Betul News: खबर का असर: आटो चालकों ने अधिक किराया मांगा तो होगी सीधे कार्रवाई
Betul News: If auto drivers ask for more fare, direct action will be taken

दिव्यांग बालक का मामला सामने आने के बाद एसपी सख्त, आटो का नंबर पुलिस को देने पर होगा एक्शन
Betul News: बैतूल। शहर के दिव्यांग बालक के साथ मानवता को ताक पर रखकर स्टेशन के ऑटो चालकों द्वारा मानवता को तार-तार करने वाली घटना पर एसपी निश्चल एन झारिया सख्त हो गए हैं। उन्होंने सांझवीर टाईम्स के गतांक में दिव्यांग बालक के साथ आटो चालकों के कृत्य को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस को आटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश के बाद यातायात पुलिस भी सख्त हो गई है। इसी के साथ अब नई किराया सूची लगाने की कवायद भी तेज हो गई है।
हालांकि आटो चालकों की मनमानी से निपटने के लिए अब लोगों को भी जागरूकता का परिचय देना होगा। दिव्यांग बालक का मामला सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने बीती रात से ही नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब यात्रियों को अपने गतंव्य स्थान पर पहुंचने के एवज में आटो चालक अधिक राशि की मांग करता है तो आटो का रजिस्ट्रेशन नंबर और वीडियो रिकार्डिंग बनाए तो कार्रवाई तय की जाएगी। यात्रियों की शिकायत मिलते ही संबंधित आटो चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि मंगलवार ऑटो चालकों की किराए की डिमांड पूरी नहीं करने पर हाथ और पैरों से दिव्यांग एक नाबालिग बालक को रात के अंधेरे में रेलवे स्टेशन से कोठी बाजार तक पैदल ही सफर तय करना पड़ा था।
व्यवस्था बनाने देना होगा जागरूकता का परिचय
सांझवीर टाईम्स में दिव्यांग के पैदल जाने का पूरा मामला गतांक में प्रकाशित होने पर एसपी निश्चल एन झारिया ने गम्भीरता से लिया है। यातायात प्रभारी गजेंद्र केन का कहना है कि एसपी साहब के निर्देश पर अब रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों की मनमानी को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है।
आम लोगों से अपील की जा रही है कि रात्रि में यदि कोई ऑटो चालक तय किराए से ज्यादा किराए की मांग करता है तो यात्री सबसे पहले उस ऑटो का रजिस्ट्रेशन नम्बर नोट करें, सबूत के तौर पर उसका वीडियो भी बनाया जा सकता है। जैसे ही इसकी शिकायत प्राप्त होती है, यातायात पुलिस संबंधित आटो चालक के खिलाफ तत्काल एक्शन लेगी। यातायात पुलिस को सांझवीर टाईम्स का यह सुझाव है कि स्टेशन पर गंतव्य स्थानों तक तय किराए की सूची लगाकर जागरूकता संबंधी बोर्ड भी लगाएं, ताकि यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाने वाले आटो चालकों पर नकेल कसी जा सके।
जितना आटो किराया उतने में बैतूल से नागपुर का सफर
बैतूल में जिस तरह से आटो चालकों ने लूट मचाकर रखी है। इससे आम लोग बेहद परेशान है। जितने किराए में व्यक्ति बैतूल से नागपुर जा सकता है उतना किराया बैतूल में आटो चालक यात्रियों से वसूलते हैं। लंबे समय से लोग आटो चालकों की मनमानी से प्रताड़ित है। खासकर रात के समय तो आटो चालकों की मनमानी चरम पर होती है। दरअसल बैतूल से नागपुर और राजधानी भोपाल की दूरी लगभग 190 किमी है।
एक्सप्रेस मेल ट्रेनों में इस 190 किमी का सफर यात्री महज 90 से 100 रुपए में तय कर लेते हैं, लेकिन जब यही यात्री बैतूल रेलवे स्टेशन के आटो स्टैंड पर पहुंचते हैं तो उन्हें 4 से 5 किमी का सफर तय करने के लिए इनता ही किराया देना पड़ता है। शहर के सदर , टिकारी, कोठीबाजार, कलापाठा, हमलापुर, विनोबा नगर, चक्कर रोड सहित अन्य क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों से 150 से 300 रुपए तक किराया आटो चालक वसूलते हैं।
इनका कहना….
ऑटो चालकों की मनमानी रोकने यह तय किया है कि रेल यात्री आटो का नम्बर नोट कर सबूत के तौर पर वीडियो बनाए और शिकायत करें, पुलिस त्वरित कार्यवाही करेगी।
– गजेंद्र केन, यातायात प्रभारी, बैतूल





