Betul News: रेलवे की रफ्तार के आगे नपा की सुस्ती बेनकाब

कॉलेज चौक अधूरा और अंडरब्रिज में 18 दिन, फिर समय दो दिन पहले काम पूरा
Betul News: बैतूल। शहर में विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर अब खुलकर तुलना होने लगी है। एक ओर रेलवे ने गंज अंडरब्रिज पर तीसरी लाइन के निर्माण के दौरान रिकॉर्ड 18 दिनों में वैकल्पिक मार्ग तैयार कर आम जनता को राहत दी। इतना ही नहीं 3 मई को बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू करने का वायदा रेलवे ने दो दिन पहले ही निभाकर दूसरे विभागों के लिए मिसाल कायम की है।
इधर नगरपालिका का कॉलेज चौक सौंदर्यीकरण कार्य साढ़े तीन महीने बाद भी अधूरा पड़ा है। इस अंतर ने नपा की कार्यशैली और सिस्टम की धीमी रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे ने जिस तेजी और तकनीकी दक्षता के साथ काम किया, उसकी हर ओर सराहना हो रही है। अंडरब्रिज बंद होने से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात को सुचारू कर दिया गया। इस काम ने साबित कर दिया कि यदि इच्छाशक्ति हो तो बड़े प्रोजेक्ट भी समय पर पूरे किए जा सकते हैं।
कालेज चौक निर्माण पर सवाल
इसके ठीक विपरीत नगरपालिका का कॉलेज चौक सौंदर्यीकरण कार्य जनता के लिए परेशानी का कारण बन गया है। 11 जनवरी से शुरू हुए इस लगभग 1 करोड़ 10 लाख के प्रोजेक्ट के लिए मुख्य मार्ग को दो महीने के लिए बंद किया गया था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है।
साढ़े तीन माह बाद भी चौक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है, जिससे रोजाना हजारों लोग प्रभावित हो रहे थे। व्यापारी, छात्र और आम नागरिक लगातार असुविधा झेलने के बाद कुछ दिनों पहले ही ठेकेदार ने जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के बाद इस मार्ग को खोला है। आवाजाही फिलहाल शुरू है, लेकिन काम की लेटलतीफी और कछुआ चाल ने नगरपालिका के इंजीनियरों की टीम की भी पोल खोलकर रख दी है।
मानीटरिंग पर उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली और निगरानी की कमी के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि कुछ स्थानों पर सीमेंट कार्य में शुरुआती दरारें और गिट्टी दिखाई देने लगी है। जनता में अब नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोग खुलेआम सवाल कर रहे हैं कि आखिर जिम्मेदारी किसकी है और जवाबदेही कब तय होगी।
नागरिकों ने मांग की है कि कार्य की उच्चस्तरीय जांच हो, ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए और अधूरे कार्य को तुरंत पूरा कराया जाए, ताकि शहर की साख पर सवाल न उठें। हालांकि नपा का तर्क है कि अभी ठेकेदार ने कोर का काम नहीं किया है। इसके लिए सेंपल भी लिए जाएंगे। यदि ठेकेदार यहां कोर करता है तो फिर यातायात अवरूद्ध होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
इनका कहना…
अभी ठेकेदार ने पूरा काम नहीं किया है। कोर करने के बाद सेंपल लिए जाएंगे। इसमें गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। समय सीमा पर काम करने के लिए ठेकेदार को लगातार हिदायत दी जा रही है।
पंकज धुर्वे, सब इंजीनियर नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




