Betul Samachar: सुरक्षा व्यवस्था से व्यापारी संतुष्ट, बोले – बेफिक्र होकर किया व्यापार
Betul Samachar: Traders satisfied with the security arrangements, said - did business without any worries

बारिश ने डाला खलल, दो घंटे बाद बाजार में फिर बूम
Betul Samachar: बैतूल। दीपावली पर्व के मद्देनज़र शनिवार को धनतेरस पर्व पर शहर में पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। हालांकि शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक बारिश ने खलल जरुर डाला, लेकिन मौसम के खुलते ही बाजार में अचानक भीड़ बढ़ गई। रात 12 बजे तक बाजारों में ग्राहकी देखी गई। प्रशासन और पुलिस की सक्रियता और लगातार गश्ती के चलते बाजारों में दिनभर सुचारू रूप से व्यापार चलता रहा। सीमेंट रोड, गंज क्षेत्र के मुख्य बाजार, बसस्टैंड क्षेत्र सहित मुख्य बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी, लेकिन व्यवस्था इतनी सुव्यवस्थित थी कि न तो ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी और न ही किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को मिली। खुद व्यापारी वर्ग ने पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की सराहना कर आभार व्यक्त किया है।

सुकून से की खरीददारी, नहीं लगा जाम
त्योहार के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई जगहों पर चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा। सीमेंट रोड, कोठीबाजार , गंज बाजार, कारगिल चौक, चौपाटी क्षेत्र में सिर्फ दोपहिया वाहनों के लिए ही मार्ग खुले रखे गए, जिससे पैदल खरीदारों और दुकानदारों दोनों को सुविधा रही। नगर पालिका, यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस के संयुक्त सहयोग से बाजारों में ट्रैफिक का सुचारू संचालन किया गया।कहीं भी जाम जैसी स्तिथि का नसम नागरिको को सामना नहीं करना पड़ा।
25 से 30 करोड़ रुपए के व्यापार की संभावना
व्यापारी वर्ग ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना की। व्यापारियों का कहना है कि बीते वर्षों में जहां जाम और अव्यवस्था के कारण ग्राहकों को परेशानी होती थी, वहीं इस बार पूरा बाजार सुरक्षित और अनुशासित दिखाई दिया। दुकानदारों ने बताया कि चौक-चौराहों पर पुलिस बल की मौजूदगी से सुरक्षा का भरोसा बना रहा, जिससे ग्राहक निश्चिंत होकर खरीदारी करते रहे। बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो मोबाइल, ज्वेलर्स, बर्तन, कपड़े, जूते चप्पल, पूजन सामग्रियों सहित लगभग 25 से 30 करोड़ रुपयों का व्यापार किए जाने की संभावना व्यापरियों ने व्यक्त की है।
इधर प्रशासन ने पटाखा बिक्री और सड़क किनारे अस्थायी दुकानों के लिए भी अलग-अलग जोन निर्धारित किए, एसडीएम , एसडीओपी सहित पुलिस प्रशासन पूरे समय बाजार में निगरानी करते नजर आ रहे थे। एसडीओपी सुनील लाटा के नेतृत्व में कोतवाली और गंज थाना प्रभारी सहित पूरा स्टाफ दिनभर गश्त पर रहे और भीड़भाड़ वाले स्थानों की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए गए थे, जिनके चलते कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी। रात तक बाजारों में रौनक बनी रही। व्यापारी संगठनों ने प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि यदि इसी तरह की व्यवस्था आगे भी जारी रही, तो त्योहारी सीजन में शहर का व्यापार और अधिक फल-फूल सकेगा। इस बार पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से शांतिपूर्ण दीपावली का सपना साकार होता दिखा।




