Betul News : आयकर विभाग ने दस साल पहले मर चुकी शिक्षिका को भेजा वसूली का नोटिस
Betul News: Income Tax Department sent recovery notice to the teacher who died ten years ago

मृतिका के पति ने एसपी से शिकायत कर लगाई न्याय की गुहार
Betul News : (बैतूल)। वर्ष 2013 में स्वर्ग सिधार चुकी एक शिक्षिका का परिवार उस समय खासी मुसीबत में फंस गया, जब आयकर विभाग ने दिवंगत शिक्षिका के नाम करीब 7 करोड़ 55 लाख 69 हजार रुपए आयकर जमा करने का नोटिस भेज दिया। जैसे ही परिजनों को यह नोटिस मिला उनके होश उड़ गए। दरअसल आयकार विभाग ने जिस शिक्षिका के नाम से वसूली का नोटिस भेजा था उसे मरने को करीब दस साल का समय हो गया है।
अब परिजनों को यह समझ नहीं आ रहा है कि मरने के बाद भी शिक्षिका आखिर कैसे इतनी बड़ी राशि का लेनदेन अपने निजी बैंक खाते से कर सकती है। लिहाजा अचानक बिन बुलाए इस मुसीबत से छुटकारा पाने के लिए पीडि़त पति ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय कि गुहार लगाई है।
यह है पूरा मामला
मृत शिक्षिका के पति, तिलोक चंद सोनी ने शिकायत में बताया कि, उनकी मृत पत्नी उषा सोनी के नाम और पेन कार्ड नंबर पर आयकर विभाग द्वारा नोटिस जारी किया गया था जिसकी सूचना हमे आयकर अधिकारी बैतूल से दिनांक 26 जुलाई 2023 को प्राप्त हुई है, जिसके बाद मैंने मेरी पत्नी का मृत्यु प्रमाण पत्र (मृत्यु दिनांक 16 नवंबर 2013) आयकर कार्यालय में दिनांक 28 जुलाई 2023 को प्रस्तुत किया था।
इसके साथ मैंने एक लिखित आवेदन कर आयकर निर्धारण आदेश दिनांक 26 मार्च 2023 की प्रति पत्र आयकर कार्यालय से दिनांक 28 जुलाई 2023 को प्राप्त की है, जिससे मुझे यह जानकारी प्रदान की है कि आयकर निर्धारण आदेश दिनांक 26 मार्च 2023 के अनुसार, वित्तीय वर्ष के दौरान 2017-18, में 4,54,93,557/- रुपये का वित्तीय लेनदेन (स्क्रैप की खरीद) दर्शाया है और कुल आयकर देयता रु 7,55,69,028/- दर्शाया है।
मृतिका के पति का कहना था कि मेरी पत्नी के नाम और पेन कार्ड नंबर का किसी ने नेचुरल कास्टिंग नाम की कंपनी से स्क्रैप खरीदने के लिए दुरुपयोग किया है, अत: उपरोक्त वित्तीय हस्तांतरण (जो की वित्तीय वर्ष 2017-18 हुआ था जो की मेरी पत्नी (मृत्यु दिनांक 16.11.2013) के नाम और पैन कार्ड नंबर का दुरुपयोग कर हुआ इसके सन्दर्भ में उचित कार्यवाही कर दोषियों का पता कर उनके विरुद्ध कठोर एवं दंडात्मक कार्यवाही कर मुझे न्याय दिलाने की कृपा करे।




