Betul News : बारिश खत्म होने तक सड़कों पर हिचकोले खाते रहेंगे लोग
Betul News: People will keep hitchhiking on the roads till the rain is over

वजह-बारिश में निर्माण कार्य प्रभावित होने के डर से काम शुरू नहीं कर पाए ठेकेदार, नपा सीएमओ का नोटिस भी बेअसर
Betul News : (बैतूल)। शहर में यदि आप बाजार में हो और घर पहुंचने की जल्दी कर रहे हो तो ऐसा कतई न करें। दरअसल बाजार में बारिश के कारण निकल आए गड्ढें जानलेवा भी हो सकते हैं। यदि घर जाने की जल्द भी हो तो हिचकोले खाकर धीरे-धीरे वाहन चलाना ही मुनासिब है, अन्यथा हादसों से दो दो हाथ होना पड़ सकता है। यह बात इसलिए कही जा रही है कि नगरपालिका ने हिचकोले वाली इन सड़कों पर मरम्मत का थेंगड़ा जरूर लगाया है, लेकिन यह नकाफी साबित हो रहा है। सीएमओ ने इन सड़कों की लेटतीफी पर कई बार नोटिस दिए, लेकिन ठेकेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
शहर में नगरपालिका ने पीआईसी की बैठक से प्रस्ताव पारित कर पिछले एक वर्ष में परिषद के अनुमोदन के बाद निर्माण कार्य की बाढ़ ला दी है। जनता के हित में नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ की जोड़ी ने जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के साथ मिलकर बेहतर कार्ययोजना बनाई। पार्षदों की डिमांड पर सड़कें, नालियां, सीसी रोड आदि के लिए टेंडर लग गए।
बारिश के पहले ही अधिकांश वार्डों के निर्माण कार्यों पर मोहर लगने के बावजूद ठेकेदारों की हठधर्मिता और दबंगई पार्षदों के अलावा नगरपालिका के अधिकारियों पर भारी पड़ रही है। हालात यह हो गई है कि पार्षद काम शुरू न होने के कारण पार्षद और सीएमओ को गुहार लगा-लगाकर परेशान हो गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
- Also Read: Maruti Top Selling Car: मारुति की इस धांसू कार के आगे फेल है Creta, कम कीमत में मिल रहे तगड़े फीचर्स
चार नोटिस देने के बाद भी नहीं सुधरे हालात
पिछले छह माह में शहर की एक सैकड़ा से अधिक सड़कों का काम शुरू करने के लिए नगरपालिका दर्जनों ठेकेदारों को बारी-बारी से नोटिस दे चुकी है। इन नोटिस में हर बार चेतावनी दी है कि समय पर काम शुरू न करने पर न सिर्फ ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा, बल्कि टेंडर निरस्त कर दोबार आमंत्रित कर लिए जाएंगे। इसके साथ ही पेनाल्टी भी लगाई जाएगी, लेकिन अफसोस इस बात का है कि ठेकेदारों को नोटिस का कोई असर नहीं हो रहा है।
सूत्र बताते हैं कि अधिकांश ठेकेदार किसी न किसी राजनैतिक पार्टी से जुड़े हैं, इसलिए उनका बाल भी बाका नहीं हो पा रहा है। जैसे ही सीएमओ इन पर कार्रवाई करने की रणनीति बनाते हैं, राजनैतिक दबाव के कारण मामला ठंडा बस्ते में चला जा रहा है। यही वजह है कि नगरपालिका द्वारा दिए जा रहे नोटिसों को ठेकेदार काफी हल्के में ले रहे हैं।
बारिश का बाहना बनाकर काम शुरू नहीं
जानकारी मिली है कि गत दिनों सीएमओ द्वारा ठेकेदारों को अंतिम नोटिस जारी कर कहा था कि नोटिस मिलने के तीन दिन के भीतर यदि काम शुरू नहीं किए गए तो इन ठेकेदारों के विरूद्ध निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में स्पष्ट उल्लेख था कि बारिश में सड़कों पर निकल आए गड्ढों में डस्ट डालने पर दस प्रतिशत राशि की कटौती भी की जाएगी। इसके बावजूद एक सैकड़ा से अधिक निर्माण कार्यों में से महज इक्का दुक्का ठेकेदारों ने ही काम शुरू किए हैं।
सभी बारिश का बाहना बताकर काम शुरू नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि बारिश से मटेरियल तबाह हो जाएगा। इससे फटका उन्हीं को बैठेगा। उनकी यह दलील नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारी आसानी से मान ले रहे हैं। इसलिए डेढ़ सौ कामों में से नोटिस के बावजूद महज पांच प्रतिशत काम ही शुरू हो पाए हैं।
इनका कहना…
कुछ काम शुरू हुए हैं। बारिश के कारण कुछ बाधा आ रही है, फिर भी हम प्रयास कर रहे हैं कि काम जल्द ही शुरू किए जाए।
अक्षत बुंदेला, सीएमओ नपा बैतूल।




