर्च किये जाने के निर्देश हैं, लेकिन क्या इतनी राशि बच्चों पर खर्च की जा रही है या नहीं यह जांच का विषय है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि मामले की गम्भीरता से जांच कराई जाए तो जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हो सकता है। इसमें विभाग से जुड़े कई बड़े अधिकारी नप सकते हैं।
हीमोग्लोबिन की कमी से एक छात्रा की हो चुकी है मौत
करोड़ों के बजट वाले एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों पर शासन करोड़ों रुपए सिर्फ इसलिए खर्च कर रहा है कि इस विद्यालय में पड़ने वाले प्रतिभावान विद्यार्थी एक मुकाम हासिल कर सकें। परिसर में ही रहने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए इन्हें दोनो टाइम पौष्टिक भोजन दिए जाने के भी प्रावधान किए गए हैं। सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या इन विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है या नहीं। इसके जवाब में शिकायत कर्ता का कहना है कि विधालय में पड़ने वाले विद्यार्थियों को यदि पौष्टिक भोजन दिया जाता तो हीमोग्लोबिन की कमी से इसी विद्यालय में पड़ने वाली एक छात्रा की मौत नहीं होती। भीमपुर विकासखण्ड के ग्राम झापल में रहने वाली एक छात्रा ने मई 2023 में इसी विधालय में एडमिशन लिया था।
नबम्बर माह में उसका स्वास्थ्य खराब होने के चलते प्रबन्धन द्वारा उसे उसके घर भेज दिया गया था। करीब 20 से 25 दिन पूर्व उक्त छात्रा कि मौत हीमोग्लोबिन की कमी के चलते हो गयी। सवाल ये खड़ा हो रहा है कि जब आवासीय विद्यालय परिसर में रहने वाले बच्चों पर इतना पैसा खर्च कर इन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराए जाने के प्रावधान हैं। तो हीमोग्लोबिन की कमी से उक्त छात्रा की मौत आखिर कैसे हो गयी। ऐसे तमाम सवाल है जिसकी जांच की जाए तो आवासीय विद्यालय में किये जा रहे फर्जीवाड़े की परते एक के बाद एक खुलती चली जाएगी।





