वार्ड परिक्रमा: विधायक के गृह गांधी वार्ड में बाजार और अतिक्रमण की समस्या परेशानी का सबब, एक वर्ष के कार्यकाल में पार्षद नहीं कर पाएं काम
Ward Parikrama: The problem of market and encroachment in MLA's home Gandhi ward is a cause of trouble, councilors could not work in one year's tenure

वार्ड परिक्रमा: (बैतूल)। कोठीबाजार क्षेत्र गांधी वार्ड कांग्रेस विधायक निलय डागा का वार्ड है। इस वार्ड के रहवासी बाजार और अतिक्रमण की समस्या से परेशान है। वार्डवासियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। गांधी वार्ड कोठीबाजार में गुरूवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार सडक़ के किनारे लगने से आवाजाही में परेशानी होती है। कई वर्षो से लोग बाजार के दिनों में लगने वाले जाम से परेशान है। अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है।
गांधी वार्ड में अतिक्रमण की समस्या भी सबसे ज्यादा है। कई लोगों ने अतिक्रमण कर पक्के मकान बना लिए है। चौड़े रास्ते संकीर्ण हो चुके है। गांधी वार्ड के कांग्रेसी पार्षद राजू उर्फ राजकुमार यादव के पिछले एक वर्ष के कार्यकाल को लेकर जनता में नाराजगी है। पार्षद ने पिछले एक वर्ष में ऐसा कोई कार्य नहीं किए जिससे कि वार्ड की जनता को समस्याओं से निजात मिली है। कई जगह नाली, सडक़ की भी समस्या बनी हुई है। कांगे्रसी विधायक और कांग्रेसी पार्षद दोनों मिलकर वार्डो की समस्या को दूर नहीं कर पाए है। जनता से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
नगरपालिका द्वारा किया जा रहा भेदभावपूर्ण रवैया: यादव
गांधी वार्ड के कांग्रेस पार्षद राजू उर्फ राजकुमार यादव ने बताया कि मैं कांग्रेसी पार्षद हूं और नगरपालिका में भाजपा की अध्यक्ष है। कामकाज को लेकर नगरपालिका द्वारा भेदभाव किया जा रहा है। मैंने कई वार्डो की समस्याओं को नगरपालिका में बताया, लेकिन कोई काम नहीं हो पाए। अध्यक्ष नगरपालिका में नहीं आती है। कांग्रेसी पार्षद होने के कारण मेरी समस्या कोई नहीं सुनते। पिछले एक वर्ष से कोई कामकाज नहीं होने के कारण मैं परेशान हूं। नगरपालिका के खिलाफ मैं धरने पर बैठूंगा।
वार्ड में नहीं हुए कोई कामकाज: धोटे
नपा चुनाव में गांधी वार्ड भाजपा प्रत्याशी रह चुके वरूण धोटे ने बताया कि गांधी वार्ड में पिछले एक वर्ष में कोई कामकाज नहीं हुआ है। कांग्रेस पार्षद कुछ दिनों से अस्वस्थ्य चल रहे है, जिसके कारण उनसे मुलाकात भी नहीं हो पाती है। वार्ड में सडक़ और नालियों की समस्या बनी है। मूलभूत सुविधाओं के लिए वार्डवासियों को परेशान होना पड़ रहा है।
क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड में पिछले एक वर्ष में कोई कामकाज नहीं हो पाए है। सडक़ की समस्या बनी हुई है, निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। कई लोगों ने अतिक्रमण किया है, जिसके कारण सडक़ कम चौड़ी हो गई। आवाजाही में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साप्ताहिक बाजार भी व्यवस्थित नहीं लगता, जिससे आवाजाही में परेशानी होती है। नालियों की समस्या बनी है, पक्की नालियों का निर्माण नहीं हो पाया है।
तुलसी मालवीय, वार्डवासी, गांधी वार्ड
अतिक्रमण के कारण 15 से 20 फीट सडक़ सात से आठ फीट की हो गई है। लोगों ने अपनी मर्जी से मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया है। चौपहिया वाहनों की आवाजाही में सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। अतिक्रमण को लेकर कई बार शिकायतें भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। गांधी वार्ड में अतिक्रमण की सबसे ज्यादा समस्या बनी हुई है, जिसका समाधान नहीं हो पाया है।




