Ward Parikrama: राजेन्द्र वार्ड में सड़क, नाली का अभाव, गंदगी का अंबार

अभी भी बनी है पानी की समस्या, चार दिन बाद पानी की होती है सप्लाई

Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 29 (राजेंद्र वार्ड) में मूलभूत सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क, नाली, साफ-सफाई और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे वार्डवासियों ने जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। सांझवीर टाईम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान लोगों ने वार्ड की बदहाल स्थिति और लंबे समय से अनसुलझी समस्याओं को सामने रखा।

वार्डवासियों का कहना है कि अधिकांश गलियों में आज तक पक्की नालियों का निर्माण नहीं हो सका है। नालियां नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे राहगीरों को परेशानी होती है। जहां नालियां बनी भी हैं, वहां नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित रहती है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

सड़कों की स्थिति भी बदहाल बनी हुई है। कई गलियां उखड़ चुकी हैं और जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

पेयजल संकट भी वार्ड की प्रमुख समस्या बना हुआ है। वार्डवासियों के अनुसार चार-चार दिन बाद पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों को पानी का संग्रह कर काम चलाना पड़ता है। कई परिवारों को निजी स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।

साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं और नियमित सफाई नहीं होने से बदबू व गंदगी का माहौल बना रहता है। रहवासियों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंचते और शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

वार्ड पार्षद अर्चना गोविंद साहू ने भी स्वीकार किया कि वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके हैं। उनका कहना है कि विपक्षी दल की पार्षद होने के कारण बजट आवंटन में भेदभाव किया जा रहा है, जिससे कई जरूरी विकास कार्य लंबित पड़े हैं। वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क, नाली, पेयजल और सफाई व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की है।

क्या कहते है वार्डवासी

वार्ड के भीतर साफ-सफाई का अभाव है। सफाई कर्मचारी सफाई के लिए नहीं आते। नालियां भी चोक हो गई है। वार्ड पार्षद को समस्या बताते, लेकिन उसका कोई समाधान नहीं होता है। वर्षो से वार्डो में समस्या बनी हुई है।

शाईस्ता खान, वार्डवासी

वार्ड के भीतर समस्या बनी हुई है। सबसे बड़ी समस्या पानी की है। चार-चार-पांच-पांच दिनों तक पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। पूरी गर्मी में पानी की समस्या बनी थी। आज बारिश के समय में भी समस्या जस की तस है। वार्ड पार्षद से शिकायत करने पर समस्या नहीं सुनी जाती है।

कमला राठौर, वार्डवासी

वार्ड में सड़क, नाली की समस्या बनी है। बारिश के समय दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नालियों की सफाई के लिए कोई कर्मचारी नहीं आते। महीनों से साफ-सफाई नहीं होती। इसके अलावा ओर भी समस्या बनी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता।

नूरी अली, वार्डवासी

वार्ड में गंदगी का अंबार है, गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। जगह-जगह कचरा होने के कारण मच्छर पनपते है। पार्षद से शिकायत करने के बावजूद भी सफाई कर्मचारी नहीं आते है। इसके अलावा पानी की भी समस्या बनी है।

जानकी माहोरे, वार्डवासी

बजट के अभाव में नहीं कर पाए काम: पार्षद

मैं कांग्रेसी पार्षद हूं इसलिए नगरपालिका बजट के लिए भेदभाव कर रही है। बजट नहीं मिलने से वार्ड के भीतर कोई कामकाज नहीं कर पाए। नगरपालिका भाजपा पार्षदों को 50-50 लाख का बजट दे रही है और कांग्रेसी पार्षद को 15 लाख दिए जा रहे है। वार्ड के भीतर सड़क, नाली, बिजली की जो समस्या है उसे पूरा नहीं कर सके। नगरपालिका से बजट मिलता तो अच्छे से काम कर पाते। नगरपालिका भेदभाव की राजनीति कर रही है।

अर्चना गोविंद साहू, पार्षद, राजेन्द्र वार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button