Betul Samachar : चुनावी चौसर की बिसात में ,भाजपा से हेमंत और कांग्रेस से सुखदेव सुपर बॉस
Betul Samachar: Hemant from BJP and Sukhdev from Congress are super bosses in the chess board

महत्वपूर्ण चुनाव समितियों में दोनों नेताओं को मिला महत्वपूर्ण स्थान
Betul Samachar : (बैतूल)। सही मायने में यदि देखा जाए तो राजनीति के कैरियर में एक मुकाम हसिल करने के लिए सीढ़ी उसी नेता को हासिल होती है जिसमे राजनीति की समझ के साथ सेवा भाव और सहन शक्ति का भी गुण हो,मौजूदा हालात बता रहे हैं कि इन नेताओं में जिला भाजपा में पूर्व विधायक हेमंत खंडेलवाल और कांग्रेस में मुलताई विधायक सुखदेव पांसे ही सर्वोपरि नेता माने जा रहे हैं।
आने वाले चुनावों के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दल चुनावी चौसर कि बिसात बिछाने में लगे हुए हैं। विभिन्न समितियों में एक के बाद एक अनुभवी नेताओं को शामिल किया जा रहा है, जिससे आने वाले विधान सभा चुनावों में इन नेताओं के अनुभव का लाभ पार्टी को मिल सके।
मंगलवार अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जनरल सेकेट्री के सी वेणु गोपाल ने 20 सदस्यीय मध्य प्रदेश चुंनाव समिति का गठन किया जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को शामिल करने के अलावा मुलताई विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे को भी शामिल किया गया है।
पांसे को मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी यह बता रही है कि कांग्रेस में सुखदेव पांसे का कद कितना बड़ा है। पांसे पूर्व मुख्य मंत्री कमलनाथ के काफी करीबी और विश्वस्त भी माने जाते हैं।
समिति में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, राज्यसभा सदस्य विवेक तनखा, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव , पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के अलावा कुछ अन्य विधायकों को भी शामिल किया गया है।
इसी तारतम्य में केंद्रीय भाजपा नेतृत्व द्वारा भी पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक हेमंत खंडेलवाल को अति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाजा गया है। श्री खंडेलवाल को प्रदेश चुंनाव वित्त प्रबंधन समिति के अलावा चुंनाव प्रबंध समिति का भी सदस्य नियुक्त किया गया है।
हेमंत को मिली यह जिम्मेदारी उनके कुशल नेतृत्व और सफल प्रबंध कर्ता की ओर इशारा करती है। इसके पूर्व उन्होंने केंद्रीय और प्रादेशिक स्तर पर अपने राजनीतिक कौशल से कई बार पार्टी नेताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। जिन समितियों में हेमंत खंडेलवाल को स्थान दिया गया है ये दोनों ही समितियां चुनावो को लेकर अति महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।
कुल मिलाकर यह कहा जाना न्यायोचित होगा कि आगामी विधान सभा चुनावों में जिला भाजपा से हेमंत खंडेलवाल तो जिला कांग्रेस से सुखदेव पांसे सुपर बॉस के रूप में नजर आएंगे।
कठिन समय में भाजपा के पालनहार बने हेमंत
एक बार के सांसद एवं एक बार के विधायक हेमंत खण्डेलवाल की राजनीतिक चतुराई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां उन्होंने एक जनप्रतिनिधि होने के दायित्वों का सफल निर्वहन किया, तो वहीं दूसरी तरफ कई मौके ऐसे भी आए जहां उन्होंने कठिन समय में पार्टी की रीति-नीति और सोच विचार के अनुरूप अपने आप को ढालकर पार्टी को मुसीबतों से निकालने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
इसी का परिणाम है कि भाजपा ने उन्हें समय-समय पर महत्वपूर्ण पदों से नवाजते हुए उनकी सफल राजनीति का उपभोग भी किया। जनप्रतिनिधि भी न होते हुए भी उन्होंने सत्ता और संगठन दोनों के लिए निष्पक्ष भूमिका समय-समय पर अदा की और यही वजह है कि जिला, प्रदेश एवं केन्द्रीय भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के बीच उन्होंने अपनी पैठ स्थापित कर ली और यही वजह है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में खण्डेलवाल पर पुन: विश्वास कर पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण समितियों में स्थान देना उचित समझा।




