Betul Samachar: कांग्रेस प्रत्याशी नपा में कार्यरत, भाजपा की आपत्ति पर नामांकन रद्द होने की संभावना

Betul Samachar: Congress candidate working in NAPA, nomination likely to be canceled on BJP's objection

भाजपा प्रत्याशी ने एसडीएम को की शिकायत, अगर शिकायत सही हुई तो मनोज शर्मा पर लगाना पड़ेगा दांव

Betul Samachar: बैतूल। आगामी 11 सितंबर को होने वाले गांधी वार्ड के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रफुल्ल सोनटके का चुनाव के पहले ही विकेट डाउन होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि प्रफुल्ल सोनटके नगर पालिका परिषद में संविदा के पद पर कार्यरत है। इसी को लेकर गुरुवार भाजपा प्रत्याशी वरुण धोटे ने निर्वाचन अधिकारी राजीव कहार के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाकर प्रफुल्ल सोनटके का नामांकन रद्द किए जाने की मांग की है। हालांकि आपत्ति को लेकर निर्वाचन अधिकारी पहले इसकी जांच कराएंगे और नियमों के विपरीत यदि प्रत्याशी का चुनाव लड़ना पाया जाता है तो ही नामांकन रद्द किया जाएगा।

सोनटके का रद्द हुआ नामांकन तो मनोज होंगे कांग्रेस प्रत्याशी

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि गांधीवार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रफुल्ल सोनटके ने भी अपना नामांकन जमा किया है। भाजपा जिला संगठन ने तो अपने अधिकृत प्रत्याशी के रूप में वरुण धोटे के नाम पर मोहर लगा दी है, लेकिन जिला कांग्रेस ने अभी तक अधिकृत उम्मीदवार को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसको लेकर यह बताया गया था कि मनोज शर्मा या फिर प्रफुल्ल सोनटके दोनों में से कोई एक कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी हो सकता है, लेकिन अब प्रफुल्ल सोनटके की उम्मीदवारी पर भाजपा ने जो पेंच फंसाया है, वह पेंच सही काम कर गया तो प्रफुल्ल की उम्मीदवारी स्वत: ही खत्म हो जाएगी। ऐसे में मनोज शर्मा के कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार होने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।

लाभ के पद पर होने का भुगतना पड़ सकता है खामियाजा

कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रफुल्ल सोनटके की उम्मीदवारी पर भाजपा प्रत्याशी वरुण धोटे ने सवाल खड़े करते हुए निर्वाचन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। गुरुवार उन्होंने मय सबूत अपनी आपत्ति निर्वाचन कार्यालय में दाखिल कर दी है। भाजपा प्रत्याशी वरुण ने बताया कि निर्वाचन के नियम अनुसार प्रफुल्ल सोनटके पार्षद के चुनाव को लड़ने में अयोग्य हैं। सोनटके नगर पालिका परिषद में बतौर सफाई कर्मी संविदा के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

जबकि निर्वाचन के नियम के अनुसार कोई भी व्यक्ति किसी शासकीय संस्था में लाभ के पद पर कार्यरत है तो ऐसा व्यक्ति चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। हमारे द्वारा मय सबूत निर्वाचन कार्यालय में अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई है। साथ ही यह मांग भी की गई है कि प्रकरण की जांच कर प्रफुल्ल सोनटके का नामांकन रद्द किया जाए। यदि ऐसा होता है तो मनोज शर्मा गांधी वार्ड से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी होंगे जहाँ वरुण और मनोज के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। इस मामले को लेकर निर्वाचन अधिकारी राजीव कहार से उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया।

इनका कहना …

भाजपा प्रत्याशी ने आपत्ति दर्ज कराई है। इसका जवाब देने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

हेमंत वागद्रे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बैतूल

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button