Betul Corruption News: रिश्वत लेने वाले आपूर्ति अधिकारी पर कार्रवाई तय नहीं
Betul Corruption News: Action not decided against the supply officer who took bribe

कारण बताओ नोटिस जारी किया, जवाब के बाद बढ़ेगी कार्रवाई आगे
Betul Corruption News: बैतूल। भैंसदेही के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा पानी निकलने के बाद सील किए गए झल्लार के एक पेट्रोल पंप संचालक से 50 हजार की रिश्वत लेने के मामले में तीन दिन बाद भी कार्रवाई तय नहीं हो पाई है। दरअसल मंगलवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने भैंसदेही के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। शुक्रवार को जवाब आने के बाद मामले में जांच टीम बनाई जा सकती है। हालांकि कलेक्टर ने दोहराया है कि रिश्वत के मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी।
झल्लार के रूद्रानी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के संचालक नयन कुमार आर्य ने सोमवार बैतूल पहुंचकर शिकायत की थी कि उनके पेट्रोल पंप पर बारिश के समय छाते और प्लास्टिक की पन्नियों के सहारे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा जांच की गई थी। 29 जुलाई को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अकेले जांच के नाम पर पेट्रोल पंप पहुंचे और बिक्री रोकने के मौखिक आदेश दे दिए, लेकिन पंचनामा बनाकर उन्होंने मैनेजर की मौजदूगी में पेट्रोल पंप सील कर दिया। गाइड लाइन के मुताबिक जांच दल को सभी वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए।
30 जुलाई को वेंडर की तकनीकी टीम ने जांच की तो रिपोर्ट में टैंक में पानी की मात्रा टोलरेंस लीमिट के भीतर पाई गई। इसके बावजूद पेट्रोल पंप को जानबूझकर सील नहीं किया गया। उनका आरोप था कि उनसे 1 अगस्त को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने डीलर पर रिश्वत देने का दबाव बनाया। आर्य ने बताया कि बदनामी और सामाजिक दबाव से मजबूर होकर 50 हजार रुपए भैंसदेही के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को दिए गए। यह सारी गतिविधियां यहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सोमवार को उन्होंने मामले में कलेक्टर से जांच की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम को जांच के निर्देश दिए।
फिलहाल उन्होंने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भैंसदेही को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। टेकाम ने बताया कि जवाब आने के बाद निश्चित रूप से कार्रवाई तय करेंगे। इस संबंध में कलेक्टर ने सांझवीर टाईम्स को बताया कि इस मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। जवाब आने पर कार्रवाई भी तय की जाएगी।




