Betul Municipality News : बैतूल नपा का गजब का कारनामा: कागजों में पूरे हो गए 131 कार्य
Betul Municipality News: Amazing feat of Betul Napa: 131 works completed on paper

रिपोर्ट में 145 में से महज 14 कार्य प्रारंभ नहीं होने की झूठी जानकारी अधिकारियों को दी, सभी आंख बंद कर बैठे
Betul Municipality News : (बैतूल)। जिला मुख्यालय की नगरपालिका में ऊपर से लेकर नीचे तक के अधिकारी किस तरह का काम कर रहे हैं, इसका अंदाजा काम शुरू नहीं होने के बावजूद शुरू होने की भ्रामक जानकारी अधिकारियों को देने के बाद लगाए जा सकता है। सब इंजीनियरों ने ऐसा कारनामा किया है कि आंख बंद कर शीर्ष अधिकारी भी उनकी रिपोर्ट के आधार पर काम शुरू होने की भ्रामक जानकारी दे रहे हैं। नगरपालिका की लोकनिर्माण शाखा के ऑफ द रिकार्ड पर यकीन करें तो आचार संहिता के पहले से लेकर अब तक 145 में से 131 कार्य शुरू हो चुके हैं। केवल 14 कार्य ऐसे हैं जो शुरू नहीं हो सके हैं। यानी निर्माण कार्य की प्रगति का सब इंजीनियरों की रिपोर्ट के आधार पर 95 प्रतिशत माना जा सकता है।
यानी कछुआ चाल से चल रहे कामों में आचार संहिता खत्म होने के बाद ऐसी कौन सी जादुई छड़ी से काम शुरू करने की जानकारी दे दी यह किसी के गले नहीं उतर रही है। सांझवीर टाईम्स ने 131 कामों में से अधिकांश की पड़ताल की तो इक्का-दुक्का छोड़कर कोई काम शुरू नहीं हो पाए हैं। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सब इंजीनियरों ने किस तरह से आंखों में धूल झोंककर ठेकेदारों से मिलकर भ्रामक जानकारी दे दी। नगरपालिका में काम कैसा होता है यह दूसरे जिले के लोगों को आकर देखना चाहिए। कहने को बैतूल जिला मुख्यालय की नगरपालिका की मॉडल के रूप में प्रदर्शित की जाती हैं, लेकिन यहां पदस्थ अधिकारियों ने अपने फायदें के लिए हर तरह के झूठ बोलकर न सिर्फ चुने हुए जनप्रतिनिधियों बल्कि सीएमओ तक गुमराह करने तक कोई कसर नहीं छोड़ी।
यह नई बात नहीं है, सिलसिला वर्षों से चला आ रहा है। कम से कम आचार संहिता लगने के पहले चुनावी साल में अधिकारियों को अपना रवैया बदलने की हिदायत नए सीएमओ ने दी थी, लेकिन हवाबाज सब इंजीनियरों ने जिस तरह उन्हें भ्रामक जानकारी दी, इससे पूरी नगरपालिका की थू-थू हो रही है। सब इंजीनियरों ने अपने अधिकारियों को जिस तरह से झूठ का पुलिंदा सौंपा है, उसी के आधार पर कागजों पर काम होने की जानकारी न सिर्फ अधिकारियों बल्कि मीडिया को भी दी जा रही है। इतनी बड़ी चूक पर नगरपालिका के जिम्मेदार क्या रूख अपनाते हैं यह देखने लायक होगा।
लोगों को गुमराह करना चुटकियों का काम
बैतूल नगरपालिका मेें सीएमओ के अधीनस्थ ईई समेत एक एई और चार सब इंजीनियर कार्यरत है। यदि निर्माण कार्य से जुड़ी पीडब्ल्यूडी शाखा की बात करें तो यहां भी भारी भरकम संख्या में कर्मचारियों की तादाद है। इसके बावजूद काम की गति देखकर कोई भी शिकायत किए बिना नहीं रहता है। आम लोग अपने वार्ड की समस्या को लेकर ईई समेत सब इंजीनियरों के पास जाते हैं तो चुटकियों में गुमराह करना बाय हाथ का खेल हो गया है। पार्षदों की तो इन अधिकारियों के सामने दाल ही नहीं गल रही। नगरपालिका में किस तरह का काम हो रहा है इस बात को लेकर कुछ माह पहले ही पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और विकास वार्ड के पार्षद आनंद प्रजापति ने सोशल मीडिया पर फाइलों के लोक निर्माण शाखा में धूल खाने को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। इस पर अच्छी खासी चर्चा भी होते रही। अधिकारियों की किरकिरी हुई तो बैठक लेकर काम की गति बढ़ाने को लेकर फटकार लगी, लेकिन कुछ दिनों बाद नतीजा सिफर निकला।
ठेकेदारों के प्रेम और स्नेह में जकड़े सब इंजीनियर
इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है कि सीएमओ को ईई, एई और सब इंजीनियरों ने करीब 26 करोड़ के 145 कामों में से 131 काम शुरू होने की जानकारी दे दी गई है। इसे अधिकारियों का ठेकेदारों के प्रति स्नेह कहे या प्रेम? झूठी जानकारी देकर सीएमओ को तक गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जिन 131 कामों के शुरू होने की जानकारी सब इंजीनियरों की रिपोर्ट पर अधिकारियों को दी गई है, इसमें बड़ी लापरवाही की बू आ रह है। फिलहाल कालेज रोड पर डिवाइडर समेत चंद काम प्रारंभ होते दिखाई दे रहे हैं। 145 में से अधिकांश काम शुरू नहीं होने के बावजूद सब इंजीनियरों ने गलत जानकारी देकर खुद मिट्टी पलीत कर ली है। इसकी जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने भी जमकर आलोचना की है।
इनका कहना…
मैंने सभी इंजीनियरों से शुरू होने वाले निर्माण कार्यों की जानकारी मांगी है। सभी से भूमिपूजन और निर्माण कार्य शुरू होने के फोटो के अलावा वर्क आर्डर जारी होने की जानकारी बुलवाई है। यदि जानकारी भ्रामक निकलती है तो इस बारे में सीएमओ से चर्चा करेंगे।
पार्वती बाई बारस्कर, अध्यक्ष नपा बैतूल।
यह बहुत गंभीर मामला है। बिना काम शुरू हुए जानकारी दी गई है तो सब इंजीनियरों को तलब किया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
ओमपाल सिंह भदोरिया, सीएमओ नपा बैतूल।




