Betul Samachar : एक सप्ताह में महत्वपूर्व जिम्मेदारी से नवाजे गए पूर्व सांसद हेमन्त खंडेलवाल, अब केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की अगुवाई वाली प्रबंधन समिति के सदस्य बनाए गए
Betul Samachar: Former MP Hemant Khandelwal, who was awarded important responsibility in a week, has now been made a member of the management committee headed by Union Minister Narendra Singh Tomar.

सांसद उइके को घोषणा पत्र समिति और पूर्व जिला अध्यक्ष कुशवाह को संयोजक बनाया
Betul Samachar : (बैतूल)। पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल का भाजपा की राजनीति में लगातार कद बढ़ता जा रहा है। चुनावी वर्ष में जिस तरह उन्हें एक के बाद एक जिम्मेदारी दी जा रही है, इससे साफ साबित हो गया है कि वे राजनीति में मझे हुए खिलाड़ी साबित हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही विधानसभा चुनाव के लिए राशि जुटाने वाली महत्वपूर्ण वित्त समिति का सदस्य बनाया था। इसके ठीक चार दिन बाद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा की गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की अगुवाई वाली इस समिति में कुल 21 सदस्य और पांच विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं। अधिकांश सदस्य दिग्गज बताए जा रहे हैं, इनके बीच हेमंत को चुनाव प्रबंधन समिति में सदस्य बनाया जाना काफी मायने रखता है।
वैसे भाजपा की राजनीति में हेमंत खंडेलवाल अपने बेहतरीन मैनेजमेंट और कुशल वक्ता के लिए भोपाल से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में सीनियर नेताओं के बीच जाने जाते हैं। समय-समय पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियोंं से नवाजा जा रहा है। वर्तमान में उनके द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे न्यास के अध्यक्ष पद की बेहद जिम्मेदारी निभाई जा रही है।
यह वही न्यास है, जिसके अध्यक्ष कुछ माह पहले तक खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हुआ करते थे, लेकिन चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री की व्यवस्तता के कारण संगठन ऐसे भाजपा नेता की तलाश में था जो शिद्दत से इसका निर्वहन कर सके। कई दिग्गजों के नाम समिति में सामने आए, लेकिन कुछ समय तक कुशाभाऊ ठाकरे न्यास के सचिव रहे बैतूल के पूर्व सांसद और पूर्व विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम अचानक आगे बढ़ा और इस पर सहमति भी बन गई। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि भाजपा की राजनीति में उनका कद कितना बढ़ा है।
चुनावी वर्ष में वर्किंग मोड पर भाजपा
चुनावी वर्ष में भाजपा ने अलग-अलग समितियों का गठन कर अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। खबर है कि जब से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एमपी चुनाव का मैनेजमेंट अपने हाथों में लेकर ताबड़तोड़ दौरे शुरू किए और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव- अश्विनी वैष्णव को चुनाव प्रभारी-सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई, तब से भाजपा जबरदस्त वर्किंग मोड में आ गई है। इसी वजह अलग-अलग समितियों की घोषणा कर दिग्गजों के नेतृत्व में पूर्व प्रदेश के 52 जिलों की 230 विधानसभा सीटों पर खाका तैयार कर लिया गया है। यही वजह है कि समितियों में महत्वपूर्ण और जिम्मेदार भाजपा नेताओं को नवाज कर शिवराज सरकार को पांचवीं मर्तबा सत्ता में लाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
वित्त के साथ प्रबंधन समिति का भी दायित्व
बैतूल के पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल को वित्त समिति के माध्यम से अन्य सदस्यों के साथ धन संग्रहित करने का जिम्मा सौंपा गया था। पूर्व में वे भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके हैं, उन्हें काफी तजुर्बा भी है, इसलिए पिछले दिनों बनाई गई वित्त समिति में सदस्य बनाया गया।
अब नरेंद्र तोमर की अगुवाई वाली चुनाव प्रबंधन समिति में श्री खंडेलवाल को सदस्य बनाया जाना काफी मायने रखता है, क्योंकि समिति में खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, भाजपा जन जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य समेत कई मंत्री और सांसद शामिल किए गए हैं। इन दिग्गजों के साथ चुनाव प्रबंधन समिति में हेमंत को शामिल करना कही न कही उनके बढ़ते राजनैतिक कद की ओर इशारा कर रहे हैं।
सांसद को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
क्षेत्र के सांसद दुर्गादास उइके को भी प्रदेश संगठन द्वारा घोषणा पत्र समिति में सदस्य बनाया गया है। प्रखर वक्ता और शिक्षाविद होने के कारण प्रदेश भाजपा अध्यक्ष द्वारा शनिवार घोषित की गई घोषणा पत्र समिति में पूर्व मंत्री जयंत मलैया को प्रमुख बनाया गया है। पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रभात झा इस समिति के सभा प्रमुख रहेंगे। अन्य सदस्यों में भाजपा के दिग्गज नेता लाल सिंह आर्य, अजय विश्नोई, ओमप्रकाश धुर्वे, अजय प्रताप सिंह, सुमेर सिंह सोलंकी समेत कुल 19 भाजपा नेताओं को सदस्य बनाया गया है। सांसद को भी इस महत्वपूर्ण समिति में सदस्य बनाया जाना काफी मायने रखता है। श्री उइके के अलावा भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाह को विधानसभा चुनाव के लिए बैतूल जिले का चुनाव संयोजक बनाया गया है।




